प्राचार्या ने मजिस्ट्रेट से कहा- लेटर दिखाएं, किसकीजांच करने आए हैं

महिला इंटर व डिग्री कालेज के बीच उत्पन्न विवाद के बाद दोनों कालेजों की अनुदान राशि बंद है। इंटर कालेज की मान्यता पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं..

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 09:00 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 09:00 AM (IST)
प्राचार्या ने मजिस्ट्रेट से कहा- लेटर दिखाएं, किसकीजांच करने आए हैं
प्राचार्या ने मजिस्ट्रेट से कहा- लेटर दिखाएं, किसकीजांच करने आए हैं

संस, घाटशिला : महिला इंटर व डिग्री कालेज के बीच उत्पन्न विवाद के बाद दोनों कालेजों की अनुदान राशि बंद है। इंटर कालेज की मान्यता पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। दोनों कालेज की समस्या के समाधान के लिए कई बैठकें हो चुकी हैं, फिर भी कोई समाधान नहीं हुआ। इस बीच महाविद्यालय के डिग्री संकाय के शिक्षक व कर्मचारी धरना पर बैठ गए। गुरुवार को कार्यपालक दंडाधिकारी जयप्रकाश करमाली जांच के लिए महिला इंटर कालेज पहुंचे। उन्होंने कई बिंदुओं पर महिला इंटर कालेज की जानकारी ली। प्राचार्या नियति दे विलंब से महाविद्यालय पहुंची तो उनसे पूछा गया कि विलंब से कालेज क्यों आईं। प्राचार्या ने जवाब दिया कि उनके परिवार में सदस्य बीमार हैं, इस कारण उन्हें कालेज पहुंचने में विलंब हुआ। उन्होंने इसकी सूचना पूर्व में इंटर के सचिव को दे दी थी। इसके बाद उन्होंने इंटर के अन्य शिक्षकों की जानकारी ली। इस क्रम में जानकारी मिली कि कालेज के शिक्षक अनुपस्थित हैं। ऑनलाइन क्लासेस के लिए भी उपस्थित नहीं हैं। हालांकि प्राचार्या ने यह बताया कि कालेज के शिक्षक अपने-अपने घरों से ऑनलाइन क्लासेस ले रहे हैं। मजिस्ट्रेट ने कहा कि शिक्षक 12 बजे आ रहे हैं। शिक्षा के प्रति यह लापरवाही है। प्राचार्या ने कहा कि जैक सदस्य की ओर से इंटर की मान्यता रद करने की अनुशंसा की गई है। यह सुनते ही कार्यपालक दंडाधिकारी ने कहा कि आप सभी कागजात दिखाएं। मजिस्ट्रेट के इस सवाल पर प्राचार्या नियति दे ने कहा कि आप इंटर कालेज की जांच करने नहीं आए हैं। पहले लेटर दिखाइए कि आप किस विषय को लेकर कालेज में जांच करने आए हैं, अन्यथा आपको कोई पेपर नहीं दिखाया जाएगा। प्राचार्या के इस जवाब पर कार्यपालक दंडाधिकारी जयप्रकाश करमाली ने कहा कि मैं मजिस्ट्रेट हूं, जांच के लिए आ सकता हूं। इस कार्य के लिए मुझे लेटर दिखाने की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद प्राचार्या ने मजिस्ट्रेट को सभी कागजात उपलब्ध कराए। आश्वासन के बाद शिक्षकों व कर्मियों की हड़ताल समाप्त : घाटशिला के बलदेवदास संतलाल महिला डिग्री कालेज के शिक्षक व कर्मचारियों का हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन कार्यपालक दंडाधिकारी जयप्रकाश करमाली व अंचल अधिकारी राजीव कुमार की पहल पर समाप्त हुआ। उन्होंने कालेज के शिक्षकों व कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि सप्ताह से 15 दिनों के अंदर उनकी मांगों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि निर्धारित समयावधि तक महाविद्यालय के कार्य प्रभावित न हों। इस कार्य के लिए अनुमंडल पदाधिकारी से वरिष्ठ शिक्षक को प्रभार देने की अनुशंसा की जाएगी। इससे पूर्व विधायक रामदास सोरेन ने दूरभाष पर शिक्षकों व कर्मचारियों से बात कर कार्यपालक दंडाधिकारी को निर्देश दिया कि शिक्षकों की समस्या का समाधान किया जाए। विधायक ने शिक्षकों से धरना समाप्त करने की बात भी कही। इधर, धरना के समर्थन में दूसरे दिन भी झामुमो के केंद्रीय सदस्य महावीर मुर्मू महाविद्यालय पहुंचे और कार्यपालक दंडाधिकारी से बात कर शिक्षकों की समस्या का अविलंब समाधान करने की मांग की। महिला डिग्री कॉलेज के शिक्षक व कर्मचारी प्रभारी प्राचार्या डा. पुष्कर बाला को पद से हटाने, सचिव का हस्तक्षेप बंद करने, नई शासी निकाय का गठन करने, वरिष्ठ शिक्षक को प्रभार देने, आर्थिक समस्याओं का निराकरण करने, वार्षिक अनुदान पर लगी रोक को हटाने की मांग की। मौके पर एसके पति, सुभाष सिंह, पुष्पा गुप्ता, रूमा सीट, एके घोष, कुंदन कुमार, शेखर मल्लिक, जीतेन डे, रतन डे, विपुल पाल, गौतम दत्ता उपस्थित थे। मजिस्ट्रेट ने सभी शिक्षकों से ली जानकारी : कार्यपालक दंडाधिकारी जयप्रकाश करमाली ने बीडीएसएल महिला कालेज में उत्पन्न विवाद मामले की जांच की। उन्होंने हड़ताल पर बैठे शिक्षकों से एक-एक कर जानकारी ली। सभी ने कार्यपालक दंडाधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखा। कार्यपालक दंडाधिकारी ने सभी के बातों को सूचीबद्ध किया। इस मामले में कार्यपालक दंडाधिकारी की ओर से प्रभारी प्राचार्या का भी पक्ष लिया जाएगा। गुरुवार को महिला डिग्री कालेज की प्रभारी प्राचार्या डा. पुष्कर बाला महाविद्यालय में उपस्थित नहीं थीं। इस कारण दंडाधिकारी उनसे संबंधित विषय पर किसी प्रकार की जानकारी नहीं ले सके।

chat bot
आपका साथी