Jharkhand News: जमशेदपुर के अनाथों के बीच खुशियां बांट खास बना रहे अमेरिका एवं ऑस्ट्रेलिया के लोग

Roti bank Jamshedpur झारखंड के जमशेदपुर में नई चलन की शुरुआत हुयी है। अब जरूरतमंदों के बीच जन्मदिन व शादी का उत्सव मन रहा। देश ही नहीं विदेशों से भी इसे समर्थन मिल रहा है। मनोज मिश्रा हरि सिंह व पारसनाथ मिश्रा मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 02:19 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 03:57 PM (IST)
Jharkhand News: जमशेदपुर के अनाथों के बीच खुशियां बांट खास बना रहे अमेरिका एवं ऑस्ट्रेलिया के लोग
मैं चला था अकेला और कारवां बनता गया।

अमित तिवारी, जमशेदपुर । मैं चला था अकेला और कारवां बनता गया। आज देश ही नहीं विदेश से भी लोग इस मुहिम को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। 15 जनवरी 2015 को साकची गोलचक्कर से मनोज मिश्रा ने जब रोटी बैंक की शुरुआत की थी तब उन्होंने सोचा भी नहीं था कि इतनी बड़ी कामयाबी मिलेगी। लेकिन, अब गरीबों, अनाथों व फुटपाथ पर रहनेवालों के साथ लोग जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ व अन्य उत्सव मनाकर इस दिन को खास बना रहे हैं, जो पहले घर या फिर दोस्तों के साथ मनाया करते थे। लेकिन, अब जरूरतमंदों के बीच यह खुशियां बांटी जा रही है।

जमशेदपुर में हाल के दिनों में यह चलन तेजी से बढ़ा है। वंचितों के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से शहर के तीन समाजसेवी लोगों से आग्रह कर इस प्रवृत्ति को बढ़ावा देने में जुटे हैं। इनमें एक मनोज मिश्रा हैं, जो छह साल से प्रतिदिन गरीबों व भिखारियों को भोजन उपलब्ध कराते हैं। रोज वह 500 से अधिक लोगों को भोजन कराते हैं। इनके अलावा टाटा स्टील में कार्यरत हरि सिंह भी जरूरतमंदों को खाना खिलाते हैं। इसी तरह आर्का जैन यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर पारसनाथ मिश्रा हर शनिवार को टाटा नगर स्टेशन के बाहर फुटपाथ पर रहने वालों को भोजन कराते हैं। ये तीनों लोगों को इस बात के लिए प्रेरित करते हैं कि लोग गरीबों व जरूरतमंदों के साथ उत्सव मनाकर खुशियां बांटें। इन्हें शहरवासियों का भरपूर सहयोग व समर्थन भी मिल रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के विश्वनाथ राजन ने मां व बेटी का मनाया जन्मदिन

ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले विश्वनाथ राजन बीते सोमवार बेटी स्मृति की जन्मदिन जमशेदपुर में गरीबों के बीच मनाई। इससे पूर्व 30 अप्रैल को अपनी मां श्यामला राजन की जन्मदिन मनाया था। विश्वनाथ के दोस्त भारती श्रीवास्तव व राकेश श्रीवास्तव पुरुलिया रोड स्थित माधवबाग कालोनी में रहते हैं। इन्हीं के माध्यम से विश्वनाथ रोटी बैंक के इस मुहिम से जुड़े।

अमेरिका के अंजनी ने जमशेदपुर में मनाई शादी की सालगिरह

अमेरिका में रहने वाले अंजनी श्रीवास्तव व अनिता श्रीवास्तव अपनी शादी की सालगिरह जमशेदपुर के फुटपाथ पर रहने वाले व गरीबों के बीच मनाई। 16 जुलाई को उनका सालगिरह था। इस मौके पर लजीज व्यंजन बनाकर जरूरतमंदों को खिलाया गया। अंजनी के परिवार के सदस्य रंजन श्रीवास्तव सोनारी में रहते हैं। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अंजनी श्रीवास्तव को इस मुहिम की जानकारी मिली जो उन्हें प्रेरित कर गई।

chat bot
आपका साथी