पूर्वी सिंहभूम की युवती को लगी अजीब बीमारी, सिर में कीड़ा व आंख में सूजन देखकर डॉक्टर भी हैरान

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ के रघुनाथडीह गांव में एक युवती में अजीब सी बीमारी पाई गई है। युवती के सिर में कीड़ा होने के साथ-साथ उसके आंख में सूजन भी हो रहा है। धीरे-धीरे उसकी आंखें फूलती जा रही है और उसे दिखाई भी कम दे रहा है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 12:49 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 12:49 PM (IST)
पूर्वी सिंहभूम की युवती को लगी अजीब बीमारी, सिर में कीड़ा व आंख में सूजन देखकर डॉक्टर भी हैरान
युवती को फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झरखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित रघुनाथडीह गांव में एक युवती में अजीब सी बीमारी पाई गई है। युवती के सिर में कीड़ा होने के साथ-साथ उसके आंख में सूजन भी हो रहा है। धीरे-धीरे उसकी आंखें फूलती जा रही है और उसे दिखाई भी कम दे रहा है। इसकी जानकारी समाजसेवी सुजन मुन्ना को हुई तो उन्होंने झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, डीसी सूरज कुमार व पूर्व विधायक कुणाल षाड़गी को ट्वीट किया।

इसके बाद डीसी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल को दिशा-निर्देश जारी किया। प्रभारी सिविल सर्जन ने बिना देर किए हुए उसके घर एंबुलेंस भेज दिया और उसे परसुडीह स्थित सदर अस्पताल बुला लिया। इसके बाद सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल के चिकित्सकों को निर्देश दिया है कि इस बच्ची की बेहतर चिकित्सा किया जाए ताकि वह जल्द स्वस्थ हो जाए। युवती की चिकित्सा शुरू हो गई है। कई तरह की जांच भी की जा रही है।

घाव की वजह से पड़ गया है कीड़ा

युवती के सिर में एक घाव (जख्म) हो गया है। उसका इलाज नहीं होने की वजह से घाव बढ़ता गया और उसमें कीड़ा लग गया। अब जांच की जा रही है कि यह कीड़ा ने कितना नुकसान किया है। क्योंकि सिर काफी नाजुक अंग होता है। इसके साथ ही युवती की आंख से दिखाई भी कम दे रहा है। इसे देखते हुए नेत्र रोग विशेषज्ञ को भी विशेष दिशा-निर्देश दिया गया है। ताकि युवती के इलाज में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो।

ये कहते डाॅक्टर

युवती को फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके इलाज में कोई दिक्कत नहीं हो, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इसे लेकर चिकित्सकों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किया गया है। अगर यहां इलाज संभव नहीं होगा तो उसे एमजीएम या फिर रांची रिम्स रेफर किया जाएगा।

- डॉ. साहिर पाल, प्रभारी सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम।

chat bot
आपका साथी