पांच साल में एक अदद सड़क नहीं बना पाए मुखिया

झारखंड में बहुप्रतीक्षित पंचायत चुनाव की डुगडुगी बज चुकी है। आगामी दिसंबर महीने में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान होना है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 07:00 AM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 07:00 AM (IST)
पांच साल में एक अदद सड़क नहीं बना पाए मुखिया
पांच साल में एक अदद सड़क नहीं बना पाए मुखिया

पंकज मिश्रा, चाकुलिया : झारखंड में बहुप्रतीक्षित पंचायत चुनाव की डुगडुगी बज चुकी है। आगामी दिसंबर महीने में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान होना है। इसके साथ ही ग्रामीण इलाके के मतदाताओं में पंचायत चुनाव को लेकर सुगबुगाहट तेज होने लगी है। पंचायत चुनाव में सबसे अधिक नजर मुखिया पद पर रहती है। लिहाजा लोग इस बात पर भी जमकर चर्चा कर रहे हैं कि वर्तमान मुखिया ने पिछले 5 सालों में क्या किया और क्या नहीं किया। चाकुलिया प्रखंड के लोधासोली पंचायत की बात करें तो यहां रिदानाथ मुर्मू पिछली बार मुखिया निर्वाचित हुए थे। उससे पहले उनकी पत्नी सालगे मुर्मू मुखिया थीं। यह सीट एक बार फिर महिलाओं के लिए आरक्षित कर दी गई है जिससे रिदानाथ इस बार खुद तो चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। लेकिन अतीत दोहराते हुए वह एक बार फिर अपनी पत्नी सालगे मुर्मू को मुखिया बनाने की कवायद में जुट गए हैं। मुखिया के तौर पर रिदा नाथ मुर्मू ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए सरकारी योजनाओं को अपने पंचायत में धरातल पर उतारने का प्रयास किया। पेयजल के लिए सोलर जलमीनार, रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट, आवागमन के लिए पीसीसी सड़क, जल निकासी के लिए नाली, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा उज्ज्वला गैस जैसी योजनाओं का लाभ पंचायत के लोगों को मिला है। सोना सबरन धोती साड़ी योजना के तहत उन लोगों को ही लाभ मिल रहा है जिनका राशन कार्ड मार्च 2021 से पूर्व बना है। हालांकि लोधाशोली पंचायत के देवशोल गांव के लोगों का सड़क का सपना 5 साल में भी पूरा नहीं हो पाया। इस गांव के लोग अभी भी झाड़ी झुरमुट एवं पगडंडी से गुजरते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचते हैं। ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए अपनी जमीन देने को भी तैयार हैं पर सड़क नहीं बन पाई है। चाह कर भी नहीं बनवा पाया सड़क : मुखिया रिदा नाथ मुर्मू ने कहा कि चाह कर भी वे 5 साल में देवशोल गांव के लिए सड़क नहीं बनवा पाए। हालांकि उन्होंने इसके लिए कोशिश जरूर की। दरअसल मनरेगा के तहत मिट्टी मुरूम सड़क के निर्माण पर सरकार ने रोक लगा दी है। 14वें वित्त आयोग के तहत पंचायत को जो राशि मिली थी उसमें सड़क के लिए अधिकतम ढाई लाख रुपये ही खर्च करने का प्रावधान था इतनी कम राशि में देवशोल के लिए सड़क नहीं बन पाती। मुखिया ने बताया कि उन्होंने अपने पंचायत में एक दर्जन से अधिक सोलर जलमीनार बनवाया, जिनमें लोधासोली में तीन, खाड़बांधा में दो, कोलबदिया में एक, राजबांध में एक, कलसीमूंग में एक, सिदूरगौरी में एक, अमलागोड़ा में एक व नीमडीह में एक शामिल है। इसके अलावा पूरे पंचायत में स्ट्रीट लाइट, कई पीसीसी सड़क, नाली आदि का निर्माण कर विकास का मार्ग प्रशस्त किया। एक मुखिया के तौर पर रिदा नाथ मुर्मू ने अच्छा काम किया है। पंचायत निधि से गांव में कई प्रकार के विकास के कारण हुए हैं। सोलर जलमीनार बनने से पानी की सुविधा मिल रही है।

- प्रशांत गोप, लोधासोली। मुखिया ने हमारे गांव कोटोसमारा में भी ठीक-ठाक काम किया है। सबसे अच्छी बात यह है कि वे सर्व सुलभ है। जब भी जरूरत पड़ती है तो मदद करने को तैयार रहते हैं।

- सूरज गोप, कटासमारा। मुखिया रिदा नाथ मुर्मू का 5 साल का कार्यकाल संतोषप्रद रहा है। उन्होंने काम कितना किया यह अलग बात है लेकिन जनता के प्रति उनका व्यवहार तथा मददगार रहना उनकी लोकप्रियता को बढ़ाता है।

- आशीष गोप, पाचमाइल। मुखिया रिदानाथ मुर्मू अपने साथ खाता कलम एवं मोहर लेकर घूमते हैं। जहां भी लोग आवेदन लेकर मिलते है वही तत्काल अनुशंसा कर देते हैं। उनका सहज व्यवहार एवं कार्यशैली ही उन्हें ग्रामीणों में लोकप्रिय बनाता है-

-दिनेश गोप, लोधासोली।

chat bot
आपका साथी