Tata Steel : टाटा स्टील की इस कंपनी के कर्मचारियों को मिला न्यू ईयर गिफ्ट, 2018 से लंबित है वेतन समझौता

Tata Steel टाटा स्टील की सब्सिडियरी कंपनी जुस्को ( टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड) के कर्मचारियों को न्यू ईयर गिफ्ट मिलने वाला है। जल्द ही कर्मचारियों के खाते में अंतरिम राशि भेजी जा रही है। 2018 से यहां वेतन समझौता नहीं हुआ है...

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 03:15 PM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 03:15 PM (IST)
Tata Steel : टाटा स्टील की इस कंपनी के कर्मचारियों को मिला न्यू ईयर गिफ्ट, 2018 से लंबित है वेतन समझौता
Tata Steel : टाटा स्टील की इस कंपनी के कर्मचारियों को मिला न्यू ईयर गिफ्ट

जासं, जमशेदपुर : टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) के कर्मचारियों को कंपनी प्रबंधन अंतरिम (एडहॉक) भेज रही है। कंपनी में लगभग 800 कर्मचारी हैं जिनका वेतन समझौता जनवरी 2018 से लंबित है। उम्मीद है कि प्रबंधन सोमवार तक सभी कर्मचारियों के बैंक खाते में अंतरिम राशि भेज देगी।

हाईकोर्ट में लंबित है मामला

टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई, टाटा स्टील यूएसआइएल की मान्यता प्राप्त जुस्को श्रमिक यूनियन के चुनाव का मामला हाईकोर्ट में लंबित है। ऐसे में कर्मचारियों के वेतन समझौते पर प्रबंधन और यूनियन नेतृत्व के बीच वेतन समझौते पर वार्ता नहीं हो पा रही थी। जिसके कारण कर्मचारियों का वेतन समझौता 36 माह से लंबित है।

यूनियन नेताओं पर बढ़ रहा था दबाव

वहीं, कर्मचारी भी बढ़ती महंगाई को लेकर लगातार यूनियन नेताओं पर दबाव बनाए हुए थे। जिसके बाद कंपनी प्रबंधन कर्मचारियों को उनके बेसिक व डीए के आधार पर अंतरिम राशि भेज रही है जिसे भविष्य में होने वाले वेतन समझौता के एरियर से एडजस्ट किया जाएगा।

अंतरिम राशि से क्या होगा फायदा

इसके दो फायदें होंगे, पहला कर्मचारियों को एक साथ वेतन समझौता व एरियर का पैसा मिलने से टैक्स स्लैब में ज्यादा कटौती न होगी और दूसरे, कंपनी प्रबंधन पर भी एक साथ पूरा एरियर देने का ज्यादा वित्तीय दबाव भी नहीं पड़ेगा। जुस्को प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आदेश फाइनांस डिपार्टमेंट को भेज दी गई है।

एमडी ने कर्मचारियों के नाम जारी किया पत्र

जुस्को एमडी तरूण डागा ने मंगलवार को कर्मचारियों के नाम एक पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रबंधन को वेतन समझौता करने में खुशी होगी। लेकिन वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए यह संभव नहीं है। कर्मचारियों का ग्रेड एक जनवरी 2018 से लंबित है। ऐसे में हम कर्मचारियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अंतरिम राहत देने का निर्णय लिया है। जिसे वेतन समझौते के बकाया राशि से समायोजित किया जाएगा। साथ ही वेतन समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

कर्मचारियों के हित में फैसला स्वागतयोगय

कर्मचारी नेता गोपाल जायसवाल, मनीष दुबे, गोविंद झा, उमेश राय, अशोक कुमार, रिपू भगत व फिरोज अली खान ने कंपनी प्रबंधन द्वारा एडहॉक राशि भेजने को लेकर आभार व्यक्त किया है।

chat bot
आपका साथी