बिहार के पूर्व मंत्री जावेद इकबाल के भतीजे ने मानगो में की खुदकुशी

बिहार के पूर्व मंत्री व जमशेदपुर वर्कर्स कालेज के प्रोफेसर जावेद इकबाल अंसारी के भतीजे सकलैन इकबाल ने खुदकुशी कर ली है। जमशेदपुर के मानगो स्थित पोस्ट आफिस रोड में रविवार देर शाम घर में फांसी लगा ली।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 09:00 AM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 09:00 AM (IST)
बिहार के पूर्व मंत्री  जावेद इकबाल के भतीजे ने मानगो में की खुदकुशी
बिहार के पूर्व मंत्री जावेद इकबाल के भतीजे ने मानगो में की खुदकुशी

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बिहार के पूर्व मंत्री व जमशेदपुर वर्कर्स कालेज के प्रोफेसर जावेद इकबाल अंसारी के भतीजे सकलैन इकबाल ने खुदकुशी कर ली है। जमशेदपुर के मानगो स्थित पोस्ट आफिस रोड में रविवार देर शाम घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन उसे टाटा मुख्य अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक होटल प्रबंधन की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल का छात्र रह चुका है।

जावेद इंकबाल अंसारी के भाई शाहिद इकबाल अंसारी का परिवार मानगो के पोस्ट आफिस रोड स्थित मुंशी मोहल्ला में रहता है। पूर्व मंत्री का आवास मानगो के आजादनगर मल्लिक कालोनी में है। घटना के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी ने नहीं सोचा था कि मामूली विवाद में बेटा ऐसा कदम उठा लेगा। शव को अस्पताल के शीतगृह में रख दिया गया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। जानकारी मिलने पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी शाहिद इकबाल के घर पहुंचे। स्वजनों से मिलकर शोक प्रकट किया। शाहिद इकबाल अंसारी ने बताया सकलैन इकबाल दोस्तों से मिलने के बाद घर पहुंचा। खाना मांगा। बहनों ने खाना दिया। मछली सही ढंग से नहीं बनाने को लेकर कुछ विवाद हो गया, जो आमतौर पर होता है। इसके बाद गुस्से में आकर सकलैन अपने कमरे में चला गया। सभी ने सोचा कि कमरे में कुछ कर रहा होगा। आधे घंटे बाद भी जब वह नहीं निकला तो दरवाजा खटखटाया गया। कोई आवाज नहीं आई तो सभी परेशान हो गए। किसी तरह पड़ोसियों की मदद से दरवाजा को जोर से धक्का दिया गया, तो दरवाजा खुल गया। देखा कि वह फंदे से लटका हुआ है। तत्काल उसे टीएमएच ले जाया गया। इधर, घटना की जानकारी पर रिश्तेदारों और परिचितों का पोस्ट आफिस रोड स्थित आवास पर तांता लग गया। सकलैन दो बहन में छोटा था।

गौरतलब है कि जावेद इकबाल अंसारी बिहार के बांका में राष्ट्रीय जनता दल से चुनाव लड़ते रहे हैं। लालू यादव की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। मानगो इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि खुदकुशी के कारण को लेकर स्वजनों से पूछताछ नहीं हो पाई है।

chat bot
आपका साथी