JEE MAIN : जमशेदपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक दंपति का बेटा बना कोल्हान टॉपर, कहा- दो बार होनी चाहिए जेईई मेन की परीक्षा

जेईई मेन के ओवरऑल परीक्षा परिणाम के अनुसार बारीडीह के चिकित्सक दंपती डा. राजेश और डा. रश्मि सिंह का बेटा आयुष सिंह कोल्हान टॉपर बनें है। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को दिया है। उसे अखिल भारतीय स्तर पर 313वीं रैंकिंग प्राप्त हुई है।

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 09:05 AM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 09:05 AM (IST)
JEE MAIN : जमशेदपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक दंपति का बेटा बना कोल्हान टॉपर, कहा- दो बार होनी चाहिए जेईई मेन की परीक्षा
बारीडीह स्थित अपने आवास में माता-पिता के साथ आयुष सिंह।

जमशेदपुर, जासं। बारीडीह विजया गार्डन में रहने वाले शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक दंपती का बेटा आयुष सिंह जेईई मेन की परीक्षा में कोल्हान टॉपर बनें हैं। एनटीए द्वारा जारी जेईई मेन के फाइनल स्कोर में उसे अखिल भारतीय स्तर पर 313वां रैंक प्राप्त हुआ है। ओवरऑल परसेंटाइल की बात करें तो उसे 99.982 अंक मिला है। फिजिक्स में 100, केमेस्ट्री में 99.7, मैथ्स में 99.99 परसेंटाइल अंक प्राप्त हुआ है। वह अपने परिणाम से पूरी तरह संतुष्ट है, लेकिन उसने कहा कि जेईई मेन की परीक्षा चार चरण में न होकर दो चरण में ही समाप्त हो जानी चाहिए। चार चरण आते-आते परीक्षार्थी बोर हो जाते हैं। इससे रैंक भी प्रभावित होता है। उसने चारों चरण की परीक्षा दी थी। आयुष प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. राजेश सिंह तथा मां डा. रश्मि सिंह का बेटा है। वह एडवांस की परीक्षा देने के बाद किसी भी टॉप फाइव आइआइटीस से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करेगा।

कोविड के कारण घर में पढ़ाई का मिला अतिरिक्त समय

आयुष ने बताया कि कोविड-19 के कारण जेईई मेन की तैयार के लिए अतिरिक्त समय मिला तथा इसका फायदा भी मिला। घर में आठ से दस घंटे की पढ़ाई रोज करता था। उसने कहा कि मेडिकल में उसे शुरू से ही कोई रूचि नहीं थी। इंटरनेट मीडिया से उन्हें कोई दिक्कत नहीं, बशर्ते इसका इस्तेमाल सकारात्मक दिशा में हो। वे सिर्फ वाट्सएप यूज करते हैं। इसी से ही दोस्तों से बातचीत करते हैं।

जबरन पढ़ाई नहीं करते

आयुष ने बताया कि वे कभी जबरन पढ़ाई नहीं करते थे। जब पढ़ाई में मन नहीं लगता था तब वे टीवी पर क्रिकेट मैच देख लेते हैं। उसके बाद पढ़ाई प्रारंभ करते हैं। उसके पिता रात के एक बजे तक उनके साथ जागते रहते हैं। मां दिन के दो बजे ही घर आ जाती है। दोनों मार्गदर्शन लगातार करते रहें। दोनों फिजिकल फिटनेस पर ध्यान रखते थे। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने कभी उन्हें चिकित्सक बनने के लिए दवाब नहीं बनाया।

नर्वेराम हंसराज से की 12वीं की पढ़ाई

जेईई मेन का कोल्हान टॉपर आयुष ने बिष्टुपुर स्थित नर्वेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल से पढ़ाई की। दसवीं तक की पढ़ाई एलएफएस स्कूल टेल्को से की। अायुष खान-पान का शौकीन है, खासकर उसे नॉनवेज सामग्रियां बहुत पसंद है। उसे क्रिकेट खेलना तथा कहानी किताबें पढ़ना पसंद है।

नंबर को लेकर परेशान न हो छात्र

छात्रों को संदेश देते हुए आयुष ने बताया कि छात्र किसी भी परीक्षा को लेकर मिलने वाले नंबर से परेशान न हो। इससे टेंशन बढ़ता है। बस आराम से परीक्षा दीजिए। टेंशन लेकर मत पढ़िए। सफलता अवश्य मिलेगी।

ये हैं जमशेदपुर के टॉप टेन रैंकिग

नाम - एआइआर

आयुष सिंह - 313

वैभव सेठ - 401

यश कुमार - 605

अमन राज - 2260

आयुष्मान - 3157

एकेश्वर दत्ता - 3308

जीत व्यास - 4494

अनुराग कुमार सिंह - 5286

हर्ष कुमार सिंह - 6094

इंद्रजीत सरकार - 9716

नोट : अब तक मिली जानकारी के अनुसार सूची बनाई गई है।

chat bot
आपका साथी