आइसोलेशन केंद्र का जायजा लेने पहुंचे एसडीओ, व्यवस्था में की सुधार

गुरुवार को गालूडीह स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में रह रहे लोगों की सुध लेने अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक समेत अन्य पदाधिकारी पहुंचे..

By JagranEdited By: Publish:Fri, 11 Sep 2020 12:20 AM (IST) Updated:Fri, 11 Sep 2020 12:20 AM (IST)
आइसोलेशन केंद्र का जायजा लेने पहुंचे एसडीओ, व्यवस्था में की सुधार
आइसोलेशन केंद्र का जायजा लेने पहुंचे एसडीओ, व्यवस्था में की सुधार

संवाद सूत्र, गालूडीह : गुरुवार को गालूडीह स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में रह रहे लोगों की सुध लेने अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक समेत अन्य पदाधिकारी पहुंचे। दैनिक जागरण ने गुरुवार के अंक में आइसोलेशन सेंटर की असुविधा को लेकर संक्रमितों द्वारा किए गए हंगामा की खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को अधिकारियों ने आइसोलेशन सेंटर में रह रहे मरीजों से असुविधा का जानकारी ली। आइसोलेशन सेंटर की अव्यवस्था को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी ने गालूडीह थाना में अधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने आइसोलेशन सेंटर में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। एसडीओ सत्यबीर रजक ने कहा कि आइसोलेशन सेंटर में रह रहे लोगों की देखरेख के लिए 24 घंटे चिकित्सक उपलब्ध होंगे। विद्यालय परिसर में भोजन व सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी सभी प्रकार की व्यवस्था करेंगे। गर्म पानी के लिए हीटर मंगाया है। साथ ही पंचायत प्रतिनिधि के सहयोग से थाली, ग्लास आदि की व्यवस्था कर दी गई है। आइसोलेशन सेंटर में रह रहे मरीजों की देखरेख के लिए 24 घंटे शिफ्ट में कई शिक्षक व कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन को प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अभिनव, अंचल अधिकारी रिकू कुमार, गालूडीह थाना प्रभारी विकास जसवाल, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी केशव प्रसाद उपस्थित थे।

चाकुलिया में 54 लोगों की हुई कोरोना जांच : प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 54 लोगों की कोरोना जांच रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से की। हालांकि जांच में एक भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं मिला। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने बताया कि जांच में सभी लोग निगेटिव पाए गए, जो अच्छा संकेत है।

बहरागोड़ा सीएचसी में मिले छह पॉजिटिव : सीएचसी बहरागोड़ा में गुरुवार को एलटी दिनेश घोष व उनकी टीम ने 44 लोगों का कोरोना जांच किया। जांच के क्रम में छह लोग पॉजिटिव मिले। संक्रमित मरीजों में चार स्वास्थ्य कर्मी हैं, शेष गुहियापाल व केनरा बैंक के कर्मी हैं। एलटी दिनेश घोष ने बताया कि इस महामारी को लेकर सावधान रहें।

357 लोगों की हुई कोरोना जांच, 14 पॉजिटिव : गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केंदाडीह में 357 लोगों की कोरोना जांच रैपिड एंटीजन टेस्ट से की गई। जिसमें 14 लोग पॉजिटिव मिले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि रैपिड एंटीजन टेस्ट में 343 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मात्र 14 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है। संक्रमित मरीजों को तत्काल होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया है। मुसाबनी बाजार के लगभग आधा दर्जन दुकानदार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुसाबनी थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने बताया कि उनके थाना के पांच कोरोना पॉजिटिव जवानों सीटीसी कोविड-19 आइसोलेशन सेंटर से स्वस्थ होकर मुसाबनी थाना लौट चुके हैं। सभी जवानों का रिपोर्ट निगेटिव पाया गया है।

chat bot
आपका साथी