आमाडूबी में पाटकर पेंटिंग व आदिवासी पारंपरिक वाद्य यंत्रों को देखा
ग्रामीण विकास विभाग के केंद्रीय सचिव एनएन सिन्हा पर्यटन कला केंद्र आमाडूबी पहुंचे। उन्होंने पाटकर पेंटिग के साथ-साथ आदिवासी पारंपरिक वाद्य यंत्रों एवं लोकनृत्य का प्रदर्शन देखा।
संसू, धालभूमगढ़ : ग्रामीण विकास विभाग के केंद्रीय सचिव एनएन सिन्हा पर्यटन कला केंद्र आमाडूबी पहुंचे। उन्होंने पाटकर पेंटिग के साथ-साथ आदिवासी पारंपरिक वाद्य यंत्रों एवं लोकनृत्य का प्रदर्शन देखा। उन्होंने आवास प्लस, राजमिस्त्री प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए। यहां पहुंचने पर एसडीओ सत्यवीर रजक, बीडीओ अभय द्विवेदी, सीओ सदानंद महतो सहित तमाम अधिकारियों ने तुलसी का पौधा देकर केंद्रीय सचिव एनएन सिन्हा, झारखंड के मनरेगा सचिव मनीष रंजन, मनरेगा प्रमुख सचिव बी राजेश्वरी, जेएसएलपीएस की झारखंड प्रमुख नैंसी सहाय, उपायुक्त सूरज कुमार, उप विकास आयुक्त परमेश्वर भगत, डीआरडीए के निदेशक सौरव सिन्हा आदि का स्वागत किया। केंद्रीय सचिव ने कला मंदिर के अमिताभ घोष के साथ परिसर का भ्रमण किया। वे गुरुकुल पहुंचे जहां पाटकार पेंटिग के गुरु अनिल चित्रकार, विजय चित्रकार, सुभाष चित्रकार, किशोर चित्रकार से मिले। पाटकर पेंटिग के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने पेंटिग गुरुओं से कलाकृतियों की बिक्री के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर उन्हें पाटकार पेंटिग भेंट की गई। केंद्रीय सचिव द्वारा 9 लाभुकों के बीच आवास प्लस स्वीकृति पत्र के साथ नौ लोगों को राजमिस्त्री प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र वितरण किया गया। केंद्रीय सचिव ने 12 लोगों को पीएम आवास पूरे होने पर आवास की चाबी एवं उपहार प्रदान किया। मौके पर पर्यटन समिति के अध्यक्ष सह पूर्व पार्षद दांदूराम बेसरा, सचिव कमल गोप भी मिले तथा उन्हें पर्यटन केंद्र की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कला मंदिर के अमिताभ घोष, देवला मुर्मू, विश्वरूप चटर्जी, देवश्री दास समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।