समाचार माध्यमों से नहीं, प्रत्यक्ष जुड़कर संघ को जानें-समझें : राव

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का शहर में करीब चार साल बाद वृहद स्तर का कार्यक्रम हुआ जिसमें अखिल भारतीय स्तर के सहसरकार्यवाह मुकुंद राव शामिल हुए।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 05:00 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 05:00 AM (IST)
समाचार माध्यमों से नहीं, प्रत्यक्ष जुड़कर संघ को जानें-समझें : राव
समाचार माध्यमों से नहीं, प्रत्यक्ष जुड़कर संघ को जानें-समझें : राव

जासं, जमशेदपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का शहर में करीब चार साल बाद वृहद स्तर का कार्यक्रम हुआ, जिसमें अखिल भारतीय स्तर के सहसरकार्यवाह मुकुंद राव शामिल हुए।

बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में रविवार को जमशेदपुर महानगर एकत्रीकरण को संबोधित करते हुए मुकुंद राव ने कहा कि स्वयंसेवक अपनी दक्षता व योग्यता और बढ़ाएं, क्योंकि वर्तमान में समाज को संघ से काफी अपेक्षा है। उन्होंने समाज के लिए आह्वान किया कि समाज अखबार, टीवी आदि समाचार माध्यम से संघ को जानने-समझने की कोशिश न करें। समाज के लोग संघ से प्रत्यक्ष जुड़कर अनुभव करें। संघ के हजारों सेवा कार्य चलते हैं। संघ के हजारों विद्यालय चलते हैं। संघ इन्हीं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में चेतना जगाने का प्रयास कर रहा है, ताकि समाज व राष्ट्र अपना गौरव हासिल कर सके। संघ यह कार्य इसलिए कर रहा है, ताकि संपूर्ण विश्व का कल्याण कर सके।

सुबह 6.45 बजे से हुए आरएसएस जमशेदपुर महानगर एकत्रीकरण में मुकुंद राव के अलावा प्रांत संघचालक सच्चिदानंद लाल अग्रवाल, प्रांत प्रचारक दिलीप कुमार, प्रांत कार्यवाह संजय कुमार व सह प्रांत कार्यवाह राकेश लाल भी उपस्थित थे। इस दौरान कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना से हुआ, जिसके बाद पदाधिकारियों ने गणवेश में उपस्थित स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे तक चला।

---------

मोहन भागवत ने 2017 में किया था संबोधित

जमशेदपुर में इससे पहले 30 जनवरी 2017 में आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत आए थे। उन्होंने बिष्टुपुर के साउथ पार्क मैदान में जमशेदपुर महानगर एकत्रीकरण में स्वयंसेवकों को संबोधित किया था। उन्होंने यहां प्रवास भी किया था, जिसमें शहर के बुद्धिजीवियों के साथ भी संवाद किया था। जमशेदपुर महानगर का एकत्रीकरण कार्यक्रम बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में होना था, लेकिन जवाद तूफान की वजह से कार्यक्रम स्थल मैदान से सटे तुलसी भवन में किया गया।

chat bot
आपका साथी