तकनीकी दांव-पेंच में उलझ कर रह गई सड़क

चाकुलिया रेलवे फाटक से हवाई पट्टी तक जाने वाली सड़क पिछले एक साल से फाइलों के मकड़ जाल में उलझी हुई है। दो बार टेंडर होने के बाद भी सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया है। लगभग तीन किमी लंबी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है..

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Sep 2020 01:03 AM (IST) Updated:Sun, 20 Sep 2020 01:03 AM (IST)
तकनीकी दांव-पेंच में उलझ कर रह गई सड़क
तकनीकी दांव-पेंच में उलझ कर रह गई सड़क

संवाद सूत्र, चाकुलिया : चाकुलिया रेलवे फाटक से हवाई पट्टी तक जाने वाली सड़क पिछले एक साल से फाइलों के मकड़ जाल में उलझी हुई है। दो बार टेंडर होने के बाद भी सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया है। लगभग तीन किमी लंबी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश होने के बाद यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। अक्सर लोग सड़क पर बने गड्ढों व नुकीले पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो जाते हैं। सड़क की जर्जर हालत को देख दो वर्ष पूर्व सांसद विद्युत वरण महतो ने सड़क निर्माण कराने की पहल की थी। मापी के बाद पथ निर्माण विभाग ने प्राक्कलन भी तैयार किया और टेंडर भी निकाला। तीन किमी लंबी सड़क के लिए लगभग साढे़ सात करोड़ रुपये का टेंडर निकाला गया था। हालांकि निर्धारित राशि से कम रेट पर टेंडर डालने के कारण पहली बार टेंडर रद हो गया। पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पूर्व दोबारा इस सड़क का टेंडर निकाला गया। उसके बाद फाइल विभागीय कार्यालय में धूल फांक रही हैं। बताया जा रहा है कि नई सरकार गठन के बाद निर्माण सामग्रियों की अधिसूचित दर में फेरबदल के कारण फाइल पड़ी हुई है। यह सड़क चाकुलिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय पीएचईडी, विद्युत उपकेंद्र, आइटीआइ कॉलेज, एफसीआइ गोदाम, बिजली विभाग का कार्यालय व एरोड्रम समेत कई गांवों का पहुंच मार्ग है। लिहाजा स्थानीय लोग लंबे अरसे से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे हैं। विधायक समीर महंती ने कहा कि सोमवार को रांची दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री व पथ निर्माण सचिव से मिलकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग करूंगा।

बहरागोड़ा भाजपा मंडल द्वारा किसानो को किया गया सम्मानित : भाजपा मंडल ने सेवा सप्ताह के छठे दिन मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर के नेतृत्व में गामारिया पंचायत के सिरसी गांव में किसानों को अंगवस्त्र व मास्क देकर सम्मानित किया। भाजपा जिला महामंत्री बाप्टु साव व किसान मोर्चा के जिला संयोजक श्रीवत्स घोष ने महिषाड़ राधाकृष्ण मंदिर परिसर में फलदार पौधे भी लगाए। मौके पर भाजपा नेता बलराम सिंह मुंडा, उत्पल पैड़ा, हेमकांत भुइंया, आशीष माइती, निर्मल जाना, सकीला हेंब्रम, श्याम सुंदर माइती, मुना माइती, सुखेन घोष, हाड़ीराम पैरा, दुर्गा राणा, विजय साव, अनाथ पैरा, बलराम पैरा, निर्मल माइती, सोभानाथ बेसरा, सत्यवान सिंह किसान उपस्थित थे।

15 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर की खुदकुशी : शनिवार को तामकपाल निवासी धीरेन मंडल के 15 वर्षीय पुत्र ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ने परिवार वालों से घटना की जानकारी ली। मृतक के पिता ने बताया कि पिछले कई दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। शनिवार की सुबह उसे नाश्ता करने के बाद दवा भी खाया। बाजार से लौटा तो देखा कि उसे फांसी लगा ली। आनन फानन में उसे अनुमंडल अस्पताल लाया गया। हालांकि जांच के बाद चिकित्सक डॉ. उदय प्रकाश ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के निर्देश पर मृतक का कोरोना जांच भी किया गया। रिपोर्ट निगेटिव आई। मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा कई दिनों से मोबाइल की मांग कर रहा था। उसे मोबाइल भी दी गई थी। पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है।

झारखंड आंदोलनकारी रूद्र महतो की तवीयत बिगड़ी : प्रखंड के बिरदोह पंचायत अंतर्गत अमलागोड़ा गांव निवासी झारखंड आंदोलनकारी रूद्र प्रताप महतो विगत कई दिनों से बीमार चल रहे हैं। इसकी सूचना मिलने पर शनिवार को स्थानीय विधायक समीर महंती एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष शतदल महतो समेत कई लोग उनके घर पहुंचे। भाजपा नेताओं ने ने उनकी स्थिति बिगड़ती देख वाहन की व्यवस्था की और इलाज के लिए पश्चिम बंगाल स्थित झारग्राम भिजवाया। शतदल महतो ने कहा कि आंदोलनकारी के इलाज में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। जरूरत पड़ी तो सांसद विद्युत वरण महतो से बात कर उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया जाएगा। मौके पर शतदल के साथ चंदन महतो, गोपन परिहारी, मनोरंजन महतो, रवि तिवारी, मोहन सोरेन, लतीफ अंसारी, आजाद महतो आदि उपस्थित थे।

दक्षिणशोल में जमीन विवाद में जानलेवा हमला : सरडीहा पंचायत अंतर्गत दक्षिणशोल गांव में घर व जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में शनिवार को चाकुलिया थाने में निर्मल बेरा के बयान पर हत्या की नीयत से जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। निर्मल ने कहा है कि विजय कुमार बेरा व उसकी पत्नी हांसी बेरा ने उनके पिता सुधीर चंद्र बेहरा को घर में अकेला पाकर उनके ऊपर लकड़ी के बोटे से अचानक हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज झाड़ग्राम में चल रहा है। निर्मल ने पड़ोसी मोतीलाल बेरा व उनकी पत्नी इंद्राणी बेरा पर विजय बेरा को उकसाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

भाजपा ने असंगठित मजदूरों के बीच किया मास्क वितरण : सेवा सप्ताह कार्यक्रम के तहत शनिवार को चाकुलिया भाजपा मंडल कमेटी ने नगर पंचायत के वार्ड-4 स्थित पूर्णापानी में असंगठित मजदूरों के बीच मास्क वितरण किया। भाजपाइयों ने मजदूरों को कोरोना वायरस से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए शारीरिक दूरी का पालन करने व मास्क का उपयोग करने की सलाह दी। मौके पर शतदल महतो, साधन मल्लिक, मंतोष सीट, पिटू महतो, रवि तिवारी, चंदन महतो आदि उपस्थित थे।

झामुमो नेताओं ने गोरखापाड़ा की समस्याओं का लिया जायजा : शनिवार को विधायक रामदास सोरेन के निर्देश पर झामुमो के संगठन सचिव जगदीश भकत ने मऊभंडार उत्तरी पंचायत स्थित गोरखापाड़ा गांव की समस्याओं का जायजा लिया। गांव में बिजली की लचर व्यवस्था, पीसीसी पथ, हाई मास्क लाइट, सामाजिक पेंशन एवं आवास योजना से संबंधित समस्याओं के संबंध में उन्होंने विस्तार पूर्वक जानकारी ली। उन्होंने गांव की समस्याओं की जानकारी विधायक रामदास सोरेन को दी। बिजली की समस्या को लेकर उन्होंने विद्युत सहायक अभियंता कपिल रंजन तिग्गा से बात कर समाधान कराने का आश्वासन दिया। सामाजिक पेंशन की सूची के लिए संबंधित पदाधिकारियों से बात की। मौके पर नगर अध्यक्ष विकास मजूमदार, अंपा हेम्ब्रम, सुकलाल हांसदा, मृत्युंजय यादव, नील कमल महतो, कालाचंद सरकार, उस्मान अंसारी, जुबेदा खातून, जुलियन तिर्की, संजय सिंह, हीरालाल सोरेन, महेश लोहार आदि उपस्थित थे।

महेश्वर हांसदा बने आदिवासी सुरक्षा परिषद के प्रखंड अध्यक्ष : फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के पंचायत समिति सदस्य महेश्वर हांसदा को आदिवासी सुरक्षा परिषद का मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। आदिवासी सुरक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष धनेश्वर मुर्मू ने प्रखंड अध्यक्ष महेश्वर हांसदा को 15 दिनों के अंदर प्रखंड कमेटी का विस्तार करने का निर्देश दिया है। इधर, आदिवासी सुरक्षा परिषद ने डुमरिया प्रखंड का प्रखंड अध्यक्ष रामू पाडिया को मनोनीत किया है। मौके पर आदिवासी सुरक्षा परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष रमेश हांसदा, केंद्रीय उपाध्यक्ष अर्जुन पूर्ति आदि मौजूद थे।

सेवा सप्ताह के छठे दिन भाजपा नेताओं ने किया पौधारोपण : भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल पांडे के निर्देशानुसार सेवा सप्ताह के छठे दिन संजय अग्रवाल के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पिछले छह दिनों से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यो को लोगों तक पहुंचा रहे हैं। छठे दिन घाटशिला स्थित मां रंकणी मंदिर में कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण किया। मौके पर तुषार दत्ता, विक्रम साव, माला डे, सुजन कुमार मन्ना, स्वपन वागती समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पार्षद को सौंपा ज्ञापन : गोहला पंचायत स्थित खाड़ीयासाई के ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर शनिवार को मुसाबनी अंश 19 के जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार गांव में सात-आठ वर्ष पूर्व 25 केवी के ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति की जाती थी। गांव में उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के बाद 25 केवी का ट्रांसफार्मर भी लोड नहीं ले रहा है। बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई व महिलाओं को घरेलू कामों में काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू से जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की है। जिला पार्षद ने सहायक विद्युत अभियंता कपिल रंजन तिग्गा से बात कर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की। विद्युत सहायक अभियंता ने जिला पार्षद को आश्वस्त करते हुए कहा कि सोमवार या मंगलवार तक गांव में नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर विद्युत आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। मौके पर रवि सिंह,आजसू के जिला उपाध्यक्ष मंगल महाली, निर्मल हेंब्रम, सूरज मार्डी, फागू हांसदा, जय सिंह हेंब्रम, रोबिन हेंब्रम, शीतल हेंब्रम, मागाध मुर्मू, हिमांशु गिरी उपस्थित थे।

भाजपा ने जरुरतमंदों के बीच बांटी खाद्य समाग्री : प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गालूडीह भाजपा मंडल कमेटी ने सेवा सप्ताह के तहत जरूरतमंदों के बीच फल व खाद्य सामग्री बांटे। कमेटी की ओर से कीताडीह इंदिरा कॉलोनी में जरुरतमंदो के बीच फल व खाद्य समाग्री वितरण किया गया। साथ ही बराज कॉलोनी शिव मंदिर परिसर में सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साहु, जिला महामंत्री हराधन सिंह, सोनी देवी, सपन पाल एवं संजय राय सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाजपा ने जरुरतमंदों के बीच किया खाद्य सामग्री व मास्क वितरण : प्रधानमंत्री के 70 वें जन्म दिन पर सेवा सप्ताह कार्यक्रम के तहत भाजपा नेताओं ने शनिवार को मुसाबनी प्रखंड के फॉरेस्ट ब्लॉक स्थित टुमांगकोचा सबर बस्ती में जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्री, मास्क, फल व आर्सेनिक एल्बम-30 दवा का वितरण किया। मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता भरत चंद्र भगत, भीम बहादुर लामा, शिबू भगत, सोनू श्रीवास्तव, मुखिया गौरी शंकर कुदादा, जयंत घोष, साकेत अग्रवाल, सागर थापा, मनसा पातर, सरोज दत्ता, स्वपन भद्र, प्रवीर बारिक, प्रशांत पातर, गणेश पातर, अशोक पासवान, अनूप भगत आदि उपस्थित थे।

ऑनलाइन राशन कार्ड के लिए गांव में लगा शिविर : भाजपा मंडल अध्यक्ष तुषारकांत पातर ने शनिवार को ग्रामीणों का राशनकार्ड बनाने के लिए बदिया गांव के दुर्गा मंडप में शिविर लगाया। ग्रामीणों ने पूर्व में राशन कार्ड की समस्या से मंडल अध्यक्ष को अवगत कराया था। तुषारकांत पातर ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए गांव में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कंप्यूटर सिस्टम व ऑपरेटर की व्यवस्था कराई गई है। दर्जनों ग्रामीणों ने इसका लाभ उठाया और राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। इस अवसर पर बिरमान लामा, विष्णु रजक, बीजू मिश्रा, लाडी सिंह समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

बाइक की ठोकर से साइकिल सवार घायल : टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी गेट के समीप शनिवार को बाइक की टक्कर से साइकिल सवार चिरुगोड़ा निवासी कानू हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की पहल पर जेएआरडीसीएल के एंबुलेंस से उन्हें गम्हरिया अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के संबंध में बताया गया कि कानू हांसदा किसी कंपनी से ड्यूटी कर साइकिल से अपने घर जा रहे थे। इस क्रम में टायो कॉलोनी गेट के समीप गम्हरिया की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई है।

chat bot
आपका साथी