Jamshedpur Weather ALERT : 28 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला, प्रशासन ने किया अलर्ट
Jamshedpur Weather ALERT बारिश का सिलसिला अगले पांच दिन यानी 28 सितंबर तक जारी रहेगा। लगातार बारिश एवं ब्यांगिबल डैम का फाटक खोल दिए जाने की वजह स्वर्णरेखा एवं खरकइ नदी का जलस्तर बढ गया है। प्रशासन ने लोगों को अलर्ट किया है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर शहरवासियों को अभी बारिश से निजात मिलने वाली नहीं है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 28 सितंबर तक शहर में लगातार रुक-रुक कर बारिश होगी। 27 व 28 सितंबर को जोरदार बारिश होने की संभावना है। वहीं, बुधवार को दिनभर शहर में हल्की-हल्की बारिश होती रही। इससे जगह-जगह पर पानी का जमाव हो गया। बीते 24 घंटे में शहर में कुल 95 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में चार से पांच डिग्री का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
अगले सात दिन का तापमान
तिथि : न्यूनतम : अधिकतम
22 सितंबर : 24.0 : 28.0
23 सितंबर : 24.0 : 31.0
24 सितंबर : 24.0 : 32.0
25 सितंबर : 24.0 : 33.0
26 सितंबर : 24.0 : 33.0
27 सितंबर : 24.0 : 33.0
28 सितंबर : 24.0 : 33.0
तटीय इलाकों पर खास नजर
लगातार हो रही बारिश के बाद बुधवार को ओडिशा के ब्यांगबिल डैम का फाटक खोल दिया गया। फाटक खुलते ही खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। बागबेड़ा के निचले इलाके में बाढ़ के खतरे की संभावना को देखते हुए एडीएम नंद किशोर लाल व अंचल निरीक्षक हिम्मत लाल महतो कर्मचारियों के साथ क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान नदी से सटे कुछ इलाकों को बैरिगेटिंग कर दी गयी। स्थानीय लोगों से अपील की गई कि कोई नदी की ओर ना जाए। अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर अलर्ट रहने को कहा है। इधर, नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाके में रहने वाले स्थानीय लोगों को बाढ़ की चिंता सताने लगी है।
प्रशासन ने किया आगाह
खरकई और स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर लगातार बढ़ रहे हैं। खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, स्वर्णरेखा भी खतरे के निशान के करीब है। पदाधिकारियों को अलर्ट रहते हुए तटीय इलाकों में रह रहे लोगों को आगाह करने का निर्देश दिया गया है ।