मास्क चेकिंग के नाम पर आतंक फैला रही पुलिस, भाजपा ने उलीडीह थाना के सामने दिया धरना

Jamshedpur News. इन दिनों शहर के चौक-चौराहों पर मास्क चेकिंग अभियान चल रहा है लेकिन उलीडीह थाना के सामने जैसी जांच शायद कहीं नहीं होती। यहां बिना मास्क पहने लोगों से कुख्यात अपराधी जैसा व्यवहार होता है। मंगलवार को इसी चक्कर में एक महिला बाइक से गिरकर घायल हो गई।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Wed, 07 Apr 2021 04:20 PM (IST) Updated:Wed, 07 Apr 2021 04:20 PM (IST)
मास्क चेकिंग के नाम पर आतंक फैला रही पुलिस, भाजपा ने उलीडीह थाना के सामने दिया धरना
उलीडीह थाना के समक्ष धरना पर बैठे लोगों से बात करते पुलिस पदाधिकारी।

जमशेदपुर, जासं। इन दिनों शहर के चौक-चौराहों पर मास्क चेकिंग अभियान चल रहा है, लेकिन उलीडीह थाना के सामने जैसी जांच शायद कहीं नहीं होती। यहां बिना मास्क पहने लोगों से कुख्यात अपराधी जैसा व्यवहार होता है। मंगलवार को इसी चक्कर में एक महिला बाइक से गिरकर घायल हो गई। इसके विरोध में भाजपा नेता विकास सिंह बुधवार को थाना के सामने धरना दे दिया। उलीडीह थाना के सामने लगभग दो घंटे तक सैकड़ों लोगों के साथ विकास सिंह अपने समर्थकों के साथ जमे रहे।

घात लगाए रहते सिपाही

विकास सिंह ने बताया कि मंगलवार को मानगो के संकोसाई स्थित महावीर कालोनी की रहने वाली कंचन देवी अपने भाई अभय कुमार उपाध्याय के साथ दोपहर करीब ढाई बजे अपने घर जा रही थी। उलीडीह थाना के समीप छिपकर घात लगाए सिपाही अचानक डंडा लेकर दौड़कर बाइक के सामने आ गया। गाड़ी में डंडा मारने लगा, जिससे बाइक सवार अभय उपाध्याय डर गए और बाइक पर से नियंत्रण खो दिया। इससे उनकी बहन कंचन देवी गाड़ी सहित बीच सड़क पर गिर गई। उनके माथे से खून बहने लगा, पैर-हाथ छिल गए। यह सब देख पुलिस के सारे जवान मौके से भाग गए। किसी ने उसे राहत पहुंचाने का प्रयास नहीं किया। अचेत अवस्था में पड़ी अपनी बहन को बड़ी मुश्किल से अभय स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले गए। उसके सिर पर 12 टांके लगे। इसके अलावा कमर से पैर तक जख्मी हो गया। लगभग तीन घंटे बाद कंचन देवी को होश आया।

ये मिला आश्वासन

कंचन देवी के स्वजनों ने भाजपा नेता विकास सिंह से संपर्क करके पूरे मामले की जानकारी दी। विकास सिंह ने ट्रैफिक डीएसपी को फोन पर मामले से अवगत कराया। ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि वह हजारीबाग में हैं। शुक्रवार को आने के बाद मामले को देखेंगे। धरना के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बताया कि वह स्वयं मामले को देखेंगे और उस जवान पर कार्रवाई करेंगे। घायल के भाई अभय कुमार उपाध्याय ने ट्रैफिक पुलिस पर मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही ट्रैफिक अफसरों ने बताया कि दोबारा ऐसी घटना नहीं होगी। चेकिंग छिपकर नहीं की जाएगी।

धरना-प्रदर्शन में रहे साथ

उलीडीह थाना के सामने धरना-प्रदर्शन में विकास सिंह के साथ राजेश साहू ,अमरिंदर पासवान, सुशील शर्मा, दीपक सुंडी, अरुण पांडे, विजय ओझा, जितेंद्र साव, सुशीला शर्मा, भारती देवी, छोटेलाल सिंह, मनोज ओझा, राम सिंह कुशवाहा, शिव साहू, विनय कुमार, राकेश लोधी, संजीत शर्मा, जीतू गुप्ता, मोनू चौहान, हरकदेव प्रजापति, हेमंत सिंह, सुरेश प्रसाद, राजू श्रीवास्तव, दुर्गा दत्ता, निशांत वाजपेयी, राहुल मालाकार सहित कई लोग शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी