हज पर जाने से वंचित रह जाएंगे झारखंड के 3125 लोग

प्रदेश के 3125 आजमीन-ए-हज के पासपोर्ट नहीं बन पा रहे हैं। जांच में देर होने और कार्यालय में पासपोर्ट बनाने की लंबी प्रक्रिया के चलते ऐसा हो रहा है।

By Edited By: Publish:Fri, 16 Nov 2018 01:49 AM (IST) Updated:Fri, 16 Nov 2018 10:57 AM (IST)
हज पर जाने से वंचित  रह जाएंगे झारखंड के 3125 लोग
हज पर जाने से वंचित रह जाएंगे झारखंड के 3125 लोग

जमशेदपुर,जासं।  दो दिनों में पासपोर्ट नहीं बने तो झारखंड के 3125 मुसलमान अगले वर्ष हज करने से वंचित हो जाएंगे। जांच में देरी व कार्यालय में लंबी प्रक्रिया के चलते इनका पासपोर्ट नहीं बन रहा है। इस कारण सैकड़ों लोग फार्म भी नहीं भर पाए हैं। वहीं कई लोगों ने 17 नवंबर तक पासपोर्ट बन जाने की उम्मीद में रजिस्ट्रेशन करा लिया है, लेकिन पासपोर्ट को लेकर उनका दिल धड़क रहा है।

जमशेदपुर के 725, सरायकेला के 421, धनबाद के 782, रांची के 725 समेत कुल 3125 आजमीनों के आवेदन पर पासपोर्ट नहीं बन पाया है। ये लोग पासपोर्ट दफ्तर का चक्कर काट रहे हैं। इनमें ज्यादातर लोग ऐसे हैं जिनके पासपोर्ट के आवेदन पर पुलिस जांच हो चुकी है। धतकीडीह के मो.अरमान ने चार माह पहले आवेदन दिया, लेकिन पासपोर्ट नहीं आया है। जुगसलाई की जीनत खान का पासपोर्ट पुलिस जांच के बाद भी जारी नहीं हुआ है।

फार्म भरने को पासपोर्ट जरूरी

उधर, केंद्रीय हज कमेटी ने हज फार्म भरने के लिए पासपोर्ट का होना जरूरी कर दिया है। ये पासपोर्ट 17 नवंबर से पहले का बना होना चाहिए। पासपोर्ट की वैधता 31 जनवरी 2020 होनी चाहिए। कई आजमीन ऐसे हैं जिनके पास पासपोर्ट नहीं है। कई के पासपोर्ट की वैधता पहले ही खत्म हो रही है। इनमें से अधिकतर ने पांच-छह माह पहले ही पासपोर्ट के लिए आवेदन दिया था। कुछ ने हज कमेटी का सर्कुलर जारी होने के बाद पिछले महीने आवेदन दिया था।

हज कमेटी ने लिखा पत्र

हज कमेटी ने रांची पासपोर्ट कार्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी सनातन को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है। बताया गया है कि आवेदन पर कार्रवाई नहीं हो रही। पासपोर्ट नहीं बनने से आवेदन नहीं भरे जा रहे हैं। उधर, क्षेत्रीय अधिकारी ने पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा है।

नहीं खुला सहयोग केंद्र

लोगों की शिकायत है कि रांची पासपोर्ट दफ्तर के कर्मचारी मदद नहीं कर रहे।चीफ पासपोर्ट आफिसर अर्जुन कुमार चटर्जी ने पुलिस जांच के बाद एक दिन में पासपोर्ट जारी करने का आदेश दिया था। वहीं मदद को स्पेशल काउंटर खोलने को कहा था। पर उनके निर्देश का भी पालन नहीं हुआ।

क्षेत्रीय पदा‍धिकारी से शिकायत

आजमीन के पासपोर्ट नहीं बन पा रहे हैं। इससे बड़ी दिक्कत आ रही है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी को इस समस्या से अवगत कराया गया है।

- हाजी महमूद अंसारी, सदस्य राज्य हज कमेटी

chat bot
आपका साथी