Jubilee Park Jamshedpur Issues : नागरिक सुविधा मंच ने शुरू किया चरणबद्ध आंदोलन, जेएन टाटा से मांगा आशीर्वाद

Nagrik Suvidha Manch Started Agitation नागरिक सुविधा मंच ने जुबिली पार्क के मसले पर गुरुवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया। समिति के सदस्य से जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आंदोलन की शुरुआत की। ये रही पूरी जानकारी।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 01:40 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 01:40 PM (IST)
Jubilee Park Jamshedpur Issues : नागरिक सुविधा मंच ने शुरू किया चरणबद्ध आंदोलन, जेएन टाटा से मांगा आशीर्वाद
जेएन टाटा से आशीर्वाद मांगकर आंदोलन प्रारंभ करते मंच के प्रतिनिधि।

जमशेदपुर, जासं। जुबिली पार्क का मेन गेट और मुख्य सड़क खोलने की मांग के साथ नागरिक सुविधा मंच ने गुरुवार को चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया। इसके लिए सबसे पहले मंच प्रदेश संयोजक शशि कुमार मिश्रा मार्गदर्शक मंडल के सदस्य चंद्रशेखर मिश्रा, हलधर नारायण साह, लल्लन चौहान, पप्पू सिंह के नेतृत्व में बिष्टुपुर में रीगल गोलचक्कर के पास जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने गए थे, लेकिन वहां भी ताला लगा था। इसके बावजूद मंच के कार्यकर्ताओं ने गेट पर ही पुष्प अर्पित कर जेएन टाटा से आशीर्वाद मांगकर आंदोलन प्रारंभ किया।

इससे पहले शशि कुमार मिश्रा ने अपने मुख्य संरक्षक अभय सिंह को फोन पर वस्तुस्थिति की जानकारी दी, तो उन्होंने सलाह दी कि दीवार फांदकर को भी प्रतिमा के पास नहीं जाएगा। किसी कारणवश जुस्को के अधिकारी या जिला प्रशासन के अधिकारी प्रतिमा तक जाने के लिए गेट खोलने में असमर्थ हैं, तो आप सांकेतिक रूप से मुख्यद्वार पर ही माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनको नमन करें और आंदोलन की सफलता के लिए जेएन टाटा से आशीर्वाद मांगकर शहरवासियों के लिए उनके ही सपने को पूरा करने में जुट जाएं।

मौलिक अधिकार के लिए जो इच्छुक, साथ आएं

इस मौके पर अपने संबोधन में शशि कुमार मिश्रा ने कहा कि हम संवैधानिक रूप से अपनी मौलिक अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं, जो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत है। जुबिली पार्क का गेट खुले, इसे लेकर सभी जनप्रतिनिधि इस आंदोलन में हमारा साथ दें। जिस प्रकार की व्यवस्था आज जमशेदपुर में चल रही है, हम संवैधानिक तरीके से उसका विरोध करेंगे। हमारा आंदोलन गांधीवादी तरीके से चलेगा। सरकार के जनप्रतिनिधि भी अगर हमारी मांग का समर्थन करते हैं, तो वे भी हमारे इस आंदोलन में सहयोग करें। हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। हम चाहते हैं कि उपायुक्त सूरज कुमार इस मामले में हस्तक्षेप करें। जनता के प्रतिनिधियों को भी अपने समक्ष रखकर जनता की वोटिंग कराएं। आज विडंबना है कि 20 अगस्त 2005 के टाटा लीज नवीकरण के इकरारनामा का उल्लंघन किया जा रहा है। सरकार अपनी नीति और नीयत स्पष्ट करे कि आखिर जुबिली पार्क गेट को क्यों बंद रखा गया है।

क्यों सोनारी व कदमा के लोगों को किया जा रहा प्रताड़ित

शशि मिश्रा ने कहा कि हम यह संघर्ष जारी रखेंगे। इसके तहत शुक्रवार 24 सितंबर से हम सभी जनप्रतिनिधियों से मिलने का कार्यक्रम शुरू करेंगे। इसके बाद फिर सड़कों पर उतर कर हम आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसके पूर्व अगर जिला प्रशासन जुबिली पार्क का गेट खुलवा देता है, तो हम उसका स्वागत करेंगे। पूरे हिंदुस्तान से जमशेदपुर का अलग कानून बने, यह नागरिक सुविधा मंच किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।

इनकी रही सहभागिता

इस आयोजन में शंकर रेड्डी, शैलेश गुप्ता, हृदयानंद तिवारी, संजय सिंह, राहुल सिंह, अमरेंद्र मल्लिक, किशोर ओझा, राकेश दुबे, पवन सिंह, कमलेश सिंह, अनूप सिंह, अमरजीत सिंह राजा, रीना चौधरी, शैलेंद्र मिश्रा, मोहम्मद दाऊद, अनूप सिंह, सुमित श्रीवास्तव, गिरधारी सिंह, राजा चक्रवर्ती, रवि सिंह, राजेश चंद्रवंशी, सत्येंद्र पासवान, विश्वनाथ झा, पहाड़ सिंह, शुभ श्रीवास्तव, किट्टू सिंह, अंकित शुक्ला, विनोद रिक्की, समर झा, रविकांत भोजपुरिया, कौशिक घोष, राहुल तिवारी, सरबजीत कौर, देव भंडारी, सौरभ श्रीवास्तव, बुंदेल पांडे, हरेंद्र सिंह, बबलू सिंह, राजन सिंह, राजीव सिन्हा, कौशिक घोष, बिट्टू पांडे, बबलू नायक, मिली दास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भी शामिल थे।

chat bot
आपका साथी