MS Dhoni : महेंद्र सिंह धोनी की यह है पांच सबसे महंगी और प्यारी चीजें, आप भी जान लीजिए

MS Dhoni क्रिकेट का कोहिनूर महेंद्र सिंह धोनी ऑन द फील्ड हो या ऑफ द फील्ड हो हर वक्त सुर्खियों में रहते हैं। घोड़े की सेवा करने से लेकर कुत्तों को प्यार करना प्रशंसकों को उनका यह अंदाज खूब भाता है।

By Jitendra SinghEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 06:00 AM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 09:09 AM (IST)
MS Dhoni : महेंद्र सिंह धोनी की यह है पांच सबसे महंगी और प्यारी चीजें, आप भी जान लीजिए
MS Dhoni : महेंद्र सिंह धोनी की यह है पांच सबसे महंगी और प्यारी चीजें, आप भी जान लीजिए

जमशेदपुर, जासं। आप धोनी के दीवाने हैं, तो क्या आपको पता है कि उनके पास पांच सबसे महंगी और प्यारी चीजें क्या हैं, जिसे वे दिलोजान से चाहते हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान धोनी टी20 विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और आईसीसी विश्व कप 2011 जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं। उनके नाम आइपीएल ट्रॉफी और क्लब चैंपियंस ट्रॉफी भी है। इन सबके अलावा धोनी के पास वह पांच बेशकीमती चीजें हैं, जिन्हें वे सबसे ज्यादा चाहते हैं। आइए, जानते हैं उन चीजों के बारे में...

रांची के पास फार्म हाउस

कैप्टन कूल को प्रकृति की गोद में रहना खूब पसंद है। इसी शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने झारखंड की राजधानी रांची के पास एक फार्महाउस बनाया है। करीब 10 एकड़ में फैले इस फार्महाउस में वह जब-तब अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ-साथ अपने कुत्तों के साथ फुर्सत के पल बिताते हैं। यहां वह अपना समय खेती में भी बिताते हैं, तो अपने कुत्तों के साथ भी खेलते हैं। वे अक्सर यहां जिम में वर्कआउट भी करते नजर आते हैं। जैसा कि आपको पता है, धोनी कार व बाइक के भी शौकीन हैं। फार्महाउस में उनकी कारों का शोरूम भी है।

पर्यटन स्थल बना रांची हाउस

जैसा कि आपको पता होगा, धोनी का जन्म रांची में ही हुआ था, लिहाजा वह इसे छोड़कर कहीं नहीं जाना चाहते। रांची में शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर उनका एक घर है, जिसे उन्होंने खुद डिजाइन किया है। बताते हैं कि इस घर की कीमत लगभग छह करोड़ रुपये है। यह धोनी की सबसे महंगी चीजों में से एक है। यह घर सभी शानदार सुविधाओं से लैस है। यही वजह है कि उनका घर शहर में पर्यटक का आकर्षण बन गया है।

डुकाटी 1098-एस और कॉन्फेडरेट हेलकैट एक्स-132

धोनी को शुरू से बाइक का शौक रहा है। वह रांची की सड़कों पर जब अपनी बाइक पर निकलते हैं, तो चर्चा का विषय बन जाती है। इसमें उन्हें डुकाटी-1098 काफी पसंद है। यह बाइक 2007 में लांच हुई थी। इसके साथ उनके इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट भी आते रहते हैं।

यह बाइक 173 एमपीएच और 160 से 180 एचपी इंजन से लैस है। इसके बाद कंपनी ने कई वर्जन लांच किए, लेकिन धोनी को यही पसंद है। यह 1099-1198 सीसी 90 डिग्री वी-ट्विन सिलेंडर से लैस है, जिसमें चार वाल्व प्रति सिलेंडर डेस्मोड्रोमिक है। धोनी के पास एक लाल रंग की बाइक भी है, जिसकी कीमत करीब 30 लाख है। उनकी बाकी बाइक्स में कान्फेडरेट हेलकैट एक्स-132 है। यह दुनिया की सबसे दुर्लभ बाइक में शुमार है।

हम्मर समेत कई कारें

बाइक के अलावा धोनी काे कारों से भी प्यार है। उनके पास कारों का ऐसा कलेक्शन है, जिसे देखकर पेशेवर रेसर भी एक बार आहें भरते हैं। वैसे उनका सबसे पसंदीदा हम्मर-एच2 कार है, जिसकी सवारी करते रांची में अक्सर देखे जाते हैं। उनके पास एक पोर्श-911 भी है, जिसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ है। उनकी ऑडी क्यू-7 की कीमत करीब 88 लाख है। उसके पास जीएमसी सियेरा भी है, जिसकी कीमत 32 लाख है। वह जब भी अपनी इन कारों की सवारी करते हैं, लोगों की निगाहें बरबस उनका पीछा करती हैं। उनकी कारों में मित्सुबिशी आउटलैंडर, लैंडरोवर फ्रीलैंडर-2 और मित्सुबिशी पजेरो एसएफएक्स भी है।

 

घड़ियों के भी बड़े शौकीन

एमएस धोनी समय की पाबंदी के लिए भी जाने जाते हैं। समय की कीमत समझने वाले धोनी के पास घड़ियों का भी जबरदस्त संग्रह है। उन्हें बेहद महंगे ऑडेमर्स पिगुएट रॉयल ओक ऑफशोर बम्बल बी पहने देखा जाता है। यह धोनी की सबसे महंगी चीजों में से एक है। इस घड़ी की कीमत 26 लाख रुपये है। आखिरी बार उन्हें 2015 में यह घड़ी पहने हुए देखा गया था, जब उनकी बेटी नवजात थी। संघर्ष के दिनों में भी वह अपने पैसे घड़ियों पर खर्च करते थे। शिखर पर पहुंचने से पहले उन्होंने पनेराई रेडिओमिर कैलिफ़ोर्निया घड़ी खरीदी थी, जिसकी कीमत 9.25 लाख रुपये थी।

chat bot
आपका साथी