बाजार समिति में शिफ्ट होंगी मांस मुर्गा की दुकानें

शहर के रेलवे फाटक के दोनों तरफ सरकारी जमीन अतिक्रमित कर खोली गई मांस मुर्गा की दुकानों को जल्द ही बाजार समिति परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। मंगलवार को दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने इसके लिए पहल शुरू कर दी है..

By JagranEdited By: Publish:Wed, 30 Sep 2020 01:00 AM (IST) Updated:Wed, 30 Sep 2020 05:15 AM (IST)
बाजार समिति में शिफ्ट होंगी मांस मुर्गा की दुकानें
बाजार समिति में शिफ्ट होंगी मांस मुर्गा की दुकानें

संवाद सूत्र, चाकुलिया : शहर के रेलवे फाटक के दोनों तरफ सरकारी जमीन अतिक्रमित कर खोली गई मांस मुर्गा की दुकानों को जल्द ही बाजार समिति परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। मंगलवार को दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने इसके लिए पहल शुरू कर दी है। नगर पंचायत के सिटी मैनेजर मोनिस सलाम की देखरेख में बाजार समिति परिसर में मंगलवार को जमीन की मापी कराई गई। इस संबंध में मोनिस ने बताया कि शीघ्र ही बाजार समिति परिसर में उगे झाड़ी झुरमुटों की साफ सफाई की जाएगी उसके बाद दुकान के लिए जगह चिन्हित कर आवंटन का काम किया जाएगा। सरकारी जमीन एवं सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले सभी मांस, मछली एवं सब्जी विक्रेताओं को बाजार समिति में स्थानांतरित किया जाएगा। उधर, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी जयप्रकाश करमाली द्वारा इस संबंध में सूचना भी जारी कर दी गई है। इसमें कहा गया है कि कृषि उत्पादन बाजार समिति के विपणन सचिव के पत्रांक 405 दिनांक 6 जुलाई 2013 के आलोक में सभी दुकानदार बाजार समिति परिसर में अपनी दुकान स्थानांतरित करना सुनिश्चित करें। विदित हो कि रेलवे फाटक के दोनों तरफ मांस मुर्गा दुकानों की बाढ़ सी आ गई है, जहां खुलेआम मांस काटा जाता है।

गोयल एचपी गैस गोदाम का बीडीओ ने किया निरीक्षण : बीडीओ शालिनी खलखो ने कोकपाड़ा तथा धालभूमगढ़ स्थित गैस गोदाम का निरीक्षण किया गया। साथ ही गोयाल एचपी गैस के कमर्शियल एवं घरेलू के वेट मापन किकी एवं स्टाक संधारण से संबंधित सत्यापन किया। संचालक को आवश्यक निर्देश दी। उनके साथ धालभूमगढ़ प्रखंड के प्रधान लिपिक दीपक कुमार बेरा एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रखल चन्द्र पाल उपस्थित थे।

झामुमो व झायुमो ने शंकर कालिदी का कराया इलाज : झामुमो दामपाड़ा क्षेत्र कमेटी और झारखंड युवा मोर्चा घाटशिला के कार्यकर्ताओं ने पुनगोड़ा निवासी शंकर कालिदी का इलाज कराया। शंकर कुछ दिन पूर्व साइकिल से घाटशिला आने के क्रम में गिर गए थे। जिससे उसका पैर टूट गया था। परिजनों झामुमो व झायुमो को जानकारी दी। इधर सूचना पर कार्यकर्ता उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर आए। जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने घटना की जानकारी विधायक रामदास सोरेन जी को दी। विधायक ने कहा शंकर का बेहतर इलाज कराया जाएगा। मौके पर झामुमो दामपाड़ा क्षेत्रीय कमेटी प्रभारी भरत मुर्मू, मदन सोरेन, झायुमो के जिला उपाध्यक्ष काजल डॉन, नगर सचिव अमर पुर्ती, सुनील मुर्मू शामिल थे।

गालूडीह मंडल अध्यक्ष ने कराई पंप की मरम्मत : महुलिया रेलवे दुर्गा मंदिर परिसर में लगा पंप कई दिनों से खराब था। पंप खराब होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। कमेटी के पूजा प्रभारी सपन पाल ने गालूडीह भाजपा मंडल अध्यक्ष अमरदीप शर्मा से पंप मरम्मत कराने का आग्रह किया था। मंडल अध्यक्ष ने मंगलवार को निजी खर्च से कार्य कराया दिया है। पूजा कमेटी के पदाधिकारि एवं लोगो ने मंडल अध्यक्ष अमर दीप शर्मा के प्रति आभार प्रकट किया।

सांसद ने किया श्राद्ध कर्म में सहयोग : प्रखंड के लोधाशोली पंचायत अंतर्गत कटासमारा गांव निवासी दिवंगत प्रिय नाथ गोप के श्राद्ध कर्म में मंगलवार को सांसद विद्युत वरण महतो की ओर से सहयोग किया गया। पीड़ित परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति की सूचना सांसद को भाजपा कार्यकर्ता परमेश्वर मांडी एवं शतदल महतो ने दी। इस पर पहल करते हुए सांसद ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया था। मंगलवार को सांसद के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिवंगत के घर जाकर श्राद्ध कर्म के लिए सामग्री एवं नगद राशि मुहैया किया। मौके पर चंद्रमोहन मांडी, ठाकुरदास गोप, अभय गोप, लखींद्र गोप, मानिक गोप, नवीन गोप, रंजीत गोप आदि उपस्थित थे।

चाकुलिया में मिले सात कोरोना संक्रमित : मंगलवार को चाकुलिया प्रखंड में कुल 59 लोगों की कोरोना जांच की गई। इनमें से 41 की जांच रैपिड एंटीजन टेस्ट किट के द्वारा की गई जबकि 18 लोगों का नमूना आरटी पीसीआर जांच के लिए भेजा गया। रैपिड किट जांच में कुल 7 लोग पॉजिटिव पाए गए जिनमें छह नगर पंचायत क्षेत्र तथा एक उदाल गांव का निवासी है। चाकुलिया में पॉजिटिव पाए गए सभी छह लोग पुराना बाजार क्षेत्र के प्रतिष्ठित परिवार से जुड़े हुए हैं। इनमें तीन पुरुष एवं तीन महिला शामिल है।

आइटीडीए निदेशक के निधन पर शोक : मंगलवार को आइटीडीए निदेशक अनीता सहाय के निधन पर प्रखंड अंचल कार्यालय में शोक सभा कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शालिनी खलखो, अंचलाधिकारी सदानंद महतो व प्रखंड सह अंचल कर्मी उपस्थित थे।

मजदूरी नहीं मिली तो मजदूर तो पहुंचे प्रखंड कार्यालय : मनरेगा में काम करने के बाद मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत लेकर बेहड़ा के मजदूर ़मंगलवार को झामुमो कार्यालय पहुंचे और प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हांसदा से शिकायत की। फिर प्रखंड अध्यक्ष सभी मजदूरों को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे और बीपीओ राखाल चंद्र पाल को मांग पत्र सौंपा। झामुमो नेता अर्जुन चंद्र हांसदा, प्रखंड सचिव बैद्यनाथ सोरेन, महिला मोर्चा की प्रखंड अध्यक्ष वनवासी सोरेन ने कहा कि मनरेगा में काम कर रहे मजदूरों की मजदूरी भुगतान नहीं होने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस मामले की जानकारी विधायक को भी दी जाएगी। बीपीओ राखाल चंद्र पाल ने कहा कि पिछले एक महीने से मनरेगा मद में राशि नहीं होने के कारण मजदूरों के खाते में मजदूरी की राशि नहीं भेजी जा सकी। 28 सितंबर से सभी मजदूरों के खाते में राशि भेजी जा रही है। मौके पर भूगलू हेम्ब्रम, दुलाराम मुर्मू, धानी मुर्मू, तुरसी हेम्ब्रम, रोबिन किस्कू, कर्मी किस्कू, कारमी मांडी आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी