नक्शा विचलन पर 54 दफा नोटिस, कार्रवाई एक बार

शहर में नक्शा विचलन कर बनाई गई 46 इमारतों के मालिकों को जमशेदपुर अक्षेस ने अब तक 54 दफा नोटिस जारी की है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Apr 2019 08:19 AM (IST) Updated:Fri, 26 Apr 2019 06:43 AM (IST)
नक्शा विचलन पर 54 दफा नोटिस, कार्रवाई एक बार
नक्शा विचलन पर 54 दफा नोटिस, कार्रवाई एक बार

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : शहर में नक्शा विचलन कर बनाई गई 46 इमारतों के मालिकों को जमशेदपुर अक्षेस ने अब तक 54 दफा नोटिस जारी की है। लेकिन, कार्रवाई महज एक बार हुई है। मालिकों ने प्रशासन को धोखे में रख कर 2011 में सभी इमारतों की सील हलफनामा देकर खुलवा ली थी। लेकिन, इसके बाद न तो प्रशासन ने और ना ही जेएनएसी ने हलफनामा पर अमल कराने का काम किया।

जमशेदपुर में 46 इमारतें ऐसी हैं जिन्होंने नक्शे में बेसमेंट में पार्किंग दिखाई है। लेकिन, इनमें पार्किंग का व्यवसायिक प्रयोग हो रहा है। बेसमेंट में दुकानें और शोरूम बना दिए गए हैं। 2011 में हाईकोर्ट के आदेश पर इन इमारतों के बेसमेंट सील किए गए थे। लेकिन, बाद में इन्हें खोल दिया गया। बस इमारतों के मालिकों से एक हलफनामा ले लिया गया कि वो बेसमेंट को पार्किंग में तब्दील कर देंगे। इसके बाद कोई अधिकारी झांकने तक नहीं गया कि इन इमारतों के बेसमेंट पार्किंग में तब्दील किए गए या नहीं। पिछले साल जमशेदपुर अक्षेस के विशेष अधिकारी संजय पांडेय ने साकची मेन रोड की पांच इमारतों के बेसमेंट फिर सील कर दिए थे। लेकिन, इन बेसमेंट को शहर के एक कद्दावर नेता के कहने पर प्रशासन ने दूसरे ही दिन खुलवा दिया। इसके बाद से नगर विकास विभाग ने भी इन इमारतों के बेसमेंट सील करने का आदेश कई बार दिया लेकिन, कार्रवाई नहीं हुई। अब हाईकोर्ट में मामले ने फिर सुनवाई शुरू की है। तीन मई को जमशेदपुर अक्षेस के विशेष अधिकारी हाईकोर्ट के सामने जवाब के साथ खुद पेश होंगे। इसीलिए, इन इमारतों के मालिकों को फिर नोटिस जारी की गई है।

--

हाईकोर्ट में सुनवाई है। हाईकोर्ट के आदेश पर इन इमारतों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कृष्ण कुमार सिंह, विशेष अधिकारी जमशेदपुर अक्षेस

chat bot
आपका साथी