Tata Steel के खिलाफ माझी परगना महाल का हुड़का जाम आंदोलन स्थगित

Majhi Pargana Mahal Hudka Jam माझी परगना महाल ने 24 नवंबर को घोषणा की थी कि पांच दिन के अंदर कंपनी प्रबंधन ने सकारात्मक वार्ता नहीं की तो 13 दिसंबर को टाटा स्टील का हुड़का जाम कर दिया जाएगा।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 01:59 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 01:59 PM (IST)
Tata Steel के खिलाफ माझी परगना महाल का हुड़का जाम आंदोलन स्थगित
माझी परगना महाल ने 13 दिसंबर को प्रस्तावित हुड़का (गेट) जाम आंदोलन स्थगित कर दिया है।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : आदिवासी स्वशासन व्यवस्था के माझी परगना महाल ने टाटा स्टील के खिलाफ 13 दिसंबर को प्रस्तावित हुड़का (गेट) जाम आंदोलन स्थगित कर दिया है। जुगसलाई तोरोप परगना के बाबा दशमत हांसदा ने बताया कि टाटा स्टील प्रबंधन के साथ 26 नवंबर को उनकी प्रथम वार्ता हुई, जिसमें यह तय हुआ कि कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों पर गंभीरता से पहल करेगी। इसके तहत कंपनी प्रो-ट्राइबल रिक्रूटमेंट पालिसी का निर्माण किया जाएगा, ताकि स्थानीय आदिवासियों को रोजगार का अवसर मिले।

इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, कौशल विकास, उद्यमिता के क्षेत्र में आदिवासियों की सहभागिता व भूमिका को सुनिश्चित किया जाएगा। इन विषयों के अतिरिक्त जनसरोकार के सभी विषयों एवं आदिवासियों की कला, संस्कृति, पहचान, अस्तित्व एवं मानव कल्याण के संबंध में चर्चा कर इसे अक्षुण्ण बनाने की दिशा में कम्यूनिटी व कारपोरेट मिलकर काम करेंगे। इस दौर की वार्ता में तय हुआ कि प्रत्येक तिमाही को आदिवासी स्वशासन व्यवस्था माझी परगना महाल व टाटा स्टील प्रबंधन के बीच समीक्षा बैठक होगी। हर बैठक में पिछली बैठक की सकारात्मक प्रगति का सूक्ष्म अवलोकन किया जाएगा। वहीं सीएसआर (कारपोरेट सामाजिक दायित्व) के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रमों के संबंध में भी कंपनी प्रबंधन माझी परगना महाल को आवश्यक सूचना व जानकारी उपलब्ध कराएगा।

वार्ता में रहे शामिल

सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर में हुई वार्ता में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कारपोरेट सर्विसेज) चाणक्य चौधरी, चीफ (सीएसआर) सौरभ राय व हेड (टीसीएस) जिरेन टोपनो के अलावा दशमत हांसदा, सुखराम किस्कू (गिधीझोपड़ी), दुर्गाचरण मुर्मू (तालसा), मुनीराम मार्डी (डाड़ी), बासु हांसदा (कुदादा), मोहन हांसदा (मुईगुट्टू), बीर सिंह बास्के (हाकेगोड़ा), लखन सोरेन (जगन्नाथपुर), नवीन मुर्मू (कुचूंग दिशोम सुतरेत), धानो मार्डी (माझी सुतरेत सोमाय झोपड़ी) व सुकुमार सोरेन (पुड़ीहासा) शामिल थे। ज्ञात हो कि महाल ने 24 नवंबर को घोषणा की थी कि पांच दिन के अंदर कंपनी प्रबंधन ने सकारात्मक वार्ता नहीं की, तो 13 दिसंबर को टाटा स्टील का हुड़का जाम कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी