Jharkhand: जानिए कैसे मिला जमशेदपुर की फरीदा को आईसीयू बेड, जम्मू कश्मीर से किसने किया ट्वीट

जमशेदपुर की 56 वर्षीय फरीदा अहसन के लिए जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर मदद पहुंचाने का अनुरोध किया था। आजादनगर निवासी फरीदा अहसन कोरोना संक्रमित हैं। सांस लेने में तकलीफ़ और लगातार गिरते आक्सीजन लेवल पर उमर ने चिंता ज़ाहिर की।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 11:40 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 12:38 PM (IST)
Jharkhand: जानिए कैसे मिला जमशेदपुर की फरीदा को आईसीयू बेड, जम्मू कश्मीर से किसने किया ट्वीट
जमशेदपुर की फरीदा को जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री के ट्वीट के बाद आईसीयू बेड मिला।

जमशेदपुर, जासं। झारखंड के जमशेदपुर शहर की 56 वर्षीय फरीदा अहसन के लिए जम्मू - कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को ट्वीट कर मदद पहुंचाने का अनुरोध किया था। आजादनगर निवासी फरीदा अहसन कोरोना संक्रमित हैं। सांस लेने में तकलीफ़ और लगातार गिरते आक्सीजन लेवल पर चिंता ज़ाहिर करते हुए उमर अब्दुल्ला ने एक फॉरवडेड मैसेज पर संज्ञान लेकर अपने ट्विटर हैंडल से मदद के लिए ट्वीट किया।

महिला की तबियत चिंताजनक बनी हुई थी। अस्पतालों में आईसीयू बेड की अनुपलब्धता से परेशान परिजनों ने इधर-उधर काफ़ी प्रयास किया, इसके बावजूद काम नहीं बना। इंटरनेट मीडिया के जरिए जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तक बात पहुंची तो उन्होंने भी मदद के लिए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और जमशेदपुर के उपायुक्त से मदद पहुंचाने का आग्रह किया। ट्वीट पर एक ओर जहां स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने डीसी सूरज कुमार को मामले की जानकारी लेकर जरूरी मदद पहुंचाने का निर्देश दिया। वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक सह भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के प्रयास से मानगो के साकेत अस्पताल में फरीदा अहसन को आईसीयू में बेड उपलब्ध हो सका। इससे पूर्व मरीज़ का इलाज कांतिलाल अस्पताल में चल रहा था लेकिन तबीयत ज्यादा बिगड़ने से परिजन चिंतित थे। कुणाल षाड़ंगी के प्रयास पर साकेत अस्पताल में आईसीयू में इलाज चल रहा है।

इन्होंने की पहल

कुणाल षाड़ंगी के निर्देश पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अनुराग जायसवाल ने मरीज के परिजनों से संपर्क किया तथा साकेत अस्पताल प्रबंधन से समन्वय बनाकर तत्काल कोविड संक्रमित महिला को आईसीयू में एडमिट करवाया। इस आशय की पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने अपने ट्वीटर हैंडल से उमर अब्दुल्ला को टैग करते हुए जानकारी दी है। कहा है कि उनकी टीम और डॉक्टर अपने स्तर से हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मरीज़ के जल्द आरोग्य होने की प्रार्थना की है।

chat bot
आपका साथी