हर दीदी के घर में हो किचन गार्डेन, मिलेगा पौष्टिक आहार : एनएन सिन्हा

भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा ने सोमवार को घाटशिला प्रखंड अंतर्गत रूर्बन मिशन के तहत चयनित काशिदा पंचायत में विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आवास समेत अन्य योजनाओं का भी निरीक्षण कर जानकारी ली।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 08:00 AM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 08:00 AM (IST)
हर दीदी के घर में हो किचन गार्डेन, मिलेगा पौष्टिक आहार : एनएन सिन्हा
हर दीदी के घर में हो किचन गार्डेन, मिलेगा पौष्टिक आहार : एनएन सिन्हा

संवाद सहयोगी, घाटशिला : भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा ने सोमवार को घाटशिला प्रखंड अंतर्गत रूर्बन मिशन के तहत चयनित काशिदा पंचायत में विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आवास समेत अन्य योजनाओं का भी निरीक्षण कर जानकारी ली। उनके संग झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनीष रंजन, राज्य मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी, झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसायटी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नैंसी सहाय मौजूद रहीं। मऊभंडार स्पो‌र्ट्स क्लब ग्राउंड में बने हेलीपैड पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने चारों अधिकारियों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। यहां से केंद्रीय ग्रामीण विकास सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा ने मऊभंडार डायरेक्टर बंग्ला में उपायुक्त, उपविकास आयुक्त, एडीसी समेत अन्य पदाधिकारियों संग बैठक ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की है। यहां से अधिकारियों का काफिला काशिदा पंचायत के तामुकपाल पहुंचा। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक कल्याणी मैत्र के आवास का गृह प्रवेश कराया गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग के सचिव ने लाभुक कल्याणी मैत्र को प्रमाण पत्र व उपहार भेंट किया। निरीक्षण के क्रम में झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनीष रंजन, राज्य मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी, झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसायटी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नैंसी सहाय, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार, एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन, उप विकास आयुक्त परमेश्वर भगत, एनईपी निदेशक ज्योत्सना सिंह, एसडीओ सत्यवीर रजक, मजिस्ट्रेट जयप्रकाश करमाली, बीडीओ कुमार एस अभिनव, सीओ राजीव कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। सचिव, आयुक्त व निदेशक ने चखा मुढ़ी का स्वाद : भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा ने काशिदा में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन योजना अंतर्गत दुर्गा महिला मंडल समूह के मुढ़ी प्लांट का निरीक्षण किया है। रूर्बन मिशन योजना अंतर्गत महिला समूह को मुढ़ी प्लांट स्वरोजगार हेतु दिया गया है। केंद्रीय सचिव ने मुढ़ी प्लांट का निरीक्षण कर महिला समूह के सदस्यों से प्लांट के संचालन व उत्पादन से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मुढ़ी के मॉर्केटिग के बारे में भी जानकारी ली। महिला समूह को कई सुझाव दिए। प्लांट में उत्पादित किए जा रहे मुढ़ी को खाकर उसका स्वाद लिया है। उनके संग मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी व जेएसएलपीएस की डायरेक्टर नैंसी सहाय ने भी मुढ़ी खाकर महिला समूह की प्रशंसा की। महिला समूह के सदस्यों ने केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग सचिव, राज्य ग्रामीण विकास सचिव, मनरेगा आयुक्त, जेएसएलपीएस डायरेक्टर समेत अन्य को खुद के प्लांट में उत्पादित मुढ़ी के पैकेट दिए। प्लांट अवलोकन करने के बाद केंद्रीय ग्रामीण विकास सचिव ने महिला समूह के सदस्यों को मुढ़ी के बाजार मूल्य की कीमत भी दी। काशिदा में बन रहे हेरिटेज विलेज का किया अवलोकन : रूर्बन मिशन के तहत चयनित काशिदा पंचायत के चेंगजोड़ा में बन रहे हेरिटेज विलेज का ग्रामीण विकास विभाग के सचिव व अन्य अधिकारियों ने अवलोकन किया। हैरिटेज विलेज के निर्माण कार्य के बारीकियों को देखा। उन्होंने हेरिटेज विलेज के प्रेजेंटेशन को भी देखा। हेरिटेज विलेज में लकड़ी व मिट्टी के बनाएं गए सामग्री को देख इसकी प्रशंसा की व कई सुझाव दिए। लगभग चार करोड़ की लागत से रूर्बन मिशन के तहत हेरिटेज विलेज का निर्माण कराया जा रहा है। हैरिटेज विलेज में ट्राइबल कल्चर, ट्राइबल विलेज व अन्य सारी ग्रामीण परिवेश की झलक देखने को मिलेगी। इसके लिए मिट्टी व लकड़ी के खूबसूरत घर बनाएं जा रहें हैं। जहां बाहर से लोग आकर हेरिटेज विलेज में ठहर कर एक ग्रामीण परिवेश महसूस करें। इसके अनुसार इसे बनाया जा रहा है। ग्रामीण विकास सचिव को बताया गया कि यहां 70 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। कम लागत में ज्यादा उत्पादन के लिए समूह के रूप में करना होगा काम : केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग के सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा ने काशिदा में पंचायत के महिला समूह के सदस्यों संग बैठक कर उनसे जानकारी ली। वे किस तरह से पंचायत में काम कर रहीं है इसकी विस्तृत जानकारी सखी मंडल के दीदी से ली गई। बैठक में कहा कि इस योजना का उद्देश्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जैसी बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई इत्यादि सुविधाएं है, बाकि शिक्षा, स्वास्थ्य इस प्रकार की सुविधाएं है। उनका भी स्तर बढ़ना चाहिए जिससे की यह महसूस न हो कि गांव में रहते है तो वह सुविधाएं नहीं मिल रहीं है। तीसरा मुख्य उद्देश्य है हम कैसे अपनी गतिविधियों को संचालित करें व संपादित करें। जिससे कि इस क्षेत्र में जो आर्थिक गतिविधियों हो रहीं वह ऊंचा उठे। हर परिवार की आमदनी एक लाख रुपये सालाना हो, यह सुनिश्चित करें। कुछ लोग कर रहे हें, बाकि जो लोग नहीं कर पा रहे है वह कैसे करें हमे इसपर दिमाग लगाना है। ऐसा नहीं है कि गांव में उत्पादन नहीं हो रहा है। लेकिन हम उनको ऑर्गनाइज प्रोडक्शन इंडस्ट्री का रूप नहीं दे पा रहे हैं। क्योंकि हम अकेले उत्पादन कर रहें हैं। हम ज्यादा उत्पादन कर सकें और उत्पादन की लागत कम कर सकें। इसके लिए जरूरत है कि समूह के रूप में काम करें। उन्होंने महिला समूह से कहा कि हर दीदी के घर में किचन गार्डन होना चाहिए। इससे पौष्टिक आहार मिलेगा व आर्थिक लाभ भी हो सकेगा। केंद्रीय सचिव ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों से भी बात की। पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग के सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा ने कहा कि हर परिवार को 2-3 से ज्यादा आजीविका से जोड़ सकें, यही उद्देश्य है। क्योंकि यहां जो लोग हैं, उनके पास इतना संसाधन नहीं है कि सिर्फ एक आजीविका पर ही निर्भर रह सकें। कोई खेती कर रहा है तो उसके साथ पशुपालन करें, मधुपालन करें। संगठित होकर संगठन के रूप में काम करें। बहुत से लोग काम कर रहे हैं, लेकिन उसे बड़े पैमाने पर करने की जरूरत है। अगर आप छोटे स्केल पर करेंगे तो उसका लाभ नहीं मिल पाएगा। अगर आप स्केल बड़ा करेंगे तो बड़ा लाभ मिल पाएगा। बड़े पैमाने पर ग्रुप के रूप में करेंगे तो लाभ बड़ा मिलेगा। यह अलग-अलग आयाम है। विकास की प्रक्रिया है। थोड़ा टाइम तो लगा है। शायद जल्दी करते तो और अच्छा होता। अभी जो दिशा दिख रही है, वह सही है। गति बढाने की जरूरत है। मौके पर प्रमुख हीरामनी मुर्मू, जिला परिषद देवयानी मुर्मू, मुखिया पोलटू सरदार उपस्थित थे। काशिदा में बंद मिला मार्केट कॉम्पेल्स भवन : केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग के सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा के निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान वे काशिदा सड़क किनारे बने मार्केट काम्पलेक्स के समीप रुके। मार्केट काम्प्लेक्स देखने के लिए सचिव पहुंचे, लेकिन मॉर्केट काम्प्लेक्स भवन में बाहर से ताला बंद मिला। मार्केट काम्प्लेक्स भवन को खोला नहीं गया था। केंद्रीय सचिव ने बाहर से ही अधिकारियों से जानकारी ली व आगे दूसरी योजनाओं के निरीक्षण के लिए बढ़ गए। केंद्रीय सचिव बुरुडीह डैम में ग्रामीणों की बैठक में शामिल हुए। यहां मत्स्य विभाग के योजना का शुभारंभ किया।

chat bot
आपका साथी