पूर्वी सिंहभूम जिले के 87 हजार किसानों को मिल चुका किसान क्रेडिट कार्ड, एक दिन में 17 हजार को बांटा

पूर्वी सिंहभूम जिले में 1.21 लाख लाभुकों में 70 हजार लाभुकों को केसीसी योजना का लाभ दे दिया गया था। 49 हजार लोगों को ओर लाभ मिलना था जिसमें 25 हजार आवेदन लिए गए थे। इनमें से 17 हजार किसानों को केसीसी का लाभ दिया गया।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 09:52 AM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 09:52 AM (IST)
पूर्वी सिंहभूम जिले के 87 हजार किसानों को मिल चुका किसान क्रेडिट कार्ड, एक दिन में 17 हजार को बांटा
लाभुकों को प्रतीकात्मक चेक देते पूर्वी सिंहभूम के अधिकारी। जागरण

जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले में 1.21 लाख लाभुकों में 70 हजार लाभुकों को केसीसी योजना का लाभ दे दिया गया था। 49 हजार लोगों को ओर लाभ मिलना था, जिसमें 25 हजार आवेदन लिए गए थे। इनमें से 17 हजार किसानों को सोमवार को केसीसी का लाभ दिया गया। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार ने बताया कि इसी प्रकार मुख्यमंत्री पशुधन विकास वितरण योजना के तहत 1200 किसानों को लाभ देना था, जिसमें बत्तख पालन, सूअर पालन, बकरी पालन आदि योजना शामिल हैं। इस योजना का 80 लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है।

सोमवार को 29 लाभुकों को उक्त योजना से लाभान्वित क़िया गया। इसके साथ ही प्रगतिशिल डेयरी फार्मर, जिनके पास 10 लीटर से ज्यादा की दुग्ध उत्पादन क्षमता है। वैसे डेयरी फार्मर को उनके फार्म विकसित करने के लिए 10 या पांच गाय के साथ डीप बोरिंग की सुविधा का लाभ सुनिश्चित किया गया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कृषि विभाग झारखंड सरकार की ओर से झारखंड मंत्रालय रांची में किसानों के बीच किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) व मुख्यमंत्री पशुधन वितरण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जहां मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विशिष्ट अतिथि के रूप मे कृषि मंत्री बादल पत्रलेख उपस्थित थे। इस कार्यक्रम से पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय भी जुड़ा हुआ था। रांची के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका व बोकारो के किसानों से वर्चुअल वार्ता की। इसी को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां किसानों के बीच किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) वं मुख्यमंत्री पशुधन वितरण किया गया।

अगस्त-सितंबर में लगेगा शिविर

उपायुक्त सूरज कुमार ने बताया कि अगस्त व सितंबर में जिला प्रशासन का प्रयास है कि जो किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान एवं केसीसी से नहीं जुड़े हैं, वैसे किसानों को विशेष कैंप के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर उपविकास आयुक्त परमेश्वर भगत, निदेशक डीआरडीए सौरभ कुमार सिन्हा, डीटीओ पूर्वी सिंहभूम, डीएओ पूर्वी सिंहभूम, डीएएचओ पूर्वी सिंहभूम, एलडीएम पूर्वी सिंहभूम आदि उपस्थित थे।

कोरोना से लड़ाई में दो एंबुलेंस मिला

उपायुक्त सूरज कुमार ने कहा कि कोविड संक्रमण से लड़ाई अभी भी जारी है। कोविड से निपटने के लिए हर वर्ग का भरपूर सहयोग मिला है। इसी क्रम में बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने जिला प्रशासन को एक एंबुलेंस व एक मोक्ष वाहन दिया। उपायुक्त ने कहा बहरागोड़ा सुदूरवर्ती क्षेत्र है, अब वहां के लोगों को सुविधा के साथ मरीजों को लाने में सहूलियत होगी। जिला प्रशासन स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु प्रयासरत है। सभी के सकारात्मक सहयोग व समन्वय से हम निश्चित ही कोविड की इस लड़ाई को जीतने में सफल होंगे।

chat bot
आपका साथी