Jugsalai, Jamshedpur Murder Case: विक्रम हत्याकांड में टुनटुन सिंह और उसके समधी के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल

ट्रासंपोर्टर विक्रम सिंह की विगत दो मई की रात हुई हत्या मामले में जुगसलाई थाना की पुलिस ने ओम नारायण सिंह उर्फ टुनटुन सिंह और उसके समधी राजकुमार सिंह उर्फ राजू के खिलाफ अनुसंधान के 90 दिन पूरे होने के बाद जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित कर दिया।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 04:50 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 04:50 PM (IST)
Jugsalai, Jamshedpur Murder Case: विक्रम हत्याकांड में टुनटुन सिंह और उसके समधी के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल
टुनटुन सिंह की पत्नी अनिता सिंह जिला परिषद की उपाध्यक्ष रह चुकी है।

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर शहर के जुगसलाई स्टेशन रोड के होटल एबी पैलेस परिसर में होटल कैलाश रेसीडेंसी के मालिक सह ट्रासंपोर्टर विक्रम सिंह की विगत दो मई की रात हुई हत्या मामले में जुगसलाई थाना की पुलिस ने ओम नारायण सिंह उर्फ टुनटुन सिंह और उसके समधी राजकुमार सिंह उर्फ राजू के खिलाफ अनुसंधान के 90 दिन पूरे होने के बाद जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित कर दिया। वहीं टुनटुन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह उर्फ गाेलू, मृतक के चाचा शत्रुघन सिंह, उसकी पत्नी सुनीता सिंह और पुत्र आकाश सिंह को राहत प्रदान कर दिया। इन आरोपितों के खिलाफ जांच जारी रहने की बात कही गई है।

फिलहाल इन आरोपितों के खिलाफ कोई आरोप पत्र समर्पित नहीं किया गया है। हत्या के मामले में पुलिस शिकायतकर्ता अमर प्रताप सिंह और उसके भाई संजू सिंह का न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज करवा चुकी है। राजकुमार सिंह पर हत्याकांड में साजिशकर्ता होने और टुनटुन सिंह को मुख्य आरोपित बताते हुए आरोप पत्र समर्पित पुलिस ने किया है। कई साक्ष्य एकत्र किए हैं। हत्याकांड के मुख्य आरोपित टुनटुन सिंह को जुगसलाई थाना की पुलिस ने मानगो से सात मई को गिरफ्तार किया था। उसके पास से पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए थे। होटल के पीछे से हत्या के बाद पुलिस ने पिलेट बरामद किया था। टुनटुन सिंह और उसके समधी राजकुमार सिंह दोनों घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद हैं। हत्या की घटना के बाद ही पुलिस ने राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह को टाटा मुख्य अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया था। वहां हत्या के आक्रोश में लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी। आरोपित का परसुडीह कृषि उत्पादन बाजार समिति में ट्रांसपोर्ट है। मुख्य आरोपित परसुडीह थाना क्षेत्र राधिकानगर कालोनी का निवासी है।

अमर प्रताप सिंह की शिकायत पर हुइ थी एफआइआर

विक्रम सिंह की हत्या मामले में होटल एबी पैलेस के मालिक ओम नरायण सिंह उर्फ टुनटुन सिंह, उसके पुत्र अभिषेक सिंह, समधी राजकुमार उर्फ राजू सिंह, विक्रम सिंह के चाचा शत्रुघन सिंह, उनकी पत्नी सुनीता सिंह और बेटे आकाश समेत अज्ञात के खिलाफ जुगसलाई थाना में आपराधिक षडयंत्र के तहत गोली मारकर हत्या किए जाने की प्राथमिकी घटना के प्रत्यक्षदर्शी अमर प्रताप सिंह उर्फ बाबा की शिकायत पर जुगसलाई थाना में दर्ज की गई थी जिसमें 2 मई की रात होटल परिसर में हुई पूरी घटना का जिक्र किया गया था।

लेनदेन का था विवाद

गौरतलब है कि टुनटुन सिंह की पत्नी अनिता सिंह पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद की उपाध्यक्ष रह चुकी है। स्टेशन रोड में एबी पैलेस टुनटुन सिहं की है। जुगसलाई स्टेशन रोड कैलाश टावर निवासी अमर प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया था पांच लाख बकाया के लेन-देन को लेकर जुगसलाई के राजकुमार सिंह ने उसे उसके चाचा शत्रुघन सिंह के कहने पर होटल एबी पैलेस में घटना के दिन बुलाया। वहां वे अपने एक रिश्तेदार के साथ गए। देखा होटल के स्वागत कक्ष के सामने टेबुल पर टुनटुन सिंह और राजकुमार सिंह शराब सेवन कर रहे थे। अभिषेक सिंह और अन्य वहीं आस-पास थे। बातचीत करने को टुनटुन सिंह उसे अपनी चैंबर की ओर ले गए। गाली-गलौज करते हुए पिस्तौल निकाल ली। गोली मार देने की धमकी देते हुए पिस्तौल लहराने लगे। यह देख उसने अपने भाई संजू सिंह और विक्रम सिंह को बुलाया। सभी के साथ टुनटुन सिंह समेत होटल में मौजूद लोग उलझ गए थे। टुनटुन सिंह ने पिस्तौल से संजू सिंह की ओर गोली चला दी जो उसे नहीं लगी। दूसरी गोली विक्रम सिंह पर फायरिंग कर दी जो छाती में जा लगी। भाई को टीएमएच ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। टुनटुन सिंह समेत अन्य पिस्तौल लहराते हुए भाग निकले थे।

chat bot
आपका साथी