जमशेदपुर पहुंचे बाबूलाल मरांडी, दोमुहानी से बिष्टुपुर तक जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत

Jharkhand Politics बाबूलाल मरांडी मंगलवार को साकची स्थित भाजपा के जिला कार्यालय जाएंगे जहां वे जिला स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य के ज्वलंत विषयों पर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश भी देंगे। ये रही पूरी जानकारी।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 05:39 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 05:39 PM (IST)
जमशेदपुर पहुंचे बाबूलाल मरांडी, दोमुहानी से बिष्टुपुर तक जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत
बाबूलाल मरांडी का आगमन दोपहर करीब 12 बजे सोनारी स्थित दोमुहानी से शहर में प्रवेश करते ही हुआ।

जमशेदपुर, जासं। भाजपा विधायक दल के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी दो दिन के प्रवास पर सोमवार को लौहनगरी जमशेदपुर पहुंचे। शहर आते ही उनका भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शुरुआत सोनारी स्थित दोमुहानी पुल से हुई, जिसके बाद जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

बाबूलाल सोमवार को बिष्टुपुर के मिलानी हॉल में आयोजित होने वाले अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला सम्मेलन व जिला कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद भाजपा जिला पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष, मंडल के अध्यक्ष समेत सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारियों व जिला परिषद के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। बाबूलाल मरांडी रात 8.30 बजे बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन जाएंगे, जहां शहर के बुद्धिजीवी वर्ग एवं व्यापारी वर्ग के साथ भी संवाद करेंगे। भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने बताया कि भाजपा महानगर ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के शहर आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम के मद्देनजर कार्यों को वर्गीकृत कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन स्थानों पर हुआ स्वागत

बाबूलाल मरांडी का आगमन दोपहर करीब 12 बजे सोनारी स्थित दोमुहानी से शहर में प्रवेश करते ही हुआ। यहां उनका स्वागत भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने किया। इसके बाद, साई मंदिर मोड़ सोनारी में किसान मोर्चा, भूतनाथ मंदिर के समीप, गोलचक्कर पर पिछड़ा जाति मोर्चा के द्वारा, पेट्रोल पंप रजक समाज के पास अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा, सर्किट हाउस गोलचक्कर पर सोनारी मंडल द्वारा, बेल्डीह क्लब, गोलचक्कर पर अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा, जुस्को गोलचक्कर पर कदमा मंडल द्वारा, गोपाल मैदान चौक के गोलचक्कर पर बिष्टुपुर व जुगसलाई मंडल और वीमेंस कॉलेज, गोलचक्कर पर महिला मोर्चा द्वारा स्वागत किया गया। बाबूलाल मरांडी जमशेदपुर स्थित परिसदन में रात्रि विश्राम करेंगे।

मंगलवार को जाएंगे जिला कार्यालय

बाबूलाल मरांडी मंगलवार को साकची स्थित भाजपा के जिला कार्यालय जाएंगे, जहां वे जिला स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य के ज्वलंत विषयों पर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश भी देंगे।

chat bot
आपका साथी