Jharkhand Assembly Election 2019 : दोपहर बाद टूटा मौन, 15 से 60 पहुंचा मत प्रतिशत

Jharkhand Assembly Election 2019.इस बार आदिवासी समाज के लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। राजनगर में दिखी जहां इस बार 74 फीसद मतदान हुआ।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sun, 08 Dec 2019 04:36 PM (IST) Updated:Sun, 08 Dec 2019 04:36 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019 :  दोपहर बाद टूटा मौन, 15 से 60 पहुंचा मत प्रतिशत
Jharkhand Assembly Election 2019 : दोपहर बाद टूटा मौन, 15 से 60 पहुंचा मत प्रतिशत

जमशेदपुर,वीरेंद्र ओझा। Jharkhand Assembly Election 2019 जमशेदपुर से एकदम सटे आदित्यपुर से ही सरायकेला विधानसभा क्षेत्र शुरू हो जाता है। शनिवार को सुबह दस बजे तक माहौल देख यह समझना मुश्किल हो रहा था कि इन इलाकों में मतदान हो रहा है।

आदित्यपुर से गम्हरिया तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों के सन्नाटे का असर बूथों पर भी नजर आ रहा था। इक्का-दुक्का लोग ही नजर आ रहे थे। कहीं भी लंबी लाइन नहीं। आदित्यपुर व गम्हरिया में कंपनियां बंद थीं, बैंक बंद थे, तो अधिकांश दुकानों के शटर भी गिरे हुए थे। दोपहर बारह बजे तक यही माहौल बना रहा। यहां से थोड़ा आगे गम्हरिया के लाल बिल्डिंग पहुंचते ही सन्नाटा टूटता प्रतीत हुआ। रोज की तरह सब्जी बाजार गुलजार था। बाजार से पहले ही गम्हरिया प्रखंड कार्यालय है, जहां अलग-अलग भवनों में चार बूथ थे।  

दोपहर से आई तेजी, लंबी होती चली गई कतार

मतदान को लेकर सुबह से चल रही ठंडक  में दोपहर से गर्मी आनी शुरू हुई जब बूथों पर अचानक गहमागहमी बढऩे लगी। देखते ही देखते रौनक आई, कतारें लंबी होती चली गईं। नतीजा यह रहा कि 11 बजे तक मात्र 15.66 फीसद मतदान का ग्राफ तेजी से बढऩे लगा। यह प्रतिशत महज दो घंटे में दोपहर एक बजे 15.66 से बढकर 47.36 तक पहुंच गया। यह तेजी जारी रही और तीन बजे तक यह आंकड़ा 60 फीसद को पार कर गया। खास यह कि इस बार आदिवासी समाज के लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इसकी नजीर आदिवासी बहुल राजनगर में दिखी जहां इस बार 74 फीसद मतदान हुआ। इस विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री और झामुमो प्रत्याशी चंपाई सोरेन, भाजपा के गणेश महाली और जेवीएम से अनंतराम टुडू सहित सात प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। बूथों पर भाजपा और जेएमएम के लोग ही अधिक सक्रिय दिख रहे थे।

कांड्रा क्षेत्र में मतदान को लेकर अधिक रहा उत्साह 

वहीं कांड्रा बाजार स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय में मतदाताओं की भारी भीड़ थी। इस तरह की भीड़ अन्य बूथों पर नहीं दिखी। सरायकेला के कोलाबीरा के प्रखंड कार्यालय और मुडिय़ा के मिडिल स्कूल मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें थीं। इस बार सरायकेला का मतदान प्रतिशत 2014 के विधानसभा चुनाव से करीब चार फीसद कम यानी करीब 61 फीसद रहा। 

बूथ के बाहर नहीं दिखा किसी पार्टी का झंडा

इस बार सरायकेला विधानसभा के किसी भी बूथ के बाहर किसी भी पार्टी का झंडा नहीं दिखा। एक दल के कार्यकर्ता ने बताया कि पिछली बार झंडा और टेंट को लेकर एकाध जगह कार्यकर्ताओं में मारपीट की नौबत आ गई थी। इस बार जिला प्रशासन ने बूथ के बाहर टेंट या झंडा लगाने से मना किया था। 

chat bot
आपका साथी