Jamshedpur Weather Update: बारिश से बेहाल हुआ जमशेदपुर, स्वर्णरेखा-खरकई का बढ़ा जलस्तर ALERT

बंगाल की खाड़ी में उठे साइक्लोन का ही असर है कि जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण चांडिल डैम के साथ ही नदियों के जलस्तर भी बढ़ रहा है। जमशेदपुर में तटीय इलाकों के लोगों को अलर्ट किया गया है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 07:00 AM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 10:39 AM (IST)
Jamshedpur Weather Update: बारिश से बेहाल हुआ जमशेदपुर, स्वर्णरेखा-खरकई का बढ़ा जलस्तर ALERT
स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 117.260 मीटर पर है

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश लगातार हो रही है। जमशेदपुर में शुक्रवार को 34 मिमी बारिश रिकार्ड किया गया। बारिश के साथ ही 14 से 22 किमी प्रति घंटे के हिसाब से हवा भी बहती रही है। बारिश के कारण मौसम में ठंडकपन आ गया है। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि बारिश से पूरे जमशेदपुर शहर का हाल बेहाल है।

लगातार बारिश के कारण मानगो के बिरसा रोड में एक मकान का दीवार गिर जाने से दो लोगों को आंशिक रूप से चोट लगी। स्वर्णरेखा व खरकई नदी के जलस्तर में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे साइक्लोन का ही असर है कि जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण चांडिल डैम के साथ ही नदियों के जलस्तर भी बढ़ रहा है। इस संबंध में चांडिल डैम की देखरेख कर रहे कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि खरकई नदी का जलस्तर 127.190 मीटर था जबकि खतरे का निशान 129 मीटर होने से होता है। इसी तरह स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 117.260 मीटर पर  है, जबकि खतरे का निशान 121 मीटर से अधिक होने पर होता है।

किसानों को पेड़ के नीचे नहीं रुकने की सलाह

मौसम विभाग ने द्वारा जारी रेड अलर्ट में खेतों में काम कर रहे किसानों को चेतावनी दी गयी है कि वह बारिश के दौरान पेड़ के नीचे नहीं जाएं। बारिश होने पर किसी सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। मौसम विभाग ने अपील की है कि पेड़ के आसपास आकाशीय बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है। ऐसी स्थिति में बारिश व गर्जन होने के समय पेड़ के नीचे बिलकुल नहीं जाएं।

पूर्वी सिंहभूम के पटमदा-बोड़ाम में सर्वाधिक 75 मिमी हुई बारिश

पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। जिसमें सर्वाधिक बारिश पटमदा व बोड़ाम प्रखंड में 75-75 मिमी रिकार्ड की गई। जिले में औसत 50.2 मिमी बारिश हुई।

शुक्रवार को प्रखंडवार बारिश एक नजर में

जमशेदपुर - 34.0 मिमी पोटका - 34.4 मिमी पटमदा - 75.0 मिमी बोड़ाम - 75.0 मिमी मुसाबनी - 50.2 मिमी डुमरिया - 31.4 मिमी घाटिशला - 56.0 मिमी धालभूमगढ़ - 44.4 मिमी चाकुलिया - 68.4 मिमी बहरागोड़ा - 62.4 मिमी गुड़ाबांधा - 23.6 मिमी बाढ़ की संभावना के मद्देनजर नदी किनारे के लोगों को किया गया सतर्क

दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने व डैम से पानी छोड़ने की संभावना को देखते हुए शुक्रवार को मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय के निर्देश पर तटीय इलाके में बसे लोगों को माइकिंग के माध्यम से सतर्क किया गया। माइकिंग से लोगों को कहा गया कि यदि असुरक्षित महसूस कर रहे हों तो नगर निगम द्वारा बनाए गए अस्थाई राहत शिविरों में आश्रय ले सकते हैं। दीपक सहाय ने बताया कि लक्ष्मण नगर, श्याम नगर, रामनगर, वर्कर्स कॉलेज क्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों में माइकिंग करते हुए लोगों को अलर्ट किया गया।

chat bot
आपका साथी