Jamshedpur Hotel Owner Murder Case : टुनटुन सिंह की गिरफ्तारी से सामने आएगी घटना की हकीकत
Jamshedpur Hotel Owner Murder Case गोली पिस्तौल की छीना-झपटी में चली या फिर टुनटुन सिंह ने टारगेट कर गोली मारी। ये पुलिस के लिए जांच के विंदु हैं। अमूमन लाइसेंसी धारक पिस्तौल किस परिस्थिति में निकालते हैं ये परिस्थिति पर भी निर्भर करता है।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर शहर के जुगसलाई स्टेशन रोड के होटल एबी पैलेस परिसर में कैलाश रेसीडेंसी के मालिक सह ट्रांसपोर्टर विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के स्वजनों ने एबी पैलेस के मालिक ओम नारायण सिंह उर्फ टुनटुन सिंह, उनके समधी राजकुमार उर्फ राजू सिंह, बेटे अभिषेक सिंह समेत अन्य पर लगाए हैं। घटना होटल परिसर में पांच लोगों की मौजूदगी में हुई। टुनटुन सिंह फरार है।
वहीं मामले की तफ्तीश में पुलिस टीम जुटी हुई है। घटनास्थल से खोखा भी बरामद नहीं हुए हैं। आखिर खोखा कहां गया। पूरी घटना कैसे और किस परिस्थिति में हुई ये टुनटुन सिंह की गिरफ्तारी या उसके आत्मसमर्पण किए जाने के बाद ही सामने आ सकती है। गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने स्वजनों पर दबाव बना रखा है। गोली लाइसेंसी पिस्तौल से चली है। ये आरोप घटना के प्रत्यक्षदर्शी ऋषभ सिंह, अमर प्रताप सिंह, संजू सिंह के हैं। सभी ने घटना को लेकर जो जुगसलाई थाना के सामने पुलिस को बयां किया है। उस अनुसार टुनटुन सिंह पिस्तौल निकाल कह रहे थे गोली मार देंगे। बचने को पिस्तौल की छीना-झपटी भी हुई। संजू सिंह की ओर पिस्तौल से गोली चली, लेकिन मिस फायर हो गई। दूसरी गोली विक्रम सिंह को छाती में लग गई। गोली पिस्तौल की छीना-झपटी में चली या फिर टुनटुन सिंह ने टारगेट कर गोली मारी। ये पुलिस के लिए जांच के विंदु हैं। अमूमन लाइसेंसी धारक पिस्तौल किस परिस्थिति में निकालते हैं ये परिस्थिति पर भी निर्भर करता है।
पांच लाख रुपए की वापसी का था विवाद
मृतक के रिश्तेदार ऋषभ सिंह ने पुलिस अधिकारियों को जैसा कि घटना के बाद बताया कि टुनटुन सिंह और अमर प्रताप सिंह के बीच बकाए पांच लाख रुपये की वापसी को लेकर बातचीत हो रही थी। अमर प्रताप सिंह को राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह ने होटल पर बुलाया था। बातचीत में अचानक हो-हल्ला शुरू हो गया। टुनटुन सिंह ने पिस्तौल निकाल ली। इस पर उसने अपने भाई संजू सिंह और विक्रम सिंह को होटल पर बुला लिया। इसके बाद वहां हाथापाई होने लगी। पिस्तौल को लेकर छीना-झपटी भी हुई और गोली चल गई। विक्रम को जा लगी। उसे टीएमएच ले जाया गया यहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। इस बीच टुनटुन सिंह, राजू सिंह और अन्य फरार हो गए। पूरी घटना होटल की सीसीटीवी में कैद हुई या नहीं। इसका पता फिलहाल पुलिस लगा रही है। टुनटुन के परसुडीह थाना क्षेत्र खासमहल घर पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। वहीं कुछ रिश्तेदारों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। जुगसलाई स्टेशन रोड में क्यूआरटी फोर्स की तैनाती की गई है।
विक्रम सिंह का शव का हुआ पोस्टमार्टम, अंतिम संस्कार की तैयारी
विक्रम सिंह के जुगसलाई कैलाश अपार्टमेंट में लोगों का रविवार रात से ही आना-जाना लगा हुआ है। लोगों की भीड़ एकत्र है। विक्रम सिंह का ससुराल बिहार के हाजीपुर में है। भतीजी गुवाहाटी में रहती है। ससुराल पक्ष के लोगों के सोमवार देर शाम शहर पहुंचने की संभावना है। स्वजनों ने मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया था। इसे बदलाव करते हुए सोमवार को ही शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार हो गए। शव का पोस्टमार्टम कोविड जांच के बार किया गया।