मैराथन दौड़ में जमशेदपुर के अर्जुन ने मारी बाजी

महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिसमें भाग लेकर प्रतिभागियों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। रविवार को सबसे पहले सुबह 9 बजे से मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 09:42 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 07:08 AM (IST)
मैराथन दौड़ में जमशेदपुर के अर्जुन ने मारी बाजी
मैराथन दौड़ में जमशेदपुर के अर्जुन ने मारी बाजी

संवाद सूत्र, चाकुलिया : गूंज महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें भाग लेकर प्रतिभागियों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। रविवार को सबसे पहले सुबह 9 बजे से मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शहर से करीब 11 किमी दूर स्थित शांतिनगर से चाकुलिया तक प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। मुख्य अतिथि जमशेदपुर के डीडीसी परमेश्वर भगत एवं विशिष्ट अतिथि घाटशिला एसडीपीओ राजकुमार मेहता ने गूंज परिवार के संरक्षक सह विधायक समीर महंती की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। मौके पर डीडीसी एवं एसडीपीओ ने गूंज परिवार द्वारा आयोजित इस महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा निखारने में मदद मिलेगी। उन्होंने मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। दौड़ के दौरान रास्ते में सड़क के दोनों तरफ ग्रामीण ताली बजाकर मैराथन धावकों का हौसला बढ़ा कर रहे थे। मैराथन दौड़ में जमशेदपुर के अर्जुन टुडू प्रथम, सिल्दा पश्चिम बंगाल के तारक मांडी द्वितीय तथा जमशेदपुर के बबलू टुडू तृतीय स्थान पर रहे। समीर मोहंती ने बताया कि गूंज परिवार की ओर से उन्हें नकद पुरस्कार एवं ट्राफी प्रदान की जाएगी। मौके पर उन्होंने खाली पैर दौड़ने पहुंचे एक युवक को जूता मंगाकर दिया। तीरंदाजी में मनोहर रहे अव्वल :

शहर के नामोपाड़ा सन्यासी थान में गूंज परिवार के तत्वावधान में रविवार को तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पुरुष एवं महिला दोनों ने भाग लिया। इसका उद्घाटन स्थानीय थाना प्रभारी रंजीत उरांव ने तीर चलाकर किया। प्रतियोगिता में करीब डेढ़ सौ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें सलकागड़िया के मनोहर हेंब्रम ने सबसे सटीक निशाना साधकर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर नीमडीह के ठाकुर दास मुर्मू, तीसरे स्थान पर पश्चिम बंगाल के सिदाम हेंब्रम, चौथे स्थान पर तिलाबनी के राम मुर्मू तथा पांचवें स्थान पर मधुपुर के सपन मुंडा रहे। महिला वर्ग में कुलडीहा की बारी हांसदा प्रथम, नीमडीहा की बासनी मुर्मू द्वितीय तथा डूमनी मुर्मू तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता के आयोजन में गूंज परिवार के धनंजय करुणामय, श्याम मांडी, पतित पावन दास, अमर हांसदा, दशरथ मुर्मू, मिथुन कर आदि की सक्रिय भूमिका रही। उधर डाक बंगला परिसर में आयोजित वालीबॉल प्रतियोगिता का उदघाटन श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी काजल कुमार दुबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके अलावा यहां स्कूली बच्चों की गणित प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

chat bot
आपका साथी