Cannabis smuggling in Jharkhand: जमशेदपुर में ओडिशा से हो रही गांजा की आपूर्ति, यहां से बिहार और बंगाल भेजा जाता मादक पदार्थ
पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर और इससे सटे इलाके में गांजा की आपूर्ति ओडिशा के अंगुल गंजाम मलकान गिरी और कोरापुट से हो रही हैै। प्रतिदिन माल जमशेदपुर पहुंचता है। यहां माल डंप किए जाते हैं। इसके बाद माल को बिहार और बंगाल भेजा जाता है।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर और इससे सटे इलाके में गांजा की आपूर्ति ओडिशा के अनुगुल, गंजाम, मलकान गिरी और कोरापुट से हो रही हैै। प्रतिदिन माल जमशेदपुर पहुंचता है। यहां माल डंप किए जाते हैं। इसके बाद माल को बिहार और बंगाल भेजा जाता है।
गंजाम, कोरापुट और फूलमनी क्षेत्र की गांजा की विशेष मांग है। दस जून को साकची में सात क्विंटल गांजा के साथ जमशेदपुर और बिहार के चार लोग पकड़े गए थे जाे मिनी ट्रक में आम की टोकरी मे गांजा को छुपाकर ला रहे थे। कुछ माल जमशेदपुर में उतारा जाना था। बाकी माल बिहार के रोहतास में भेजा जाना था। गांजा की तस्करी करनेवाले चार हजार प्रतिकलो गांजा की खरीद कर ढाई से दोगुना कीमत पर बेचते हैं।
ट्रक,निजी कार, पिकअप वैन और बस से आता माल, ऐसे होते तस्करी
गांजा तस्करी के धंधे से जुड़े लोग ओडिशा से गांजा जमशेदपुर तक लाने के लिए ट्रक, निजी कार,पिकअप वैन और बस का इस्तेमाल करते हैं। जांच से बचने के लिए वाहनों में ऊपरी हिस्से में सब्जी, फल, अनाज दिखावे के लिए लोड किया जाता है और गांजा को सबसे नीचे रखा जाता हैै। कई पिकअप वैन के डाले में अलग से केबिन बनाकर रखा गया है जिसमें गांजा लाया जाता है। पूर्वी सिंहभूम जिले के सीमाक्षेत्र बहरागोड़ा में मार्च 2020 में कार में ओडिशा से गांजा लाने के आरोप में बिहार के चार तस्करो को पकड़ा गया था। ओडिशा से जब माल जमशेदपुर आता है तो धंधे से जुड़े लोग वाहन के आगे-पीछे दूरी बनाकर स्कार्ट करते हुए चलते हैं। चेकिंग प्वाइंट और पुलिस को देखने पर फोन कर एक-दूसरे को सूचित किया जाता है ताकि जिस वाहन में माल है उसे सुरक्षित किसी स्थान पर रोक दिया जाए। चेकिंग नहीं होने पर माल सीधे जमशेदपुर के सुरक्षित इलाके में पहुंचा दिए जाते हैं। यहां से माल यात्री बस या निजी वाहन से बिहार और बंगाल भेज दिए जाते हैं। मानगो बस स्टैंड से बिहार और बंगाल की ओर जाने वाली यात्री बस से गांजा ले जाने के आरोप में कई बार गिरोह से जुड़े लोग पकड़े जा चुके हैं। बावजूद माल आ रहा और इसकी आपूर्ति जारी है।
हर इलाके में गिरोह सक्रिय
जमशेदपुर में विशेष कर गांजा परसुडीह, टेल्को, मानगो, आजादनगर, बागबेड़ा, साकची, सीतारामडेरा, टेल्को, जोजोबेड़ा, शहर से सटे सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर, कपाली, सरायकेला, चांडिल, चौका में डंप किया जाता है जो छोटे-छोटे प्लास्टिक की पुडिया में दो ग्राम से लेकर दस ग्राम तक बंद कर बेचने वालों को उपलब्ध कराते हैं।