प्रखंड कार्यालय परिसर में पांच लाख का शौचालय अधूरा

प्रखंड परिसर में मुख्यमंत्री विकास योजना मद से बनने वाला शौचालय चार साल बाद भी अधूरा है। शौचालय झाड़ियों से ढका है। इसकी प्राक्कलित राशि लगभग पांच लाख रुपये है। यह कार्य ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा किया जा रहा था। शौचालय में ना दरवाजे लगे हैं न ही पैन लगी है। शौचालय में पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं है..

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Oct 2020 12:44 AM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 12:44 AM (IST)
प्रखंड कार्यालय परिसर में पांच लाख का शौचालय अधूरा
प्रखंड कार्यालय परिसर में पांच लाख का शौचालय अधूरा

संसू, धालभूमगढ़ : प्रखंड परिसर में मुख्यमंत्री विकास योजना मद से बनने वाला शौचालय चार साल बाद भी अधूरा है। शौचालय झाड़ियों से ढका है। इसकी प्राक्कलित राशि लगभग पांच लाख रुपये है। यह कार्य ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा किया जा रहा था। शौचालय में ना दरवाजे लगे हैं न ही पैन लगी है। शौचालय में पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। प्रखंड परिसर में शौचालय नहीं होने के कारण दूरदराज से आने वाली महिलाओं के लिए काफी परेशानी होती थी। इस बारे में जब विधायक लक्ष्मण टुडू से कहा तो उन्होंने मुख्यमंत्री विकास योजना मद से पांच लाख की लागत से बनने वाले शौचालय के निर्माण के लिए वहां शिलान्यास किया था। लेकिन चार साल पूरे होने के बाद भी वह कार्य अब तक अधूरा है तथा झाड़ियों से घिरा हुआ है।

रामकृष्ण विवेकानंद शारदा विद्या पीठ ने बांटे वस्त्र : घाटशिला प्रखंड के फुलपाल गांव में स्थित रामकृष्ण विवेकानंद शारदा विद्या पीठ ने दुर्गा पूजा के अवसर पर क्षेत्र के जरूरतमंद महिलाओं के बीच मंगलवार को वस्त्र का वितरण किया। गालूडीह क्षेत्र के बड़बिल रंकिणी पहाड़ दुर्गा मंडप परिसर में हलुदबोनी, जामाईपड़ा और बड़बिल गांव में 100 जरूरतमंद महिलाओं को विद्या पीठ के महाराज स्वामी सुतोपानंद की ओर से वस्त्र प्रदान किए गए। जिला पार्षद अध्यक्ष बुलु रानी सिंह, उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने साड़ी का वितरण किया। इस अवसर पर स्वामी सुतोपानंद ने कहा हमेशा प्रयास रहता है कि दुर्गा पूजा जैसे त्योहार में सभी खुशी और हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएं। प्रति वर्ष की भांति इस महामारी में लोग खुश रहें सभी के चेहरे खुशी से खिल उठें। मौके पर जिला पार्षद पूर्णिमा कर्मकार, पूर्व पार्षद राजू कर्मकार, दारा सिंह, संजय भकत और चंडी भकत आदि उपस्थित थे।

कांग्रेस नेता सैमसन मुर्मू को पत्नी शोक : प्रखंड अंतर्गत कालचिति पंचायत स्थित बुरूडीह गांव निवासी कांग्रेसी कार्यकर्ता सैमसन मुर्मू की धर्मपत्नी कल्पना मुर्मू (35) की इलाज के दौरान जमशेदपुर स्थित टीएमएच अस्पताल में निधन हो गया। उनकी धर्मपत्नी कई दिनों से रक्त की कमी एवं शारीरिक कमजोरी से जूझ रही थीं। अपने पीछे पति, ससुर और दो छोटी छोटी बच्ची समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गई हैं। गांव के कब्रगाह में मंगलवार को रीति रिवाज के अनुसार पुष्प अर्पित कर और मोमबत्ती जलाकर विधिवत अंतिम संस्कार की रस्म निभाई गई। इधर, सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू बुरूडीह गांव पहुंची। शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक जताया। इस अवसर पर विश्वनाथ गोराई, दिलीप महतो, सुनील मुर्मू समेत विभिन्न क्षेत्र से आए समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

डोभा में डूबने से एक बच्चे की मौत : प्रखंड के माटीहना पंचायत अंतर्गत माटीहना गांव के रतन सिंह का पुत्र दो वर्षीय सौरभ सिंह घर के पास एक डोभा ने डूब गया। जिसमें उसकी मौत हो गई। परिवार वाले तत्काल उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में रतन सिंह ने बताया कि पुत्र घर के सामने खेल रहा था। खेलते-खेलते कब डोभा के पास चला गया, यह किसी ने नहीं देखा। काफी मन्नत के बाद कई वर्ष के बाद एक पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। वह भी आज चला गया कहते हुए फफक पड़े। घटना को लेकर परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इधर विधायक समीर महंती ने घर पहुंच कर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और आर्थिक मदद की। इस दौरान विधायक के साथ प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, सुब्रत पानी, आशीष गिरी, मिथुन कर आदि मौजूद थे।

स्वतंत्रता सेनानी गोपेश नारायण देव की मनी पुण्यतिथि : स्वतंत्रता सेनानी गोपेश नारायण देव की 29वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मुसाबनी प्रखंड स्थित तेरंगा गांव में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिला संगठन सचिव जगदीश भकत ने कहा स्वतंत्रता सेनानी गोपेश बाबू 1942 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा भारत छोड़ो आंदोलन में शरीक हुए थे। उन्होंने जगदीश चंद्र उच्च विद्यालय में तिरंगा फहराने में सहयोग किया था। उस समय शिव प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में आंदोलन के दौरान जेल यात्रा भी गए थे। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर आत्मा शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर स्वतंत्र सेनानी के पुत्र गोवर्धन नारायण देव, पौत्र उत्तम नारायण देव, मो. जलील, फारुख सिद्दीकी, रफीक आलम, नीलकमल महतो, मृत्युंजय यादव, मो. जैनुल और परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

सर्पदंश से विवाहित महिला की मौत : प्रखंड अंतर्गत कांड़ाडुबा गांव में मंगलवार को सर्प दंश से विवाहित महिला गीतारानी पाल की पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के संबंध में पति गुहिराम पाल ने बताया विगत एक सप्ताह पहले पत्नी अपने खेत में काम कर रही थीं इस क्रम में अचानक एक विषैला सांप ने काट लिया था। परिजनों एवं ग्रामीणों के द्वारा इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया था। वहां से उसे इलाज के लिए झाडग्राम ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई। उनके निधन की सूचना जिला परिसद सदस्य देव्यानी मुर्मू को मिलते ही देर शाम उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। इसके पश्चात रीति रिवाजों के अनुरूप विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर अभिजीत दास, सुधीर दास, समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सांस्कृतिक संथाली ड्रामा स्थगित : शहीद सिद्धो-कान्हो स्मारक समिति जादूगोड़ा की ओर से दुर्गा पूजा के उपलक्ष पर नवमी के दिन होने वाले सांस्कृतिक संथाली ड्रामा को स्थगित कर दिया है। इसकी सूचना यूसिल प्रबंधन को मंगलवार को समिति के सदस्य मंगल सोरेन ने दी है। उन्होंने बताया कि जादूगोड़ा परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय एक के खेल मैदान में ड्रामा का आयोजन होना था लेकिन इस वर्ष कोविड-19 को देखते हुए स्थगित कर दिया गया है।

धालभूमगढ़ मंडल कमेटी का विस्तार : धालभूमगढ़ भाजपा मंडल कमेटी का मंगलवार को मंडल अध्यक्ष विमल कालिदी जिला कमेटी के निर्देश पर किया। मंडल कमेटी में सांसद व पूर्व विधायक समेत 19 आमंत्रित सदस्य एवं 19 कार्यकारिणी सदस्य का मनोनयन किया गया। साथ ही मंडल कमेटी में महामंत्री संजीत भालुक और सुशील कुमार हेंब्रम को बनाया गया। उपाध्यक्ष में सरोज साव, निरंजन नामाता, पुटू राम मुंडा और प्रतिमा गायन का चयन किया गया है। बिरा टुडू, संअू विश्वास, डोमन हेम्ब्रम, झंटु सिंहदेव को मंत्री, कोषाध्यक्ष विक्रम चौबे, सोशल मीडिया प्रभारी उत्तम सुराल एवं आइटी सेल प्रभारी सूरज पात्र को बनाया गया है।

जर्जर सड़क का सांसद ने किया निरीक्षण : मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत झाटीझरना पंचायत के भोमराडीह से सिदरीयाम गांव के बीच बनी सड़क डुंगरनाला के समीप टूट गई है। ग्रामीणों की शिकायत पर सांसद विद्युत वरण महतो ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने नाराजगी जाहिर की। ग्रामीण ने बताया वर्ष 2018 में पुलिया निर्माण के दौरान दोनों ओर सड़क निर्माण हुआ पर कुछ ही माह में दरार पड़ने के कारण अब धंसने लगी है। सांसद ने कहा सड़क की पुन: मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को जानकारी दी जाएगी। जांच कर ठेकेदार से मरम्मत कराई जाएगी। निर्माण कार्य में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुसाबनी प्रखंड के 64वें स्थापना दिवस पर जले 64 दीप : मंगलवार को मुसाबनी प्रखंड कार्यालय में प्रखंड का 64वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला संगठन सचिव जगदीश भकत ने कहा कि 20 अक्टूबर 1957 को मुसाबनी प्रखंड की स्थापना हुई थी। प्रखंड के पहले प्रखंड विकास पदाधिकारी आरएन जायसवाल थे। वर्तमान में प्रखंड में 19 पंचायत हैं। हिदुस्तान कापर लिमिटेड की माइंस, यूसीआइएल की जादूगोड़ा व बागजाता यूरेनियम माइंस मुसाबनी प्रखंड में ही स्थित है। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन ने कहा कि मुसाबनी के लिए गौरव की बात है कि आज प्रखंड का 64वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर 64 दीप जलाए गए। मौके पर प्रखंड कर्मियों व आम लोगों के बीच मिठाई वितरण भी किया गया। इस अवसर पर सोमाय सोरेन, मो फारुख सिद्दीकी, रफीक आलम आदि मौजूद थे।

239 लोगों की हुई कोरोना जांच, नहीं मिला पाजिटिव : सीएचसी की ओर से पिछले दो दिनों में कोरोना जांच अभियान के तहत 239 लोगों की जांच की गई। चिकित्सा प्रभारी डा अखौरी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि सोमवार को 79 व मंगलवार को 50 लोगों की जांच रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से की गई, जिसमें कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया। इसके अलावा सोमवार को आरटीपीसीआर से 20 व मंगलवार को 50 और ट्रूनेट से 40 लोगों की जांच की गई। संबंधित लोगों की की रिपोर्ट जल्द ही आ जाएगी। इधर, मंगलवार को प्रखंड कार्यालय के समीप जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय में प्रवेश करने वालों की जांच के लिए सैंपल लिए गए। मौके पर जयश्री महतो, बेला रानी पोर व महेंद्र करवा उपस्थित थे।

किसानों को दी गई कृषि उपज व्यापार व वाणिज्य अधिनियम की जानकारी : कृषि उपज व्यापार व वाणिज्य अधिनियम-2020 की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को घाटशिला प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में वेबिनार के माध्यम से चौपाल लगाकर किसानों को जागरूक किया गया। इस क्रम में धरमबहाल व उत्तरी मऊभंडार पंचायत के किसानों से प्रखंड कृषि पदाधिकारी पतित पावन घोष, सहायक तकनीकी प्रबंधक दिलेश्वर महतो, जनसेवक पियूष कुमार मंडल, जनसेवक सह कल्याण पर्यवेक्षक बबलू कुमार सोरेन ने वेबिनार के माध्यम से किसानों को संबंधित अधिनियम की जानकारी दी। मौके पर किसान बुद्धेश्वर मार्डी, किसान मित्र अर्जुन मुर्मू, गणेश मुर्मू, बादल चंद्र रजक, रीता मुर्मू, मुकेश कुमार मुर्मू, सुब्रतो प्रमाणिक समेत अन्य किसान उपस्थित थे।

मंडल कमेटी में अनुभवी व समर्पित कार्यकर्ताओं को मिली जगह : भाजपा मंडल अध्यक्ष तुषारकांत पातर ने मंगलवार को भाजपा मंडल कमेटी गठन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जिला कमेटी से मिले आदेश के तहत मंडल कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में अनुभवी व समर्पित कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है। बीजू मिश्रा, नीलू भट्टाचार्य व महेश्वर हांसदा को उपाध्यक्ष, विष्णु रजक, बिरमान लामा को महामंत्री, जोबा सरदार, विजय कैवर्त, रूपा भकत, मालती पातर सत्यजीत सरकार को मंत्री व शिबू गुहा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। कमेटी में किशोर सिन्हा व दशरथ टूडू को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। साथ ही दिलीप पाल, संदीप अग्रवाल, राकेश जूलियन व अशोक दत्ता को सोशल मीडिया प्रभारी व कृष्णा मार्डी, प्रदीप विषई, सोनू सिंह को आइटी सेल का प्रभारी बनाया गया है। मंडल कमेटी में 38 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं। सांसद विद्युत वरण महतो समेत 27 विशेष आमंत्रित सदस्य भी बनाए गए हैं। मंडल अध्यक्ष ने बताया कि मंडल कमेटी पार्टी के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का काम करेगी। साथ ही क्षेत्र की जनसमस्याओं के निदान के लिए कमेटी हमेशा तत्पर रहेगी।

chat bot
आपका साथी