जमशेदपुर के मानगो में 50 लाख रंगदारी नहीं देने के कारण की गई शापिंग मॉल पर फायरिंग, दो गिरफ्तार

Firing at shopping mall in Mango गिरोह ने शापिंग मॉल बोड़ाम के डिमना डैम के गेरूवा में प्रभाकर साहू के वाटर प्लांट गोलमुरी के रिफ्यूजी कालेानी निवासी मनमोहन अग्रवाल के घर पर और सीतारामडेरा स्लैग रोड में फायरिंग की थी।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 05:31 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 05:31 PM (IST)
जमशेदपुर के मानगो में 50 लाख रंगदारी नहीं देने के कारण की गई शापिंग मॉल पर फायरिंग, दो गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मानगो के उलीडीह से शहनवाज उर्फ शाहरुख को पहले गिरफ्तार किया था।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन शापिंग मॉल का काम बंद कराने और फायरिंग किए जाने के मामले में पुलिस ने दाे और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले तीन आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपितों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि गिरोह के सदस्यों ने शापिंग मॉल के मालिक से 50 लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी, नहीं देने के कारण गिरोह के तीन सदस्यों ने 10 सितंबर को फायरिंग की थी। मामले में निहाल नासिर की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसकी जानकारी देते हुए सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया गिरोह ने शापिंग मॉल, बोड़ाम के डिमना डैम के गेरूवा में प्रभाकर साहू के वाटर प्लांट, गोलमुरी के रिफ्यूजी कालेानी निवासी मनमोहन अग्रवाल के घर पर और सीतारामडेरा स्लैग रोड में फायरिंग की थी। मामले में उलीडीह कुंवर सिंह रोड निवासी शहनवाज उर्फ शाहरुख, उलीडीह निवासी रवि कुमार शर्मा और आदित्यपुर सालडीह बस्ती के रोहित लोहार को आजादनगर थाना की पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार दो अन्य आरोपितों में बिहार के वैशाली जिले के वजीदपुर निवासी नंदन कुमार पंडित और साकची काशीडीह लाइन नंबर तीन के नेहाल सिंह है। इनके पास से दो बाइक, स्कूटी, दो पिस्तौल, दो गोली और चार मोबाइल बरामद की गई है।

पहले हुयी थी शाहरूख की गिरफ्तारी

सिटी एसपी ने बताया मानगो के आजादनगर और डिमना डैम के गेरुवा में हुई फायरिंग के मामले में पटमदा डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने मानगो के उलीडीह से शहनवाज उर्फ शाहरुख को पहले गिरफ्तार किया था। उसके पास से पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए थे। उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी की गई। पत्रकार वार्ता में सीसीआर डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता, पटमदा डीएसपी सुमित कुमार, मानगो, आजादनगर, उलीडीह, गोलमुरी और सीतारामडेरा के थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी