Health Tips: हड्डियों को मजबूत रखने के लिए खाएं यह चीज, नहीं तो जवानी में दिखने लगेंगे बूढ़े
Health Tips महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल जमशेदपुर की डायटीशियन अनु सिन्हा कहती हैं कि हड्डियों को मजबूत करने के लिए उन सभी तत्वों को ग्रहण करना होगा जो हमारे हड्डियों को स्ट्रांग बनाने में मददगार है। ये रही पूरी जानकारी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । हड्डियां हमारे शरीर का आधार होता है। हड्डियां जितना मजबूत होंगी, हमारा शरीर भी उतना ही स्ट्रांग होगा। क्योंकि हमारा शरीर हड्डियों पर आधारित होता है। अगर हमारी हड्डियां कमजोर होती है तो शरीर भी कमजोर हो जाता है। इसलिए हड्डियों को मजबूत करने के लिए इन खाद्य पदार्थों का करें उपयोग। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो आप जवानी में ही बूढ़े नजर आने लगेंगे।
इस संबंध में महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल की डायटीशियन अनु सिन्हा कहती हैं कि हड्डियों को मजबूत करने के लिए उन सभी तत्वों को ग्रहण करना होगा जो हमारे हड्डियों को स्ट्रांग बनाने में मददगार है। डायटीशियन अनु सिन्हा आज बता रही हैं खाना में क्या खाएं ताकि हमारी हड्डी मजबूत हो सके और हमारा शरीर स्वस्थ रह सके।
हड्डियों को मजबूत करने के लिए इन चीजों का करें इस्तेमाल
डायटीशियन अनु सिन्हा कहती हैं कि हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए हमें कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन डी के साथ ही अन्य पोषक तत्वों को ग्रहण करने की जरूरत होती है। हालांकि हम प्रतिदिन उपरोक्त पोषक तत्वों को ग्रहण करते हैं, लेकिन नियमित नहीं होने के कारण ही हमारी हड्डियां कमजोर हो जाती है। यही कारण है कि आज के समय यदि जरा भी उबड़-खाबड़ जमीन पर पैर रख दिए तो फ्रैक्चर होने की संभावना अधिक रहती है।
कैल्शियम - हमारे शरीर के लिए कैल्शियम आपूर्ति का बड़ा स्रोत है दूध, बादाम, चावल, सोया मिल्क, ब्रोकली, मछली, हरी पत्तेदार सब्जियों के साथ ही फल को शामिल कर सकते हैं। उपरोक्त खाद्य पदार्थों का सेवन से शरीर को पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम मिलेगा। इसके लिए डेयरी प्रोडक्ट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
प्रोटीन - हड्डियों को मजबूत रखने में प्रोटीन का बहुत ही बड़ा योगदान है। जिसे हम आसानी से अपने घर में प्रतिदिन खाते हैं। जरूरत है उसके पहचानने वह नियमित खाने की। प्रोटीन के लिए कद्दू के बीज, मूंगफली, अमरूद, झींगा आदि खानी चाहिए। इसी के साथ ही हड्डियों को मजबूत करने के लिए मैग्निशियम और पोटेशियम की भी जरूरत पड़ती है। इसके लिए पालक, सोयाबीन के साथ विटामिन सी, के व ए भी जरूरी है जो हमें टमाटर, गाजर, हरी सब्जियों, बादाम, काजू में मिलता है। डायटीशियन अनु सिन्हा कहती हैं कि कुल मिलाकर पोषक तत्वों को ग्रहण करने के लिए हमें संतुलित आहार लेते हुए उन सभी चीजों को अपनी आहार में शामिल करना होगा, जो हमारे शरीर के लिए फायदेजमंद होता है।
विटामिन डी - हड्डियों को मजबूत रखने के लिए हमें विटामिन डी की आवश्यकता होती है। क्योंकि विटामिन डी हमारी हड्डियों को मजबूत करता है। विटामिन डी लेने के लिए हमे प्रतिदिन 20-25 मिनट तक धूप में बैठना चाहिए।