Durga Puja 2021: दुर्गापूजा के लिए होने लगा भूमिपूजन, सादगी से दुर्गोत्सव मनाने का निर्णय

Durga Puja 2021 आकर्षक पंडालों विद्युत सज्जा व मेला के लिए विख्यात जमशेदपुर में अब दुर्गापूजा महोत्सव फीका पड़ गया है। दो साल से सरकार द्वारा जारी किए जा रहे कोरोना गाइड लाइन के कारण अब मेला ठेला से लेकर भोग वितरण तक पर रोक लगा दी गई है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 12:01 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 12:01 PM (IST)
Durga Puja 2021:  दुर्गापूजा के लिए होने लगा भूमिपूजन, सादगी से दुर्गोत्सव मनाने का निर्णय
दुर्गापूजा समिति कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए दुर्गापूजा करेगी।

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। शारदीय दुर्गापूजा में अपने आकर्षक पंडालों विद्युत सज्जा व मेला के लिए विख्यात जमशेदपुर में अब दुर्गापूजा महोत्सव फीका पड़ गया है। दो साल से सरकार द्वारा जारी किए जा रहे कोरोना गाइड लाइन के कारण अब मेला, ठेला से लेकर भोग वितरण तक पर रोक लगा दी गई है।

इस पर दुर्गापूजा समितियों का कहना है कि सरकार का गाइड लाइन समझ से बाहर है। दुर्गापूजा समिति के सदस्यों का कहना है कि कोरोना के कारण सरकार ने जो गाइड लाइन दिया है वह उसका पालन करेंगे, लेकिन बिना सोचे समझे भोग वितरण पर रोक किस मकसद से लगाया है यह समझ में नहीं आ रहा है।

पारडीह सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति खुद के खर्च पर करेगी पूजा : संतोष सिंह

पारडीह सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए दुर्गापूजा करेगी। इस संबंध में पूजा समिति के सचिव संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पूजा तो पूरी तरह भव्य तरीके से होगा, लेकिन मेला नहीं लगेगा। पहली बार दुर्गापूजा का आयोजन में किसी प्रकार का चंदा किसी से नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य आपस में चंदा कर पूजा करेंगे। उन्होंने बताया कि पंडाल्र, लाइटिंग पर 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। पूजा समिति के अध्यक्ष खोगेनचंद्र महतो, उपाध्यक्ष संतोष सिंह, अमल, अरूण गोराई, राशु मंडल, शंकर महतो आदि पूजा की तैयारी में जुटे हैं।

ट्यूब बारीडीह में दुर्गापूजा को लेकर भूमिपूजन

ट्यूब बारीडीह दुर्गापूजा मैदान में रविवार को श्रीश्री दुर्गा-लक्ष्मी एवं काली पूजा कमेटी द्वारा भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस संबंध में जानकारी देते हुए कमेटी के संजीव सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र उत्सव को सार्वजनिक रूप से मनाया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर संजीव सिंह के अलावा कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित थे।

पूजा के दौरान कोरोना गाइड लाइन का किया जाएगा पालन : विकास

टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 33 पर मानगो स्थित आशियाना अनंतरा में आयोजित होने वाली दुर्गापूजा को लेकर पंडाल निर्माण का भूमि पूजन रविवार को विधि विधान के साथ संपन्न हुआ। सोसाइटी के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि सरकार के कोविड-19 के गाइड लाइन के अनुसार ही पूजा की जाएगी। कलश स्थापना के दिन से ही पूजा का आयोजन होगा। पंडाल के चारों ओर सैनिटाइजर मशीन लगाया जाएगा। बिना मास्क का पंडाल में प्रवेश वर्जित रहेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में सोसाइटी के अध्यक्ष विकास सिंह, एके सिंह, डॉ रामकुमार, डॉ उमेश प्रसाद, अमल कुमार मैथी, भगवान प्रसाद गुप्ता, लक्ष्मी सिंह, रजनीश सिंह, विकास शर्मा, आरबी मिश्रा, मानस पाल, विजय रजक, विजय सिंह, रंजन कुमार शरण, रविंद्र कुमार पठानिया, ओपी मिश्रा, रतन कुमार झा आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी