New Corona Variant: सर्दी-खांसी को हल्के में नहीं लें, अलग नहीं है कोरोना के नए वैरिएंट का लक्षण

कोरोना के नए वैरिएंट का लक्षण कोई अलग नहीं है। इसमें भी सर्दी-खांसी जुकाम शरीर में ऐठन भूख न लगना सांस लेने में तकलीफ खाने में स्वाद व सूंघने में गंध का पता न लगना जैसे ही हो सकते हैं। इस तरह की परेशानी हो तो नजरअंदाज नहीं करें।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 02:15 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 02:33 PM (IST)
New Corona Variant: सर्दी-खांसी को हल्के में नहीं लें, अलग नहीं है कोरोना के नए वैरिएंट का लक्षण
बंगाल से आए सबसे अधिक 33 प्रतिशत लोग संक्रमित।

अमित तिवारी, जमशेदपुर : कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले में भी अलर्ट जारी किया गया है। चूंकि यहां विदेशों से सबसे अधिक लोग आते हैं इसलिए जिले में सख्ती बढ़ा दी गई है। जिला सर्विलांस विभाग के अनुसार, बीते दो माह में विभिन्न देशों से लगभग 377 लोग आए हैं। इसमें अक्टूबर माह में 146 व नवंबर माह में 231 लोग शामिल हैं। नवंबर माह में अभी तक कुल 62 लोगों का नमूना लिया गया है। इसमें 57 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि पांच की रिपोर्ट पेंडिंग है।

हालांकि, कोरोना के नए वैरिएंट को देखते हुए विदेशों से आने वाले हर यात्री व उनके स्वजनों की जांच करने का निर्णय लिया गया है क्योंकि शुरुआती दौर में अगर सावधानी नहीं बरती गई तो फिर इसे रोक पाना मुश्किल होगा। विदेश से आने वाले लोगों में दुबई, कतर, अमेरिका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, सउदी अरब, जापान सहित अन्य देशों से आए लोग शामिल हैं।

देश के विभिन्न राज्यों से भी पहुंच रहे मरीज, बंगाल बॉर्डर पर बढ़ाई गई सख्ती

पूर्वी सिंहभूम जिले में देश के विभिन्न राज्यों से भी लोग पहुंच रहे हैं। इस दौरान बस स्टैंड व टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों की जांच होती है। इसमें सबसे अधिक पश्चिम बंगाल से आने वाले संक्रमित मिले हैं। इसे देखते हुए बंगाल बॉर्डर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। वहां से आने वाले हर यात्रियों की जांच करने के साथ-साथ उनका पूरा पता लिया जा रहा है। ताकि रिपोर्ट आने के बाद उन्हें कोविड अस्पतालों में भर्ती किया जा सकें।

किस राज्य से कितने प्रतिशत आए मरीज (1 अक्टूबर से 25 नवंबर)

राज्य : प्रतिशत (%)

पश्चिम बंगाल : 33

बिहार : 17

ओडिशा : 13

झारखंड : 10

तामिलनाडू : 05

महाराष्ट्र : 05

मध्यप्रदेश : 04

गुजरात : 04

केरला : 02

दिल्ली : 02

छत्तीसगढ़ : 02

कर्नाटका : 01

उत्तर प्रदेश : 01

असम : 01

सर्दी-खांसी को हल्के में नहीं लें

कोरोना के नए वैरिएंट का लक्षण कोई अलग नहीं है। इसमें भी सर्दी-खांसी, जुकाम, शरीर में ऐठन, भूख न लगना, सांस लेने में तकलीफ, खाने में स्वाद व सूंघने में गंध का पता न लगना जैसे ही हो सकते हैं। अगर किसी को इस तरह की परेशानी हो तो उसे नजरअंदाज नहीं करें। किसी नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें। सावधानी ही बचाव है। वहीं, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, कैंसर, किडनी, अस्थमा से ग्रसित मरीजों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

इन देशों से आने वाले पर विशेष नजर

ब्रिटेन समेत यूरोपीय संघ के देश- दक्षिण अफ्रीका- ब्राजील- बांग्लादेश- बोत्सवाना- चीन- मारीशस- न्यूजीलैंड- जिम्बाब्वे- सिंगापुर- हांगकांग- इजरायल

विदेशों से आने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। कई लोग जांच कराना नहीं चाह रहे हैं जो गलत है। कोरोना के नियम-कानून का पालन करें। ताकि संक्रमण से बचा जा सकें।

- डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ।

chat bot
आपका साथी