जुबिली पार्क के मुद्दे पर भाजपा में अलग-अलग विचार, अभय ने कहा-बंद नहीं होनी चाहिए सड़क

जुबिली पार्क से होकर गुजरने वाली सड़क को लेकर भाजपा में अलग-अलग विचार सामने आ रहे हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा है कि जुबिली पार्क की सड़क बंद नहीं होनी चाहिए।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Fri, 27 Aug 2021 04:11 PM (IST) Updated:Sat, 28 Aug 2021 10:30 AM (IST)
जुबिली पार्क के मुद्दे पर भाजपा में अलग-अलग विचार, अभय ने कहा-बंद नहीं होनी चाहिए सड़क
गुरुवार को महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा था कि सड़क बंद रहनी चाहिए।

जमशेदपुर, जासं। जुबिली पार्क की मुख्य सड़क खोलने को लेकर अब तक महानगर भाजपा के सिवा झामुमो, कांग्रेस व भाजमो के विचार एक जैसे हैं, लेकिन अब महानगर भाजपा में भी अलग-अलग विचार सामने आ रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष व धनबाद के प्रभारी अभय सिंह ने कहा कि यह सड़क खुलनी चाहिए। अभय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी ट्वीट करके जुबिली पार्क की सड़क खोलने का आग्रह किया है।

ट्वीट में लिखा है कि मुख्यमंत्री जी जुबिली पार्क रोड को बंद होने से बचाएं। यह सड़क टाटा लीज एग्रीमेंट के तहत नागरिक सुविधा के लिए है। इसको बंद करने की तैयारी है, जो अनुचित है। क्या टाटा की समानांतर सरकार है, जो अपने मन से निर्णय लेती है। इससे पूर्व अभय ने कहा कि जुबिली पार्क शिडयूल-3 की जमीन है, लिहाजा उसके बीच से होकर गुजरने वाली सड़क भी शिडयूल-3 की जमीन पर है। अंचल अधिकारी के कार्यालय या जमशेदपुर के नक्शे में भी यह सड़क है, जो आम सड़क के रूप में अंकित है। 20 अगस्त 2005 को टाटा लीज के इकरारनामा में भी इसे स्पष्ट किया गया है। सरकार हो या टाटा स्टील, जमीन की प्रकृति को नहीं बदला जा सकता है। हालांकि यह दुर्भाग्य है कि इस शहर में कई जमीन की प्रकृति बदल दी गई है। मुख्यमंत्री को विचार करना होगा कि जमशेदपुर में समानांतर सरकार के तहत वर्षों से यहां के नागरिक आने-जाने में उपयोगकर्ता रहा हो, उसे बंद कर दिया जाना बिल्कुल तानाशाही हरकत है।

जुबिली पार्क के लिए सड़क पर उतरेंगे भाजमो कार्यकर्ता

जुबिली पार्क की मुख्य सड़क चालू कराने के लिए भारतीय जनतंत्र मोर्चा के कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। यह निर्णय साकची स्थित जिला कार्यालय में हुई बैठक में लिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़क के मुद्दे पर भाजपा के जिलाध्यक्ष गुंजन यादव का बयान महज राजनीतिक प्रतिशोध में लिया गया है। जिला महामंत्री मनोज सिंह उज्जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि जुबिली पार्क की सुविधाओं में इस बदलाव से शहर का हर वर्ग निराश है। विधायक सरयू राय के प्रयास और उपायुक्त के हस्तक्षेप से ही जुबिली पार्क में बैरिकेडिंग हटा और प्रवेश में पहचान पत्र की अनिवार्यता खत्म की गई थी। उपायुक्त ने ही जमशेदपुर की जनता को आश्वस्त किया था कि जुबिली पार्क का गेट सात दिन अंदर खोल दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भाजमो पार्टी के संरक्षक विधायक सरयू राय का मार्गदर्शन लेकर अग्रेतर कार्रवाई की तैयारी करेगी। बैठक में पूर्वी विधानसभा संयोजक अजय सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष वंदना नामता, भास्कर मुखी, विकास गुप्ता, राघवेंद्र प्रताप सिंह, चुन्नू भूमिज, तिलेश्वर प्रजापति, प्रवीण सिंह, विजय नारायण सिंह, महेश तिवारी, कैलाश झा, मुश्ताक अहमद, बिनोद कुमार यादव, कन्हैया ओझा, अमनवीर सिंह, मिहिर महतो, सुल्तान अहमद आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी