जन आकांक्षा की ओर बढ़ रहे मेरे कदम : सांसद

14वीं लोकसभा की चुनावी बेला में दैनिक जागरण ने देश भर में हर वोट कुछ कहता है पर जनता का मन-मिजाज टटोला था। नागरिकों की ओर से घोषणापत्र सांसद को सौंपा गया।

By Edited By: Publish:Mon, 19 Aug 2019 08:25 AM (IST) Updated:Mon, 19 Aug 2019 03:55 PM (IST)
जन आकांक्षा की ओर बढ़ रहे मेरे कदम : सांसद
जन आकांक्षा की ओर बढ़ रहे मेरे कदम : सांसद

जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)।14वीं लोकसभा की चुनावी बेला में दैनिक जागरण ने देश भर में 'हर वोट कुछ कहता है' पर जनता का मन-मिजाज टटोला था। चुनावी चौपाल में जनता के दिल की आवाज सुनी थी, तो सुदूर गांव में जाकर उनकी समस्या जानी-समझी। नागरिकों की ओर से तैयार किया गया यह घोषणापत्र रविवार को जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो को सौंपा गया। टेल्को स्थित सबुज कल्याण संघ में दैनिक जागरण के इस आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति सरयू राय ने सांसद विद्युत वरण महतो को जनता की इन मांगों को पूरा करने की शुभकामना दी।

इससे पहले सांसद ने दैनिक जागरण द्वारा सौंपे गए घोषणा पत्र में शामिल स्थानीय, राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय स्तर के तीन-तीन प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इसमें जनता ने जो उम्मीद की है, उस ओर मेरे कदम पहले से ही बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भी घोषणा पत्र पुस्तक के रूप में उपलब्ध कराया गया। पूर्व सैनिक वरुण कुमार के कुशल संचालन में हुए कार्यक्रम को जिला परिषद की अध्यक्ष बुलू रानी सिंह व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने भी संबोधित किया, जबकि स्वागत भाषण व विषय प्रवेश संपादकीय प्रभारी शशि शेखर व धन्यवाद ज्ञापन यूनिट हेड दिलावर साहू ने किया।

इनकी मौजूदगी रही उल्लेखनीय

इस दौरान झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह, भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा के बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष सुररंजन राय, परसुडीह मंडल अध्यक्ष पंकज सिन्हा, टेल्को मंडल अध्यक्ष पप्पू मिश्रा, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद, जिला सचिव विमलकांत झा, एसके सिंह, डीडी त्रिपाठी, जमशेदपुर चैंबर ऑफ कामर्स के संरक्षक मोहनलाल अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महासचिव श्रीकांत देव, जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, सुनीता साह, मुखिया प्रतिमा मुंडा, उपमुखिया सुनील गुप्ता, जिला कांग्रेस के महासचिव एसके सिंह, यूथ इंटक नेता उपेंद्र सिंह, भाजयुमो नेता विकास शर्मा समेत कई पूर्व सैनिक, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, समाजसेवी आदि उपस्थित थे।

जन समस्याओं को समझने में दैनिक जागरण का मिला सहयोग : विद्युत

जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से दोबारा सांसद चुने गए विद्युत वरण महतो ने अपना संबोधन दैनिक जागरण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि यह अखबार देश के कोने-कोने की हर छोटी-बड़ी खबर देता है। चुनाव के दौरान क्षेत्र की समस्याओं को जानने में भी दैनिक जागरण से काफी सहयोग मिला। विद्युत ने दैनिक जागरण द्वारा सौंपे गए नागरिकों के घोषणापत्र पर बिंदुवार विस्तार से प्रकाश डाला। टाटा-रांची ट्रेन जल्द : राष्ट्रीय स्तर के इस मुद्दे पर विद्युत वरण महतो ने कहा कि इस बार चुनाव जीतने के तुरंत बाद उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल व रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा से मिला। उनसे कहा कि जमशेदपुर में एयरपोर्ट नहीं है। बिहार-उत्तर प्रदेश के लोग काफी संख्या में रहते हैं, लिहाजा आवागमन के लिए उन्हें बेहतर रेल सुविधा मिलनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने जो स्वीकृति दी, उसके मुताबिक टाटा-रांची सुपरफास्ट ट्रेन बहुत जल्द शुरू होगी। इसके अलावा टाटा-दानापुर एक्सप्रेस को बक्सर होते हुए मुगलसराय तक ले जाने की बात हुई। उन्होंने रेल मंत्री को टाटा-जयनगर, टाटा-कटिहार, टाटा-भागलपुर ट्रेन चलाने, जालियांवालाबाग एक्सप्रेस कम से कम तीन दिन चलाने, टाटानगर से चक्रधरपुर होते हुए राउरकेला, टाटानगर से बड़बिल और टाटा से ईचागढ़, तिरुलडीह होते हुए मुरी तक मेमू ट्रेन, चाकुलिया से चांडिल, पटमदा होते हुए बांदवान तक 130 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का प्रस्ताव दिया। नई लाइन का सर्वे भी हो चुका है और देश भर में 14 नई रेल लाइनों में यह छठे नंबर पर है।

प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप से सेना ने दी हवाई अड्डा की स्वीकृति

हवाई सेवा के संबंध में विद्युत वरण महतो ने कहा कि जमशेदपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की मांग वर्षो से चल रही है। इसके लिए उन्होंने पहले कांड्रा में कोशिश की थी। एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) ने सर्वे भी किया, जिसके बाद उन्होंने इस स्थान को अनुपयोगी बताया। यहां से निराश होने के बाद उन्होंने धालभूमगढ़ को चुना। यहां सेना का पेंच फंस रहा था। इस पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की, जिसमें उन्हें बताया कि द्वितीय विश्वयुद्ध के समय देश भर में सेना ने 300 हवाई अड्डा बनाए थे। इनमें से अधिकांश आज बेकार पड़े हैं, जिनका उपयोग नागरिक उड्डयन में हो सकता है। इस संबंध में प्रधानमंत्री से हुई बातचीत का हवाला जब तत्कालीन रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने सेना की ओर से मंजूरी दे दी। इसके बाद ही भूमिपूजन किया गया। 100 करोड़ रुपये स्वीकृत भी हुए, जिससे इसका काम जल्द शुरू होगा। फिलहाल यह हवाई अड्डा 450 एकड़ में बनेगा, जबकि भविष्य में एक हजार एकड़ तक विस्तार किया जाएगा।

एनएच-33 का निर्माण शुरू, जल्द होगा पूरा

सांसद ने कहा कि टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) के लिए वे केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से 30 बार से ज्यादा बार मिला। उन्होंने इसकी पेचीदगी जानकर मुझे हाईकोर्ट में पीआइएल करने तक की सलाह दी, लेकिन ऐसा करने से निर्माण में विलंब होता, इसलिए उनसे ही कोई रास्ता निकालने को कहा। बड़ी मुश्किल के बाद एनएचएआइ खुद इसके निर्माण में पैसा लगाने को तैयार हुआ। गालूडीह से बहरागोड़ा तक यह सड़क बढि़या बन गई है, जबकि चांडिल से गालूडीह तक काम धीमा चल रहा है। वे इस सड़क के लिए लगातार प्रयासरत हैं, यह सड़क बहुत जल्द बनकर तैयार होगी।राज्यस्तरीय मुद्दे पर बोलते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि कुपोषण इस राज्य के लिए एक कलंक है। यह बात खाद्य आपूर्ति मंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक स्वीकार कर चुके हैं। यह ऐसा मसला है जिसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है। सिर्फ सरकार यह काम नहीं कर सकती। तमाम संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों को भी आगे आना होगा।

पटमदा में बन रहा कोल्ड स्टोरेज कोल्ड स्टोरेज की बात पर सांसद ने कहा कि राज्य में विकास परिषद बनी है, जिसके चेयरमैन मुख्यमंत्री के अलावा चार सांसद हैं। परिषद ने पूर्वी सिंहभूम में चार कोल्ड स्टोरेज बनाने का फैसला किया है, जिसके तहत पटमदा में कोल्ड स्टोरेज के लिए तीन माह से काम चल रहा है। इसके बाद घाटशिला, पोटका और बहरागोड़ा में भी कोल्ड स्टोरेज बनना है।

चांडिल डैम से पटमदा क्षेत्र में होगी खेती

सांसद ने 'खेतों में पहुंचे पानी' विषय पर कहा कि उनकी योजना चांडिल डैम से पटमदा समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी पहुंचाने की है। स्वर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना के तहत बने चांडिल डैम का पानी फिलहाल ओडिशा जा रहा है, लेकिन आसपास के किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। जब उन्होंने यह बात सदन में रखी कि 40 साल में इस परियोजना पर 15000 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, तो हर कोई चौंक गया। मुख्यमंत्री रघुवर दास से भी इस संबंध में विस्तृत बात हुई है। इसके बाद सर्वे शुरू हुआ है। इसमें नीमडीह और बोड़ाम के बीच में एक डैम बनाया जाएगा, जिससे आसपास के खेतों में सिंचाई होगी।

एमजीएम की स्थिति बहुत खराब

स्थानीय मुद्दे पर सांसद ने कहा कि एमजीएम अस्पताल की स्थिति बहुत ही खराब है। हालांकि वे इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन जी से भी मिल चुके हैं, लेकिन उनकी बातों से निष्कर्ष निकला कि इसे राज्य सरकार ही सुधार सकती है। स्वास्थ्य विभाग को देखना चाहिए कि इसे जो राशि दी जाती है, वह कहां खर्च होता है। घाटशिला के अनुमंडल अस्पताल में भी एक्सरे व अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं होने से लोगों को समुचित इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है। इन अस्पतालों की कमियों को एक-एक करके दूर करना होगा। आवश्यकता हुई तो वे सांसद निधि से भी राशि देंगे, लेकिन संसाधन रहते हुए इलाज नहीं हो, यह दुखद है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना से जन-जन को जोड़ने के लिए उपायुक्त व सिविल सर्जन को सलाह दी है।

कोल्हान सहित झारखंड बन सकता एजुकेशन हब

कोल्हान में एजुकेशन हब बनने की पूरी संभावना है, बस प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से जमशेदपुर के लिए एक विश्वविद्यालय मांगा है। भुवनेश्वर के किट्स से भी बात हुई है। इसके बाद यहां का पैसा बेंगलुरू, पुणे नहीं जाएगा, ऐसा विश्वास है।  

कचरा निस्तारण के लिए जन जागरण जरूरी

गांव में कूड़े का पहाड़ विषय पर सांसद ने कहा कि इसके लिए जन जागरण ही बेहतर उपाय है। फिलहाल शहर में भी कचरा निस्तारण की व्यवस्था नहीं है। इसके लिए मुख्यमंत्री भी प्रयासरत हैं। वैसे स्वच्छ भारत अभियान योजना को काफी सफलता मिली है।  

चार माइंस और खुलेंगे

सांसद ने कहा कि रोजगार के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत हैं। इस दिशा में पिछले दिनों मुसाबनी स्थित तीन माइंस खुलवा दिया है, जबकि चार और खुलने वाले हैं। सात-आठ माइंस खुल जाएंगे, तो 20-22 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। रोजगार यहीं मिले, इसके लिए ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खुलने जा रहा है। इसका पत्र उन्हें कल ही केंद्रीय पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिला है। स्थानीय युवक भारी वाहन चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

कुपोषण दूर करने के करने होंगे प्रभावी उपाय : सरयू

झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने अपने संबोधन में वैसे तो सभी मुद्दों पर प्रकाश डाला, लेकिन सबसे ज्यादा जोर कुपोषण पर दिया। उन्होंने कहा कि कुपोषण दूर करने के लिए प्रभावी उपाय करने होंगे। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान से बात की थी, जिसमें उनसे खाद्य सुरक्षा अधिनियम पर पुनर्विचार करने की बात कही है। फिलहाल जो राशन हम देते हैं, उससे खाद्य सुरक्षा संभव नहीं है। कुपोषण दूर करने को पर शोध किया जा रहा है। एमजीएम पर कहा कि चादर में बांधकर शव ले जाना पड़े, इससे बड़ी शर्म की बात क्या होगी। नैतिकता निचले स्तर पर भी होनी चाहिए, केवल सरकार क्या कर सकती है। शहर में प्रदूषण इस कदर है कि रात भर में फ्लाईएश से छत और सड़क पर सफेद धूल जम जाती है। शहरीकरण विकास का द्योतक है, लेकिन यह समस्या पैदा कर रही है।

झाटी-झरना में 70 साल बाद बना पुल : राजकुमार

जिला परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने सांसद विद्युत वरण महतो की तारीफ करते हुए कहा कि इनके प्रयास से कई ऐसे काम हुए जो कभी नहीं हुए थे। इनके प्रयास से ही झाटी-झरना में 70 साल बाद पुल बन सका। इनकी लोकप्रियता लोकसभा चुनाव के दौरान शहर से लेकर सुदूर गांव तक देखने को मिली।

प्रौढ़ शिक्षा को भी महत्व मिले : बुलू रानी

जिला परिषद की अध्यक्ष बुलू रानी सिंह ने अपने संबोधन में दैनिक जागरण और सांसद विद्युत वरण महतो की भरपूर प्रशंसा की। इसी क्रम में उन्होंने प्रौढ़ शिक्षा को महत्व देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने किसानों की दशा सुधारने के लिए विचार करने का आग्रह सांसद से किया।

chat bot
आपका साथी