Coronavirus Jamshedpur, Update: XLRI के 45 छात्र सहित 303 कोरोना पॉजिटिव, चार की मौत

Coronavirus Jamshedpur Update जमशेदपुर में कोरोना के बढते केस के साथ ही मौत के बढते आंकडे भी डरा रहे हैं। एेसे में अगर हम अब भी नहीं चेते तो बडी विकट हालात से जूझने को मजबूर हो सकते हैं। आइए जानिए कोरोना संक्रमण का ताजा हाल।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 10:11 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 10:11 AM (IST)
Coronavirus Jamshedpur, Update: XLRI के 45 छात्र सहित 303 कोरोना पॉजिटिव, चार की मौत
पूर्वी सिंहभूम में कोरोना कहर बरपा रहा है। संक्रमितों की संख्या के साथ-साथ मौत भी तेजी से हो रही है।

जमशेदपुर, जासं। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में कोरोना कहर बरपा रहा है। संक्रमितों की संख्या के साथ-साथ मौत भी तेजी से हो रही है। शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना से कुल चार मरीजों की मौत हुई। इसमें एक जिला स्वास्थ्य विभाग के पूर्व कर्मचारी (62) भी शामिल हैं।

वे कुष्ठ विभाग में तैनात थे। दो साल पूर्व ही वह रिटायर्ड किए थे। वे मानगो में रहते थे। उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा था।  वहीं, दूसरी मौत मानगो आजाद बस्ती निवासी एक महिला (61) की हुई है। उनका इलाज भी टीएमएच में चल रहा था। तीसरी मौत कदमा के एक पुरुष (55) की हुई है। उन्हें भी टीएमएच में भर्ती कराया गया था। जबकि चौथी मौत एमजीएम अस्पताल में हुई है। मृतक पोटका निवासी (45) एक पुरुष हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में अब तक 386 लोगों की मौत हो चुकी है।

तीन हजार से अधिक लोगों की हुई जांच

पूर्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को कुल तीन हजार 59 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 303 लोग पॉजिटिव मिले, जिसमें देश का प्रसिद्ध बिजनेस स्कूल जमशेदपुर का एक्सएलआरआइ के 46 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को कैंपस में ही आइसोलेट व क्वारंटाइन किया गया है। ये सभी छात्र कैंपस के चिकित्सक की निगरानी में हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इसकी जानकारी देते हुए एक्सएलआरआई के प्रवक्ता प्रोफेसर सुनील वर्गीस ने कहा कि सभी आवश्यक कदम उठाए गए है। इसके अलावा कैंपस में रहने वाले सभी छात्रों एवं कर्मचारियों एवं शिक्षकों को भी कोविड जांच अनिवार्य कर दिया गया है। मौके पर मजिस्ट्रेट सविता टोपनो व जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल, डॉ. विनय भूषण तिवारी, सुमन कुमार सहित अन्य पहुंचे और विशेष जांच अभियान चलाया गया।

कदमा में सबसे अधिक मरीज मिले

जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कदमा में सबसे अधिक कोरोना के कुल 40 मरीज मिले। उसके बाद टेल्को में 36, साकची में 33, सोनारी में 22, सिदगोड़ा में 20, एमजीएम के दो कर्मचारी, मानगो में 19, बिष्टुपुर में 27 सहित अन्य क्षेत्रों से भी मरीज मिले। वहीं, चार हजार 60 लोगों का नमूना संग्रह कर जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट मंगलवार तक आने की संभावना है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हजार 467 हो गई है।

201 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

जिले के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 201 मरीज स्वस्थ होकर शनिवार को घर लौटे। अभी तक कुल 18 हजार 730 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

chat bot
आपका साथी