11 कवयित्रियों का साझा काव्य संग्रह पंखुड़ी का हुआ लोकार्पण
महिला रचनाकारों द्वारा रचित इस काव्य संग्रह का विमोचन करने का सुख मातृत्व सुख की तरह है।
जासं, जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में बुधवार को नवोदित संस्था नवपल्लव के तत्वावधान में 11 कवयित्रियों का साझा संकलन पंखुड़ी का लोकार्पण हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर डा. जूही समर्पिता, विशिष्ट अतिथि डा. रागिनी भूषण एवं अन्य अतिथियों में पदमा मिश्रा व डा. कल्याणी कबीर मौजूद थीं।
लोकार्पण के बाद मुख्य अतिथि ने कहा कि महिला रचनाकारों द्वारा रचित इस काव्य संग्रह का विमोचन करने का सुख मातृत्व सुख की तरह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह साहित्यिक यात्रा अनवरत जारी रहेगी। समाजसेवी, अधिवक्ता और साहित्यकार डा. लक्ष्मी निधि ने कहा कि साहित्य ही राष्ट्र की नींव मजबूत करता है, इसलिए साहित्य सृजन चलते रहना चाहिए। कार्यक्रम में डा. रागिनी भूषण, डा. अनीता शर्मा, अनिता निधि, माधुरी मिश्रा, वीणा पांडेय आदि मौजूद थे। पंखुड़ी पुस्तक में नीता चौधरी, अनिता निधि, निर्मला राव, उपासना सिन्हा, आरती शर्मा, अभिलाषा कुमारी, डा. अनीता शर्मा, सुदीप्ता जेठी, माधुरी मिश्रा, आनंद वाला शर्मा एवं छाया प्रसाद की रचनाएं हैं।