Jamshedpur Mukhiya Death: परसूडीह सदर अस्पताल से गायब उपमुखिया का बागबेड़ा में मिला शव

सदर अस्पताल से मरीज का भाग जाना गंभीर विषय है। इसे लेकर सदर अस्पताल प्रबंधन भी सक्रिय हो गया है। क्योंकि अस्पताल में सुरक्षाकर्मी के साथ-साथ मरीजों को ड्रेस भी दिया जाता है। इसके बावजूद भाग जाना चिंता का विषय है।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 04:39 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 04:39 PM (IST)
Jamshedpur Mukhiya Death:  परसूडीह सदर अस्पताल से गायब उपमुखिया का बागबेड़ा में मिला शव
मध्य घाघीडीह पंचायत के उपमुखिया मिर्जा मुर्मू फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : परसुडीह स्थित सदर अस्पताल से गायब उपमुखिया का शव रविवार की सुबह बागबेड़ा स्थित चिल्ड्रन पार्क के समीप मिला। दरअसल, मध्य घाघीडीह पंचायत के उपमुखिया मिर्जा मुर्मू को दस्त की शिकायत होने पर बीते शुक्रवार को उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान शनिवार को वह बिना किसी को बताए हुए अस्पताल से कहीं चला गया। इस दौरान जब उसके स्वजन अस्पताल पहुंचे तो वह बेड से गायब था।

इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी गई। उनके द्वारा भी काफी ढूंढा गया लेकिन कहीं नहीं मिला। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। पुलिस के साथ-साथ मृतक के स्वजन भी बीते 48 घंटे से उन्हें ढूंढ रहे थे। इसी क्रम में रविवार की सुबह कुछ लोग टहलने के लिए निकले तो देखा कि एक शव पड़ा हुआ था। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय मुखिया मायावती टुडू को दी गई। मौके पर वह पहुंची तो देखा कि यह मिर्जा मुर्मू का शव है। इसके बाद इसकी सूचना मृतक के स्वजन व पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज भेज दी है। ताकि मौत के कारण का पता चल सकें। इसके साथ ही पुलिस और भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

सोमवार को होगा अंतिम संस्कार

उप-मुखिया संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने दुख प्रकट करते हुए बताया कि मृतक उपमुखिया मिर्जा मुर्मू का अंतिम संस्कार सोमवार को रानीडीह स्थित अपने रीति रिवाज के साथ संपन्न होगा। सुनील गुप्ता ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनके स्वजनों के साथ हर कोई खड़ा है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधि सहित उप मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया से आग्रह किया है कि उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करें।

अस्पताल प्रबंधन भी कर रहा जांच

सदर अस्पताल से मरीज का भाग जाना गंभीर विषय है। इसे लेकर सदर अस्पताल प्रबंधन भी सक्रिय हो गया है। क्योंकि अस्पताल में सुरक्षाकर्मी के साथ-साथ मरीजों को ड्रेस भी दिया जाता है। इसके बावजूद भाग जाना चिंता का विषय है। अस्पताल प्रबंधन अपने स्तर से इस मामले की जांच कर रही है। ताकि आगे इस तरह की लापरवाही सामने नहीं आएं।

chat bot
आपका साथी