एमजीएम अस्तपाल में भाजपा नेत्री के साथ बदसलूकी, धरने पर बैठे भाजपाई Jamshedpur News
फातिमा शाहीन ने कहा कि वह आजाद नगर क्षेत्र की एक बच्ची की इलाज कराने एमजीएम अस्पताल आई थी। वह डॉक्टर से बच्ची की हालचाल ले रही थी। इस पर मौके में मौजूद होमगार्ड की महिला जवान ने बेवजह मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन से बकझक करने लगी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पीड़ित मरीज को देखने पहुंचे भाजपा आजादनगर मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन के साथ अस्पताल की महिला होमगार्ड ने बदसलूकी की। गालियां देते हुए हाथ पकड़ कर आपातकालीन कक्ष से बाहर निकाल दिया। इस संबंध में भाजपा नेत्री फातिमा शाहीन ने बताया कि होमगार्ड की महिला जवान ने कहा कि एमजीएम अस्पताल भारतीय जनता पार्टी का नहीं है, यह मंत्री का है।
फातिमा शाहीन ने कहा कि वह आजाद नगर क्षेत्र की एक बच्ची की इलाज कराने एमजीएम अस्पताल आई थी। वह डॉक्टर से बच्ची की हालचाल ले रही थी। इस पर मौके में मौजूद होमगार्ड की महिला जवान ने बेवजह मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन से बकझक करने लगी। मौके पर मौजूद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोहम्मद निसार अहमद ने कहा कि अस्पताल में अधिकारियों के वेष में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा गुंडा पाला जा रहा है। इसके बाद वह अपने समर्थक के साथ आपातकालीन कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गयीं। सूचना मिलने पर मौके पर भारतीय जनता पार्टी के नेता विकास सिंह भी पहुंचे। वे समर्थन करते हुए स्वयं धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिला प्रशासन को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने समझी गंभीरता
मामले की गंभीरता समझते हुए मौके पर साकची थाना के थानेदार पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस अवसर पर होमगार्ड के जवान के खिलाफ लिखित शिकायत मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन ने की। थानेदार ने भरोसा दिलाया कि जांच कर अविलंब दोषी होमगार्ड के जवान पर कार्रवाई की जाएगी। थानेदार की बातों पर भरोसा करते हुए भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं समर्थकों द्वारा दिए जा रहे मौन धरने का कार्यक्रम को समाप्त कर दिया गया। धरने पर बैठे भाजपाइयों ने सरकार से यह मांग की कि बदसलूकी करने वाले होमगार्ड या स्टाफ किसके सह पर इस तरह का बदतमीजी कर रहे हैं, जांच कर कार्रवाई की जाए।