सरायकेला नगर पंचायत उपाध्यक्ष से मारपीट का मामला गरम, भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन
Saraikela News सरायकेला नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में शुक्रवार को भाजपा जिला कमेटी की आेर से जन आक्रोश रैली निकाली गयी।
सरायकेला, जागरण संवाददाता। बीते दिनों सरायकेला नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में शुक्रवार को भाजपा जिला कमेटी की आेर से जन आक्रोश रैली निकाली गयी। भाजपा जिला अध्यक्ष विजय महतो के नेतृत्व में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पटनायक टोला स्थित भाजपा के पूर्व जिला कार्यालय से जन आक्रोश रैली निकाली गयी। रैली में शामिल लोग हमलावरों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने के नारे लगाते हुए गैरेज चौक पहुंचे जहां सामूहिक रूप से जिला प्रशासन का पुतला दहन किया गया।
मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि मनोज कुमार चौधरी के ऊपर हमला होने की घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन के द्वारा दोषियों की गिरफ्तारी तो दूर उन पर मुकदमा तक दर्ज नहीं किया जाना प्रशासन की मंशा को दर्शाता है। इस संबंध में पूर्व में भाजपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा जिला प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर मांग पत्र सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि झामुमो की हेमंत सरकार राजधर्म भूलकर बंगाल की टीएमसी सरकार की तरह तानाशाही और गुंडागर्दी वाले आचरण का अनुसरण कर रही है। भारी बारिश के बीच भी आम जनता और खासकर महिलाओं का प्रशासन के विरोध में सड़क पर उतरना जनाक्रोश को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए निष्पक्ष तरीके से कार्य करने की हिदायत दी और सरकार को चेताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को कमजोर समझने की भूल करना काफी महंगा पड़ेगा।
दो दिनों का अल्टीमेटम
उन्होंने प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि फिर भी न्याय नहीं मिला तो राज्य सरकार और जिला प्रशासन के विरुद्ध राजभवन पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान सरायकेला से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली, जिला मंत्री मनोज तिवारी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुजाहिद खान, जिला मीडिया सह प्रभारी सोहन सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिषेक आचार्य, मोनिका घोष, पिंकी मोदक, सुमित चौधरी, सुदीप पटनायक, विद्यासागर दुबे, बीजू दत्ता, बिंदेश्वरी महतो, रवि सतपति, राजीव महापात्र, परशुराम कवि, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा एवं भाजपा नगर मौजूद रहे।