एसिया चुनाव : मतदान स्थल पर संतोष खेतान का टंगा बैनर तो मच गई खलबली, वोटिंग आज

कोल्हान के उद्यमियों की सबसे बड़ी संस्था एसिया के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संतोष खेतान का बैनर मतदान स्थल लगा दिया गया जिससे खलबली मच गई। अध्यक्ष पद के दूसरे उम्मीदवार राजीव रंजन उर्फ मुन्ना के समर्थकों ने हंगामा किया।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Sat, 07 Aug 2021 10:03 AM (IST) Updated:Sat, 07 Aug 2021 10:03 AM (IST)
एसिया चुनाव : मतदान स्थल पर संतोष खेतान का टंगा बैनर तो मच गई खलबली, वोटिंग आज
एसिया चुनाव के मतदान स्थल पर लगा संतोष खेतान का बैनर।

जमशेदपुर, जासं। कोल्हान के उद्यमियों की सबसे बड़ी संस्था आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) का चुनाव शनिवार को हो रहा है। इसमें चुनाव पदाधिकारी एसएन खंडेलवाल ने स्पष्ट आदेश दिया था कि मतदान स्थल पर कोई उम्मीदवार अपना प्रचार-प्रसार नहीं करेगा। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संतोष खेतान का बैनर वहां लगा दिया गया, जिससे खलबली मच गई। अध्यक्ष पद के दूसरे उम्मीदवार राजीव रंजन उर्फ मुन्ना के समर्थकों ने हंगामा किया, तब जाकर बैनर हटा दिया गया।

मुन्ना ने कहा कि खेतान जैसे गंभीर व्यक्ति को यह कृत्य शोभा नहीं देता। यदि उनकी जानकारी के बिना उनके किसी समर्थक ने बैनर लगाया था, तो उन्हें ही इसका विरोध करके हटा देना चाहिए था। इस घटना से एसिया के मतदाताओं में यह चर्चा हो रही है कि क्या सचमुच संतोष खेतान को चुनाव में कांटे के मुकाबले से डर हो गया है। कहीं किसी ने साजिश तो नहीं रची, ताकि संतोष खेतान पर अंगुली उठाई जा सके। ज्ञात हो कि इस बार अध्यक्ष पद के लिए ही मतदान होगा, क्योंकि शेष उम्मीदवार निर्विरोध हो चुके हैं।

मास्क पहनना अनिवार्य, चुनाव स्थल पर प्रचार वर्जित

शनिवार को आदित्यपुर ऑटो कलस्टर में होने वाले चुनाव को लेकर चुनाव पदाधिकारी ने दिशा-निर्देश जारी किया है। इसके तहत शनिवार को दोपहर 12.30 से शाम चार बजे तक आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर कैंपस में मतदान होगा। कोविड को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित गाइडलाइंस का पालन करना अनिवार्य होगा। वोटिंग करने आने वाले सदस्यों को अपने साथ कोई भी अधिकृत फोटो आईडी कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके बिना अंदर आने की इजाजत नहीं होगी। मास्क पहनना अनिवार्य होगा। आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर कैंपस के अंदर किसी भी तरह का जमावड़ा, पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। चुनाव परिसर के अंदर किसी भी तरह के चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं होगी। कैंपस के अंदर वोटर के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वोटिंग की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कैंपस में ठहरने की इजाजत है।

जिस पर बरसेगी ‘इंद्र’ की कृपा, उसी के सिर सजेगा ताज

आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के चुनाव में अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवार संतोष खेतान व राजीव रंजन एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं, लेकिन जानकारों का मानना है कि इंद्र यानी इंदर अग्रवाल की कृपा जिस पर बरसेगी, उसी के सिर अध्यक्ष का ताज सजेगा। हालांकि यह तो नतीजा आने के बाद ही पता चलेगा कि यह अनुमान कितना सही है, तब तक देर शाम तक इंतजार करना ही बेहतर होगा। अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवार राजीव रंजन व संतोष खेतान बीते तीन दिनों से काफी मेहनत कर रहे हैं। राजीव रंजन को अपने पिता वरिष्ठ उद्यमी सह भाजपा नेता एके श्रीवास्तव का भी लाभ मिलने की उम्मीद है। श्रीवास्तव सिंहभूम चैंबर के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि अभी एसिया के ट्रस्टी हैं। इसके अलावा समाज में उनकी एक अलग पहचान है। इसके अलावा एसिया की वर्तमान कमेटी से विक्षुब्धों का भी साथ मिल सकता है। दूसरी तरफ संतोष खेतान महासचिव समेत कई पदों पर रह चुके हैं। इसके अलावा उनकी एसिया में गहरी पैठ है। मृदुभाषी व्यवहार के कारण वह उद्यमियों में काफी लोकप्रिय हैं। इतना ही नहीं, एसिया की वर्तमान कमेटी का भी उन्हें समर्थन मिल रहा है। इन्हीं वजहों से यह चुनाव कड़े मुकाबले का होने की उम्मीद है।

वादों पर नहीं, काम पर वोट दें : संतोष खेतान

एसिया चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संतोष खेतान ने कहा कि उनके द्वारा सारे मतदाताओं से संपर्क किया गया है। केवल एक ही अपील की है कि काम पर वोट दें, वादाें पर नहीं। वह अपनी जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं।

विकास के लिए वोट दें : राजीव रंजन

एसिया में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजीव रंजन उर्फ मुन्ना ने लोगों से मार्मिक अपील करते हुए उद्यमियों के विकास के लिए मतदान करने का आग्रह किया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुन्ना ने कहा कि किसी भी शुभ काम के लिए बड़े लोगों का आशीर्वाद जरूरी है। इसको लेकर अपने पिता एके श्रीवास्तव, एसिया के संस्थापक अध्यक्ष पुरुषोत्तम सर्राफ, श्याम सुंदर गुटगुटिया, विक्टर सिंह व प्रमोद सिंह के आदर्शों का पालन करता हूं। एसिया के सभी पूर्व अध्यक्ष विजय मेहता, आरके सिन्हा, एसएन ठाकुर और वर्तमान में इंदर अग्रवाल का आशीर्वचन और उनके द्वारा स्थापित नीतियों पर अमल करके संगठन को मजबूत करेंगे।

एसिया चुनाव आज, राजीव व संतोष के बीच सीधा मुकाबला

आठ वर्ष बाद आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) का चुनाव शनिवार को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में होगा। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। चुनाव पदाधिकारी एसएन खंडेलवाल ने शुक्रवार को मतदान व मतगणना स्थल का जायजा लिया। चुनाव केवल अध्यक्ष पद पर होना है। वर्तमान समय में 555 मतदाता हैं। हालांकि कुछ मतदाता द्वारा अभी तक अपना सदस्यता शुल्क जमा नहीं किया गया है। यदि सोमवार तक वे शुल्क जमा कर देंगे, तभी उन्हें मतदान करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

27 पद पर निर्विरोध हुए उम्मीदवार

ट्रस्टी : एसएन ठाकुर

कोषाध्यक्ष : रतन अग्रवाल

महासचिव : दशरथ उपाध्याय

उपाध्यक्ष : के मुरलीधरन

उपाध्यक्ष : सुधीर कुमार सिंह

उपाध्यक्ष : दीपक डोकानिया

उपाध्यक्ष : संतोख सिंह

सचिव : मंदीप सिंह

सचिव : अशोक कुमार गुप्ता

सचिव : दिव्यांशु सिन्हा

सचिव : तापस कुमार साहू

कार्यकारिणी समिति

नमन अग्रवाल

राजेश कुमार अग्रवाल

सुनील सिंह

पवन अग्रवाल

विश्वनाथ हाजरा

आशीष अग्रवाल

रवि सरावगी

रमेश कुमार खंडेलवाल

देवांग गांधी

सत्यजीत साहू

प्रदीप कुमार जैन

हरजीत सिंह

मनोज कुमार हरनाथका

चतुर्भुज केडिया

स्वपन मजूमदार

युगी किशोर

chat bot
आपका साथी