जेआरडी में तीरंदाजी ओलंपिक टीम का ट्रायल शुरू, 16 खिलाड़ियों का होगा अंतिम चयन
जागरण संवाददाता जमशेदपुर टोकयो ओलंपिक के लिए भारतीय टीम का चयन ट्रायल मंगलवार को पूर्वी सिं
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टोकयो ओलंपिक के लिए भारतीय टीम का चयन ट्रायल मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काप्लेक्स में प्रारंभ हो गया है। इसी चयन ट्रायल के आधार पर आठ खिलाड़ियों यानी चार महिला व चार पुरुष खिलाड़ियों को भारतीय टीम में जगह मिलेगी। भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआइ) की ओर से पहले ही 16 तीरंदाजों (आठ पुरुष और आठ महिला) का चयन किया जा चुका है। इस चयन ट्रायल के बाद कुल संभावितों की संख्या 24 होगी। 27 नवंबर तक होने वाले ट्रायल में पर्यवेक्षण व संचालन के लिए एएआइ ने 10 अधिकारियों को नियुक्त किया है। एएआइ ने पहले जिन आठ पुरुष व आठ महिला तीरंदाज का चयन किया था, वह महाराष्ट्र कि पुणे में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में हैं। ट्रायल में शिरकत करने के लिए एआइआइ की ओर से देश भर से चयनित 40 खिलाड़ी इस शिविर में भाग ले रहे हैं। इनमें 17 महिला तीरंदाज शामिल हैं। लाकडाउन के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में यह पहला राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है। इसके साथ ही जेआरडी में खेल गतिविधियों का दौर भी शुरू हो गया है। जेआरडी में चल रहे चयन शिविर में राष्ट्रीय स्तर के सभी जूनियर तीरंदाज भाग ले रहे हैं। उनके बीच ओलंपिक टीम में जगह बनाने की जंग जारी है। इस चयन ट्रायल पर सबकी नजर है। शिविर को लेकर सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं। अर्से बाद इस खेल गतिविधि के कारण जेआरडी गुलजार दिख रहा है। खिलाड़ियों के चेहरे पर भी पहले दिन मुस्कान तैर रही थी।