जमशेदपुर में टूटा अबतक का सारा रिकार्ड, 718 मिले नए कोरोना पॉजिटिव, 11 की मौत

Coronavirus Jamshedpur News. झारखंड के जमशेदपुर में काेरोना का कहर जारी है। यहां अबतक के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। 718 नए पॉजिटिव मिले हैं। यह अब तक के सर्वाधिक मरीज हैं। इधर टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में 10 व एक बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल में मौत हो गई।

By Rakesh RanjanEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 09:16 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 09:16 AM (IST)
जमशेदपुर में टूटा अबतक का सारा रिकार्ड, 718 मिले नए कोरोना पॉजिटिव, 11 की मौत
पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

जमशेदपुर, जासं। झारखंड के जमशेदपुर शहर में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को एक दिन में सबसे अधिक मरीज मिले। कुल आठ हजार 116 लोगों की जांच हुई। इसमें 718 पॉजिटिव मिले। यह अब तक के सर्वाधिक मरीज हैं। इधर, टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में 10 व एक बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल में मौत हो गई।

मृतकों में सात पुरुष व चार महिला शामिल हैं। इनमें सोनारी निवासी (70) पुरुष, कदमा निवासी (80) पुरुष, बिष्टुपुर निवासी (32) महिला, जुगसलाई निवासी (65) पुरुष, कदमा निवासी (45) पुरुष, जुगसलाई निवासी (55) महिला, कदमा निवासी (52) पुरुष, मानगो निवासी (74) महिला, मानगो निवासी (69) पुरुष, सोनारी निवासी (76) पुरुष व एक अज्ञात महिला (70) शामिल हैं। जिले में अबतक कोरोना से कुल 478 लोगों की मौत हो चुकी है।

पांच हजार से अधिक हुए एक्टिव केस

पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पांच हजार 189 एक्टिव केस हो गए हैं। इधर, चार हजार 541 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट अगले एक सप्ताह के अंदर आने की उम्मीद है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 26 हजार 448 हो गई है।

263 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल 263 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अबतक कुल 20 हजार 781 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 80.77 फीसद है।

डेढ़ हजार से अधिक लोगों ने ली वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में एक हजार 759 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, 584 लोगों को दूसरी डोज दी गई। जिले में अभी तक कुल एक लाख 94 हजार 776 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। जबकि 30 हजार 34 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

chat bot
आपका साथी