कई टन कचरे से पटा है बुढ़वा महादेव तालाब

लीड-------- छठ महापर्व सिर पर पिछले एक साल से नहीं हुई है बुढ़वा महादेव तालाब की सफ

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 08:26 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 08:26 PM (IST)
कई टन कचरे से पटा है बुढ़वा महादेव तालाब
कई टन कचरे से पटा है बुढ़वा महादेव तालाब

लीड--------

छठ महापर्व सिर पर, पिछले एक साल से नहीं हुई है बुढ़वा महादेव तालाब की सफाई जासं, हजारीबाग : शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व संपन्न होने के साथ ही लोग अब दीपावली और छठ महापर्व की तैयारियों में जुटने लगे हैं। प्रकाश पर्व दीपावली और पावनता व स्वच्छता का प्रतीक माना जाने वाले इन पर्व में साफ-सफाई औ स्वच्छता का बहुत अधिक महत्व है। ऐसे में घरों मकानों के रंग रोगन का कार्य शुरू चुका है वहीं छठ महापर्व को लेकर छठ घाटों और जल स्त्रोतों की साफ सफाई फिलहाल कच्छप गति से ही चल रही है। वहीं कई ऐसे घाट और छठ तालाब भी है जहां साफ-सफाई का कार्य शुरू भी नहीं हो पाया है। शहर के बीचों-बीच स्थित ऐसा ही एक तालाब है बुढवा महादेव तालाब। यह ऐतिहासिक तालाब प्रतिमा विसर्जन और श्राद्ध कर्म के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। यहां शहर से बड़ी संख्या में छठ व्रती सूर्य को अ‌र्घ्य देने पहुंचती हैं। इतना महत्वपूर्ण जलस्त्रोत और तालाब होने के बाद भी विडंबना है कि पिछले एक वर्ष से यहां साफ-सफाई का कार्य नहीं हुआ है। नतीजा यह हुआ कि तालाब के किनारे काफी मात्रा में कचरे का जमाव हो गया। वहीं दूसरी ओर हाल में संपन्न दुर्गा पूजा के उपरांत यहां काफी संख्या में प्रतिमा विसर्जन भी किया गया। उसके अवशेष यहां वहां बिखरे पड़े हैं। साथ ही यहां नियमित रूप से होने वाले श्राद्ध कर्म के उपरांत काफी मात्रा में सामग्री भी यहां छोड दी जाती है। इन सब के बाद लोगों को इस तालाब की सफाई की चिता नहीं होती है। नतीजा यह हुआ कि यहां कई टन कचरे का जमाव हो गया है। प्लास्टिक कचरे पानी निकासी की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। इतना सब कुछ होने के बाद भी तालाब की साफ-सफाई के लिए जिम्मेवार नगर निगम चैन की नींद सो रहा है। ऐसे में छठ व्रतियों और उनके परिजनों को चिता है कि छठ महापर्व सामने है ऐसे में अ‌र्घ्य किस प्रकार दे पाएंगी। ऐसे में बुढ़वा महादेव तालाब को किसी रहनुमा की तलाश जो तालाब का समय रहते उद्धार कर सकें।

लोगों की प्रतिक्रिया

1. वीरेंद्र कुमार

फोटो - 9

यह वास्तविकता है कि छठ महापर्व सिर पर है मगर उस हिसाब से नगर निगम प्रशासन की सक्रियता नहीं है। शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन उदासीन है। इस कारण अब तक शहर के छठ घाटों की सफाई नहीं हो पाई है। बुढवा महादेव तालाब का हाल बदहाल है।

2. संजु मेहता

फोटो - 10

छठ महापर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन अब तक उदासीन बना हुआ है। फिलहाल शहर में जहां तहां गंदगियों के अंबार लगा हैं और छठ घाटों व तालाबों की सफाई नहीं हो पाई है। बढ़वा महादेव तालाब बदहाल है। अगर यहीं हाल रहा तो समय पर शहर के जलस्त्रोतों और तालाबों की समुचित साफ-सफाई नहीं हो पाएगी। -

3. सुनील साहू

फोटो - 11

दीपावली व छठ पूजा में अब समय नहीं बचा है। लेकिन नगर निगम प्रशासन के द्वारा अब तक सफाई नहीं प्रारंभ किया जाना उसकी उदासीनता का परिचायक है। खुद लोगो को भी बुढवा महादेव तालाब की सफाई को लेकर आगे आना चाहिए। अब भी समय है निगम जल्द से जल्द साफ-सफाई की व्यवस्था करे।

4. मुकेश राम प्रजापति

फोटो - 12

छठ महापर्व को लेकर नगर निगम द्वारा अब तक घाटों की सफाई नहीं किए जाना बड़ी ही दु:खद है। विशेष रूप से बुढवा महादेव तालाब की स्थिति बहुत बदतर है। नगर निगम प्रशासन को इस पर संज्ञान लेकर जल्द छठ घाटों की सफाई प्रारंभ करानी चाहिए।

chat bot
आपका साथी