दीपावली पर खूब फूटे पटाखे, साइलेंस जोन में दुगुना रहा प्रदूषण स्तर

मासूम अहमद हजारीबाग आम तौर पर प्रकाश पर्व दीपावली में होने वाली आतिशबाजी के कारण वाय

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Nov 2021 07:23 PM (IST) Updated:Fri, 05 Nov 2021 07:23 PM (IST)
दीपावली पर खूब फूटे पटाखे, साइलेंस जोन में दुगुना रहा प्रदूषण स्तर
दीपावली पर खूब फूटे पटाखे, साइलेंस जोन में दुगुना रहा प्रदूषण स्तर

मासूम अहमद, हजारीबाग : आम तौर पर प्रकाश पर्व दीपावली में होने वाली आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण का स्तर काफी अधिक बढ़ जाता है। मगर शहर के वैसे क्षेत्र जहां अस्पताल, क्लिनिक व शिक्षण संस्थान स्थित होते हैं जिन्हें साइलेंस जोन में रखा जाता है, वहां दीपावली के अवसर पर भी प्रदूषण स्तर अपेक्षाकृत रूप से कम रहता है। मगर इस वर्ष पर्व को लेकर लोगों का उत्साह इस कदर हावी था कि साइलेंस जोन में भी जमकर आतिशबाजी हुई। इन इलाकों में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर आम दिनों से दुगुना अधिक रहा। शहर के मेन रोड पर साइलेंस जोन में स्थित शेख भिखारी मेडिकल कालेज अस्पताल के आस-पास के इलाके में इस वर्ष दीपावली पर जमकर आतिशबाजी हुई। इसका अंदाजा झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद द्वारा प्राप्त किए गए प्रदूषण स्तर से मिल जाता है। विभाग ने व्यवसायिक, आवासीय और साइलेंस जोन में अलग अलग समय का प्रदूषण स्तर रिकार्ड किया गया था। विभागीय आंकडे़ के अनुसार दीपावली की रात नौ बजे से 10 बजे के बीच मेडिकल कालेज अस्पताल क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर अधिकतम 75.8 डेसिबल रहा। हालांकि साइलेंस जोन में यह स्तर 35 से 40 डेसिबल के बीच होना चाहिए था। ज्ञातव्य हो कि प्रदूषण विभाग ने दीपावली को लेकर शहर के तीन स्थानों में प्रदूषण मापक यंत्र लगाया गया था। व्यवसायिक क्षेत्र में झंडा चौक, आवासीय क्षेत्र में गांधी नगर और साइलेंस जोन में मेडिकल कालेज अस्पताल क्षेत्र से अलग अलग समय का प्रदूषण स्तर लिया गया। झंडा चौक पर सबसे अधिक प्रदूषण का स्तर मापा गया। इस क्षेत्र में रात आठ से नौ के बीच इस क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर 78.3 डेसिबल रिकार्ड किया गया। इसके बाद आवासीय क्षेत्र गांधी नगर का प्रदूषण स्तर रहा। यहां रात नौ से 10 के बीच प्रदूषण का स्तर 81.1 डेसिबल दर्ज किया गया। इससे पहले विभाग द्वारा दीपावली से पूर्व 29 अक्टूबर को भी इन्हीं तीन स्थानों में प्रदूषण लेवल प्राप्त किया गया था। इस दिन झंडा चौक में रात्रि नौ बजे से 10 के बीच सर्वाधिक स्तर 56. 7 दर्ज किया गया। आवासीय क्षेत्र यानी गांधी नगर में 29 अक्टूबर को यह स्तर रात सात से आठ के बीच 77. 9 डेसिबल दर्ज किया गया। वहीं साइलेंस जोन में 29 अक्टूबर को रात आठ से नौ के बीच प्रदूषण का स्तर 55 डेसिबल रिकार्ड किया गया।

--------

प्रदूषण का किया जा रहा तुलनात्मक अध्ययन

फोटो - 13

इस संबंध में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद हजारीबाग के क्षेत्रीय पदाधिकारी अशोक कुमार यादव ने कहा कि मुख्यालय के निर्देशानुसार दीपावली की रात के अलावा एक सप्ताह पूर्व का प्रदूषण स्तर लिया गया और अब एक सप्ताह बाद का प्रदूषण स्तर लिया जाएगा। सारे आंकडें को मुख्यालय को प्रेषित किया जाएगा जिसके बाद उसका तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी