बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा ले उन्नति के पथ पर अग्रसर होने आवश्यकता : डीडीसी

जागरण संवाददाता गुमला धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 146वीं जयंती तथा 21वें झारखंड राज्य

By JagranEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 07:47 PM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 07:47 PM (IST)
बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा ले उन्नति के पथ पर अग्रसर होने आवश्यकता : डीडीसी
बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा ले उन्नति के पथ पर अग्रसर होने आवश्यकता : डीडीसी

जागरण संवाददाता, गुमला : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 146वीं जयंती तथा 21वें झारखंड राज्य स्थापना दिवस सह जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिलास्तरीय परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन गुमला जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीडीसी कर्ण सत्यार्थी, एसी सुधीर कुमार गुप्ता, सदर एसडीओ रवि आनंद सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर डीडीसी कर्ण सत्यार्थी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का यह दिन कई कारणों से महत्वपूर्ण है। जहां एक ओर आज धरती आबा बिरसा मुंडा की 146वीं जयंती है, उसी तरह दूसरी झारखंड राज्य की स्थापना भी आज ही के दिन हुई थी। आज ही के दिन के महत्व को दृष्टिपथ करते हुए भारत सरकार ने भी आज के दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है। राज्य सरकार का यह संकल्प है कि अगले डेढ़ महीने तक अभियान के माध्यम से सरकार के विभिन्न अंगों (विभागों) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा उनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाया जा सके। इस अभियान के माध्यम से पंचायत एवं जिला स्तर पर आमजनों के व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। जिसके तहत 16 नवंबर 2021 से जिले में भी प्रतिदिन चार-पांच पंचायतों का भ्रमण कर जिला एवं प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों द्वारा लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निष्पादन करने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम को एसी सुधीर कुमार गुप्ता, सदर एसडीओ रवि आनंद, सिविल सर्जन डॉ.राजू कच्छप, भूमि सुधार उप समाहर्ता सुषमा नीलम सोरेंग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सीता पुष्पा ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस सहित अन्य विषयों पर अपने-अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्रनाथ भादुड़ी द्वारा किया गया।

इससे पूर्व बिरसा मुंडा एग्रो पार्क स्थित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर डीडीसी कर्ण सत्यार्थी, एसी सुधीर कुमार गुप्ता, सदर एसडीओ रवि आनंद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्रनाथ भादुड़ी सहित जिले के अन्य अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया तथा भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर डीडीसी ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने जल, जंगल जमीन एवं राज्य की खनिज संपदा की रक्षा हेतु जो कार्य किया है वे हमारे लिए सदैव प्रेरणा स्त्रोत हैं। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में आजादी और आदिवासी अस्मिता के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा का जन्म आज ही के दिन 15 नवंबर 1875 में झारखंड के खूंटी जिला स्थित उलिहतु गांव में हुआ था। बिरसा मुंडा मात्र 25 साल की उम्र में अपने हक और स्वयत्तता के लिए अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए थे।

इसके पश्चात कार्यक्रम में जेएसएलपीएस द्वारा क्रेडिट लिकेज के माध्यम से 80 समूहों के बीच 40 लाख के सामूहिक निवेश निधि का डेमो चेक, जिला मत्स्य विभाग द्वारा खुदरा मत्स्य विक्रेताओं को उपकरण, श्रम विभाग द्वारा औजार किट सहायता जना, साड़ी पेंट-शर्ट योजना, साइकिल सहायता योजना, मेधावी पुत्र-पुत्री छात्रवृत्ति, प्रसूति प्रसुविधा, आत्मा विभाग द्वारा पंपसेट, मैनुअल स्प्रेयर मशीन, सिचाई मशीन, जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, जिला आपूर्ति विभाग द्वारा ग्रीन कार्ड, धोती लूंगीसाड़ी तथा जिला ग्रामीण विकास अभिकरण द्वारा मनरेगा अंतर्गत लाभुकों को नया जॉब कार्ड निर्गत तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभुकों को स्वीकृति पत्र व गृह प्रवेश हेतु ताला-चाबी वितरित किया गया। इसके साथ ही डीडीसी एवं सदर एसडीओ ने जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित बच्चों के अन्न प्रासन्न एवं गोद भराई कार्यक्रम में बच्चों को अन्न का पहला खुराक खिलाया तथा गोदभराई के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी भेंट किया।

जिला स्तरीय परिसंपत्ति कार्यक्रम शिक्षिका सोनाली त्रिपाठी एवं शिक्षक सह उद्घोषक स्वपन कुमार राय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

chat bot
आपका साथी