अमृत महोत्सव के तहत फिट इंडिया फ्रीडम रन में युवाओं ने लगाई दौड़

जागरण संवाददाता गुमला परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में जिला प्रशासन नेहरू युवा केंद्र संगठ

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Sep 2021 09:09 PM (IST) Updated:Sat, 04 Sep 2021 09:09 PM (IST)
अमृत महोत्सव के तहत फिट इंडिया फ्रीडम रन में युवाओं ने लगाई दौड़
अमृत महोत्सव के तहत फिट इंडिया फ्रीडम रन में युवाओं ने लगाई दौड़

जागरण संवाददाता, गुमला : परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में जिला प्रशासन, नेहरू युवा केंद्र संगठन, लायंस क्लब ग्रेटर गुमला तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अंबष्ठ ने कहा कि युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देश के 750 चयनित जिलों में गुमला भी शामिल है। आज शहीद परमवीर अल्बर्ट एक्का की भूमि में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। भारतवर्ष कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर, उद्योग के क्षेत्र में प्रगतिशील, अंतरिक्ष विज्ञान एवं सुरक्षा के क्षेत्र में शक्तिशाली, विज्ञान एवं प्रावैधिकी के क्षेत्र में उत्साहवर्धक तथा शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। महोत्सव के विशिष्ट अतिथि जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्रनाथ भादुड़ी ने युवा हृदय सम्राट स्वामी विवेकानंद के आदर्श और विचारों को आत्मसात करते हुए आत्मनिर्भर भारत के लिए कृषक, मजदूर, शिक्षक, विद्यार्थी, चिकित्सक, वैज्ञानिक, सैनिक एवं समाज के हर तबके के लोगों को अपने-अपने स्तर से कार्यों को अंजाम देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में सहयोग की अपील की। इससे पूर्व नेहरू युवा केंद्र गुमला के जिला युवा पदाधिकारी मोना प्रेरणा सुरीन ने आजादी का अमृत महोत्सव एवं फिट इंडिया कैंपेन पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह को लायन्स क्लब ग्रेटर गुमला के प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के अवसर पर उप विकास आयुक्त ने सभी प्रतिभागियों को आजादी का अमृत महोत्सव के माध्यम से फिट इंडिया फ्रीडम रन का संकल्प दिलाया। सभी लोगों ने सामूहिक रूप से स्वयं को फिट और स्वस्थ रखने के साथ ही अपने परिवार, मित्रों एवं समुदाय को भी प्रोत्साहित करने तथा सबल एवं समर्थ राष्ट्र और स्वावलंबी भारत के निर्माण हेतु प्रतिदिन न्यूनतम 30 मिनट अपने दिनचर्या में शारीरिक गतिविधि को शामिल करने का संकल्प लिया।

chat bot
आपका साथी