कालेज के आरोपित क्लर्क को बर्खास्त करने के लिए छात्रों का प्रदर्शन

जागरण संवाददाता गोड्डा गोड्डा कालेज में नामांकन के लिए छात्रा सहित उनकी मां के साथ अ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 12:07 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 12:07 AM (IST)
कालेज के आरोपित क्लर्क को बर्खास्त करने के लिए छात्रों का प्रदर्शन
कालेज के आरोपित क्लर्क को बर्खास्त करने के लिए छात्रों का प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, गोड्डा : गोड्डा कालेज में नामांकन के लिए छात्रा सहित उनकी मां के साथ अश्लील हरकत करने वाले आरोपित किरानी बालमुकुंद दुबे को बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को कालेज परिसर में छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। फिर छात्रों के प्रतिनिधिममंडल की प्रभारी प्राचार्य प्रो मुत्युंजय कुमार दुबे के साथ वार्ता हुई। प्रभारी प्राचार्य ने छात्रों को आश्वस्त किया कि छात्र संघ के मांगपत्र को अग्रेतर कार्रवाई के लिए विश्व विद्यालय प्रशासन को अनुशंसा के साथ भेज दिया जा रहा है। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गोड्डा कालेज छात्र यूनियन के अध्यक्ष महेंद्र मुर्मू ने कहा कि गोड्डा प्रशासन आरोपित क्लर्क बालमुकुंद दुबे पर अविलंब कार्रवाई करे। किसी छात्रा के साथ इस तरह का घृणित कृत्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आरोपित क्लर्क को गिरफ्तार कर उसकी बर्खास्तगी नहीं होती है तो कालेज में छात्रों की ओर से अनिश्चित कालीन तालाबंदी की जाएगी। मौके पर संतोष मुर्मू, अजित हांसदा, गौतम पंडित सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र शामिल थे।

बुधवार को गोड्डा कालेज के शिक्षकेत्तर कर्मचारी बाल मुकुंद दुबे पर कालेज में एडमिशन कराने आए एक छात्रा की मां के साथ गलत नीयत से घर में घुसकर छेड़खानी करने मामला महिला थाना में दर्ज किया गया था। मामले में कालेज कर्मी दुबे व उसके पुत्र को भी आरोपित बनाया गया है। कालेज कर्मी पर जहां छेड़खानी और शारीरिक शोषण करने के प्रयास का आरोप है वहीं पुत्र पर पीड़िता को फोन पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया है। इंटरनेट मीडिया में आरोपित कर्मी का आडियो-वीडिया वायरल हुआ था। इसके बाद यह मामला तूल पकड़ा। दर्ज प्राथमिकी में 18 नवंबर का मामला बताया गया है। आरोपित किरानी छात्रा की मां से शारीरिक संबंध बनाने की मांग बार बार करते हुए वायरल वीडियो में देखा गया। बताया जाता है कि भुक्तभोगी ने आरोपित को कमरे में बंद कर दिया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद किरानी से मोटी रकम भी वसूली गई है। उसके साथ मारपीट भी की गई है।

chat bot
आपका साथी