देवघर एम्स पूरे संताल के लिए नायाब तोहफा

जासं गोड्डा देवघर में एम्स का उद्घाटन पूरे संताल परगना वासियों के लिए केंद्र सरकार

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Aug 2021 05:29 PM (IST) Updated:Tue, 24 Aug 2021 05:29 PM (IST)
देवघर एम्स पूरे संताल के लिए नायाब तोहफा
देवघर एम्स पूरे संताल के लिए नायाब तोहफा

जासं, गोड्डा : देवघर में एम्स का उद्घाटन पूरे संताल परगना वासियों के लिए केंद्र सरकार का नायाब तोहफा है। इस ऐतिहासिक दिन के लिए यहां के लोग वर्षों से टकटकी लगाए बैठे थे। उक्त बातें भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव मेहता ने देवघर एम्स के लिए सांसद डा. निशिकांत दुबे सहित केंद्र सरकार को बधाई दी है। कहा कि देश की आजादी के लिए बलिदान होने वाले अमर शहीद राजगुरु की जयंती पर एम्स का उद्घाटन गौरवमयी बात है। शहीद की जयंती पर एम्स के उद्घाटन के लिए झारखंड प्रदेश की सवा तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया एवं गोड्डा सांसद डा. निशिकांत दुबे का आभार है। अब हर नागरिक को यहां सही उपचार की सुविधा मिलेगी। पूरे संताल परगना में चिकित्सा व्यवस्था में नई उर्जा का संचार हुआ है।

वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने कहा कि देवघर एम्स का उद्घाटन स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा कदम है। पीड़ित मरीजों का सपना साकार होगा। एम्स देवघर में 750 बेड का अस्पताल, 150 सीट वाला मेडिकल छात्रों के लिए कालेज, आयुर्वेदिक इलाज हेतु 100 बेड का आयुष अस्पताल, 100 सीट वाला छात्राओं के लिए नर्सिंग कालेज के साथ-साथ एम्स परिसर में ही सस्ती दर पर दवा का केंद्र अमृत फार्मेसी की सुविधा रहेगी।

भाजपा नेता मुरारी चौबे ने कहा कि एम्स से इस क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही दूर दराज के क्षेत्र से इलाज करने आए लोगों को रात्रि विश्राम गृह में ठहरने की सुविधा मिलेगी।

वहीं गोड्डा के जाने वाले समाज सेवी सह दिशा कमेटी के सदस्य संतोष कुमार सिंह ने कहा कि देवघर एम्स से संताल परगना क्षेत्र के गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, देवघर एवं अंग प्रदेश के भागलपुर, बांका, मुंगेर, कटिहार पूर्णिया के साथ-साथ सभी झारखंड वासी एवं सीमावर्ती बंगाल के जिलों के नागरिकों को भी लाभ मिलेगा।

chat bot
आपका साथी